गोवा में आयोजित 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) में लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन का गाला प्रीमियर आयोजित किया गया। इस दौरान सीरीज के पहले एपिसोड की स्क्रीनिंग हुई, जिसे देखने के लिए ऑडिटोरियम में बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। स्क्रीनिंग के दौरान दर्शकों ने तालियां बजाकर अपनी प्रतिक्रिया दी। इसके बाद सीरीज के निर्माताओं, कलाकारों और प्राइम वीडियो व द वायरल फीवर (TVF) के प्रतिनिधियों ने दर्शकों से बातचीत की।

एक्सक्लूसिव ओरिजिनल सीरीज के लिए पहचाने जाने वाले प्राइम वीडियो ने IFFI के गाला प्रीमियर में ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन की पहली झलक पेश की। यह सीरीज भारत की सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली और देखी जाने वाली ओरिजिनल सीरीज में शामिल है। कार्यक्रम में प्राइम वीडियो इंडिया के एसवीओडी कंटेंट एक्विजिशन के डायरेक्टर एवं हेड मनीष मेंघानी, द वायरल फीवर (TVF) के प्रेसिडेंट विजय कोशी, सीरीज के को-क्रिएटर, को-प्रोड्यूसर और डायरेक्टर दीपक कुमार मिश्रा, को-क्रिएटर एवं राइटर चंदन कुमार, प्रोड्यूसर अरुणाभ कुमार तथा कलाकार नीना गुप्ता और फैसल मलिक शामिल हुए।

इस अवसर पर भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत नेशनल फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NFDC) के जनरल मैनेजर (प्रोडक्शन एंड डिस्ट्रीब्यूशन) तरुण तलरेजा और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के एडिशनल सेक्रेटरी श्री प्रभात ने ‘पंचायत’ की पूरी कास्ट और क्रू को सम्मानित किया। यह सम्मान सीरीज की उपलब्धियों और अब तक के सफर के लिए दिया गया।

स्क्रीनिंग के बाद सीरीज की टीम ने दर्शकों के साथ बातचीत की। इस दौरान ‘पंचायत’ के पांच सीजन के सफर, इसके किरदारों की लोकप्रियता और फुलेरा गांव में आने वाले बदलावों पर चर्चा हुई। यह बातचीत 3 दिसंबर को होने वाले ‘पंचायत सीजन 5’ के ग्लोबल प्रीमियर से पहले आयोजित की गई।

प्राइम वीडियो इंडिया के एसवीओडी कंटेंट एक्विजिशन के डायरेक्टर एवं हेड मनीष मेंघानी ने कहा, “'पंचायत' इस बात का शानदार उदाहरण है कि अपनी जड़ों से जुड़ी कहानियां कैसे भौगोलिक सीमाओं और संस्कृतियों से आगे बढ़कर हर किसी के दिल तक पहुंच सकती हैं। एक छोटे से गांव की जिंदगी को करीब से दिखाने वाली कहानी के रूप में शुरू हुई यह सीरीज पांच सीजन के सफर में भारत के स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म की सबसे पसंदीदा और लंबे समय तक याद रखी जाने वाली फ्रेंचाइजी में से एक बन गई है। फुलेरा और वहां रहने वाले लोग हमारी सामूहिक सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा बन चुके हैं। दर्शकों का इस दुनिया और इसके किरदारों के साथ गहरा और लंबे समय तक रहने वाला भावनात्मक जुड़ाव बन गया है। इस शो की सादगी, कहानी में सच्चाई और मानवीय रिश्तों की गहरी समझ ही इसकी लोकप्रियता की सबसे बड़ी वजह है। 'पंचायत' को IFFI में लाना हमारे लिए खास है, क्योंकि यह सिर्फ एक शानदार सीरीज के सफर का जश्न नहीं है, बल्कि यह भी दिखाता है कि देश में बनी कहानियां कैसे दूर-दूर तक पहुंचकर पूरे देश के दर्शकों से जुड़ सकती हैं। हमें इस सफर पर बेहद गर्व है। इस क्रिएटिव सोच के लिए हम TVF के आभारी हैं और इतने सालों तक 'पंचायत' को इतना प्यार देने के लिए अपने दर्शकों का भी शुक्रिया अदा करते हैं।”

दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार द्वारा बनाई गई ‘पंचायत’ का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है, जबकि इसकी कहानी चंदन कुमार ने लिखी है। द वायरल फीवर (TVF) के प्रोडक्शन में बनी इस सीरीज में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैसल मलिक, चंदन रॉय, सांविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक प्रमुख भूमिकाओं में हैं।

पांचवें सीजन में फुलेरा एक बार फिर नई सत्ता की लड़ाई, बदलते रिश्तों और नई चुनौतियों के साथ लौटने वाला है। सीरीज के निर्माताओं ने इसके प्रीमियर की तारीख 3 दिसंबर तय की है। ‘पंचायत सीजन 5’ प्राइम वीडियो पर भारत सहित दुनियाभर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में एक्सक्लूसिव तौर पर स्ट्रीम की जाएगी। IFFI में पहले एपिसोड की स्क्रीनिंग के साथ सीरीज के नए सीजन को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रिया सामने आई है।

Next Story