टीवीएफ की चर्चित वेब सीरीज पंचायत का चौथा सीजन एक बार फिर सुर्खियों में है। देशभर के दर्शकों से जबरदस्त सराहना पाने के बाद अब पंचायत सीजन 4 ने NEXA इंडियन स्ट्रीमिंग एकेडमी अवॉर्ड्स 2026 में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए बेस्ट सीरीज और बेस्ट ओरिजिनल स्टोरी का अवॉर्ड अपने नाम कर लिया है। बेस्ट ओरिजिनल स्टोरी के लिए चंदन कुमार को सम्मानित किया गया।

इस उपलब्धि के बाद मेकर्स ने सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर करते हुए लिखा, “पंचायत सीजन 4 की पूरी टीम को NEXA इंडियन स्ट्रीमिंग एकेडमी अवॉर्ड्स 2026 में बेस्ट सीरीज जीतने की बहुत-बहुत बधाई और @chandan_jpg को बेस्ट ओरिजिनल स्टोरी (सीरीज) का अवॉर्ड जीतने पर हार्दिक शुभकामनाएं! पूरी टीम का दिल से धन्यवाद, जिन्होंने पंचायत सीजन 4 को इस मुकाम तक पहुंचाया। प्राइम वीडियो का भी शुक्रिया, जिन्होंने उन कहानियों पर भरोसा किया और उनका साथ दिया, जो लाखों लोगों के दिलों तक पहुंचीं। और सबसे आखिर में, हर उस दर्शक का धन्यवाद, जिनके प्यार ने इस सफर को मुमकिन बनाया। इस सम्मान के लिए NEXA इंडियन स्ट्रीमिंग एकेडमी अवॉर्ड्स का भी दिल से आभार।”

साल 2020 में शुरू हुई पंचायत ने गांव की जिंदगी को सादगी और वास्तविकता के साथ पर्दे पर उतारकर दर्शकों का दिल जीता। एक इंजीनियरिंग ग्रेजुएट के गांव में पंचायत सचिव बनने और वहां की परिस्थितियों से जुड़ी कहानी को लोगों ने खूब पसंद किया। समय के साथ यह सीरीज एक कल्चरल फिनॉमेनन बन गई। इसकी सादगी, हास्य, भावनात्मक कहानी और आम लोगों से जुड़ाव रखने वाले किरदारों ने इसे अलग पहचान दिलाई। कलाकारों से मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पंचायत का उल्लेख किया था।

पंचायत को इससे पहले भी कई प्रतिष्ठित मंचों पर सम्मान मिल चुका है। सीरीज ने दादासाहेब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवॉर्ड्स 2025, पहले आईफा डिजिटल अवॉर्ड्स 2025 और आइकॉनिक गोल्ड अवॉर्ड्स 2026 सहित कई पुरस्कार अपने नाम किए हैं। अवॉर्ड्स के अलावा सोशल मीडिया पर भी पंचायत की लोकप्रियता लगातार बनी रही और इसने जितेंद्र कुमार, फैसल मलिक, अशोक पाठक और दुर्गेश कुमार समेत कई कलाकारों को घर-घर में पहचान दिलाई।

पंचायत की यह सफलता टीवीएफ की कहानी कहने की शैली को भी मजबूत करती है। पिछले कई वर्षों में टीवीएफ ने लगातार ऐसी कहानियां पेश की हैं, जिनसे हर उम्र के दर्शक खुद को जोड़ पाते हैं। हाल ही में आयोजित प्राइम वीडियो प्रेजेंट्स इवेंट में भी टीवीएफ ने अपनी नई और दमदार लाइनअप पेश की। Vvan और कॉलेज फेस्ट जैसी फिल्मों के साथ पिरामिड और वंश जैसी नई सीरीज की घोषणा की गई। वहीं एस्पिरेंट्स, पंचायत, ग्राम चिकित्सालय, सपने vs एवरीवन और संदीप भैया के नए सीजन का ऐलान कर स्टूडियो ने अपनी सबसे मजबूत और अलग लाइनअप प्रस्तुत की।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story