भोजपुरी अभिनेता और गायक पवन सिंह तथा उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद व गुजारा भत्ता (भरण-पोषण) के मामले में सोमवार को बलिया स्थित फैमिली कोर्ट में सुनवाई हुई। हालांकि, अपनी मां की अचानक तबीयत खराब होने के कारण पवन सिंह अदालत में हाजिर नहीं हो सके, जिसके बाद कोर्ट ने उन पर 1,000 रुपये का जुर्माना ठोका। इसके अलावा, साक्ष्य के मामले में ढिलाई बरतने पर अदालत ने ज्योति सिंह पर भी 500 रुपये का हर्जाना लगाया है।

पवन सिंह के अधिवक्ता हरिवंश सिंह ने बताया कि अपर प्रधान न्यायाधीश कमला पति प्रजापति की अदालत में ज्योति सिंह द्वारा अंतरिम गुजारा भत्ता के लिए दाखिल वाद पर सोमवार को सुनवाई तय थी। उन्होंने अदालत को अवगत कराया कि पवन सिंह की मां प्रतिमा देवी को अचानक हार्ट अटैक (हृदयघात) आ गया था, जिसके चलते उन्हें 2 अक्टूबर को लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोमवार को उनकी मां का ऑपरेशन होना निर्धारित था, जिसके कारण पवन सिंह का अदालत में उपस्थित होना संभव नहीं हो सका। अभिनेता के वकील ने सुनवाई स्थगित करने के लिए अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल किया था।

कोर्ट ने पवन सिंह की गैरमौजूदगी पर सुनवाई टालते हुए उन पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया। साथ ही, ज्योति सिंह की ओर से भी प्रार्थना पत्र दिया गया था, जिस पर साक्ष्य प्रस्तुत करने के संदर्भ में अदालत ने उन पर भी 500 रुपये का हर्जाना लगाया। अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 17 अक्टूबर की तारीख तय की है। यह पहली बार नहीं है जब पवन सिंह कोर्ट में गैरहाजिर रहे हों, इससे पूर्व 9 सितंबर की सुनवाई में भी अनुपस्थित रहने के कारण उन पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया था।

सोमवार को सुनवाई के दौरान ज्योति सिंह अपने वकील के साथ अदालत में उपस्थित रहीं। ज्योति सिंह ने कहा कि पवन सिंह को बार-बार कोर्ट बुलाया जाता है लेकिन वे पेश नहीं होते। उन्होंने बताया कि वह हर तारीख पर बाहर से बलिया आती हैं, जबकि पवन सिंह लंबे समय से किसी तारीख पर हाजिर नहीं हुए हैं। ज्योति सिंह ने कहा कि अब उन्हें केवल अदालत से ही न्याय की उम्मीद है।

मामले की पृष्ठभूमि की बात करें तो पवन सिंह ने बलिया शहर के मिड्ढी निवासी रामबाबू सिंह की बेटी ज्योति सिंह से 6 मार्च 2018 को विवाह किया था। ज्योति सिंह ने 22 अप्रैल 2022 को फैमिली कोर्ट में भरण-पोषण के लिए अर्जी दाखिल की थी, जिसके बाद कोर्ट के नोटिस पर पवन सिंह 5 नवंबर 2022 को पहली बार अदालत में उपस्थित हुए थे। पूर्व में 11 फरवरी को हुई सुनवाई के दौरान ज्योति सिंह ने भावुक होते हुए कोर्ट में कहा था कि वह अपने पति के साथ रहना चाहती हैं। उन्होंने बताया था कि शादी के 7 सालों में उन्हें सिर्फ मानसिक पीड़ा मिली है और पति का साथ या सहयोग नहीं मिला। दूसरी तरफ, पवन सिंह ने अदालत के समक्ष स्पष्ट रूप से कहा है कि वह ज्योति सिंह के साथ नहीं रहना चाहते और उन्हें कानूनी रूप से तलाक चाहिए।

उल्लेखनीय है कि पवन सिंह की पहली शादी नीलम सिंह से हुई थी, लेकिन शादी के कुछ ही महीनों बाद उन्होंने आत्महत्या कर ली थी। पवन सिंह ने हाल ही में एक शो के दौरान और उनकी पुण्यतिथि पर अपनी पहली पत्नी नीलम सिंह को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की थी।

Lalita Rajput

Lalita Rajput

इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।

Next Story