बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी इस साल दीपावली का त्योहार किसी भव्य आयोजन या दिखावे के बजाय परिवार के साथ सादगी से मनाने की तैयारी में हैं। स्टारडम और चमक-दमक से दूर रहने वाले अभिनेता के लिए दीपावली की असली खुशी घर में मिट्टी के दीये जलाने, अपने हाथों से बने भोजन और लक्ष्मी पूजा में है। उन्होंने बताया कि उनके परिवार में हर साल इसी पारंपरिक अंदाज में दीपावली मनाई जाती है।

पंकज त्रिपाठी ने आईएएनएस के साथ बातचीत में अपने दीपावली समारोह की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि उनके घर में त्योहार के दौरान 10 मिट्टी के दीये जलाए जाते हैं। घर पर खाना बनाया जाता है और दीया-बाती जलाने के साथ मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है। अभिनेता ने कहा, "दीपावली हम इस साल सादगी भरे अंदाज में ही मनाएंगे। हम हर साल ऐसी सादगी से बीवी-बच्चों के साथ मनाते आए हैं। घर में 10 मिट्टी के दीये जलते हैं, घर का खाना बनता है, दीया-बाती भी जलती है और लक्ष्मी जी की पूजा होती है। लक्ष्मी जी हमारे जीवन में और सबके जीवन में बनी रहें और सब सुखी-संपन्न रहें।"

वहीं, अभिनेत्री अदिति राव हैदरी ने भी इस साल की दीपावली की तैयारियों को लेकर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि इस बार वह अपने पति और अभिनेता सिद्धार्थ के साथ त्योहार मनाएंगी और इसका उन्हें बेसब्री से इंतजार है।

अदिति ने बताया कि पिछले साल दीपावली के दौरान सिद्धार्थ अमेरिका में शूटिंग कर रहे थे, जिसके चलते दोनों साथ में त्योहार नहीं मना पाए थे। इस बार सिद्धार्थ भारत में ही हैं। अभिनेत्री ने कहा, "पिछले साल सिद्धार्थ दीपावली के समय अमेरिका में शूट कर रहे थे, लेकिन इस साल वो यहीं हैं। तो मैं बहुत खुश हूं। हम साथ रहेंगे और उम्मीद है कि प्रमोशन के बाद घर भी जा पाएंगे।"

पंकज त्रिपाठी और अदिति राव हैदरी जल्द ही फिल्म 'पारिवारिक मनोरंजन' में एक साथ नजर आएंगे। यह रोमांस, हास्य और ड्रामा से भरपूर पारिवारिक मनोरंजक फिल्म है। इसकी कहानी लखनऊ में रहने वाले अधेड़ उम्र के कुंवारे और योग्य वर रंजन दुबे के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार पंकज त्रिपाठी निभा रहे हैं। रंजन एक बड़ी पुश्तैनी हवेली में अकेले रहते हैं और घर के कामकाज की देखरेख के लिए एक विज्ञापन निकालते हैं। इसके जवाब में दिल्ली से अदिति राव हैदरी द्वारा निभाया गया किरदार घरेलू सहायक के रूप में उनके घर पहुंचता है। इसके बाद रंजन की शांत जिंदगी में रोमांस, हंसी-मजाक और रहस्य की स्थिति पैदा होती है।

फिल्म का निर्देशन वरुण वी शर्मा ने किया है। इसकी कहानी और पटकथा बृजेंद्र काला, अली अब्बास जफर और वरुण वी शर्मा ने लिखी है, जबकि संवाद बृजेंद्र काला ने तैयार किए हैं। फिल्म के निर्माता विनोद भानुशाली, कमलेश भानुशाली, हिमांशु किशन मेहता और एलिसिया जफर हैं। वहीं, अली अब्बास जफर क्रिएटिव प्रोड्यूसर हैं।

'पारिवारिक मनोरंजन' अदिति राव हैदरी और पंकज त्रिपाठी की साथ में पहली फिल्म है। यह फिल्म 13 नवंबर को सोनी लिव पर रिलीज होगी।

Next Story