अभिनेत्री दीया मिर्जा ने आगामी सीरीज "ऑपरेशन सफेद सागर" में कमलप्रीत कौर धनोआ का किरदार निभाने के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि इस भूमिका ने उन्हें एयर फोर्स की पत्नियों के धैर्य, भावनात्मक मजबूती और उन त्यागों को समझने का अवसर दिया, जो वे अपने पतियों के देश सेवा में रहने के दौरान चुपचाप निभाती हैं।

"संजू" अभिनेत्री ने सीरीज के ट्रेलर लॉन्च के दौरान अपने किरदार की भावनात्मक गहराई और मजबूती पर बात की। दीया ने एयर फोर्स परिवारों की महिलाओं के साहस और उनके मौन बलिदानों का जिक्र करते हुए कहा कि इन्हीं पहलुओं ने उन्हें कमलप्रीत कौर धनोआ की भूमिका को पर्दे पर उतारने के लिए प्रेरित किया।

कमलप्रीत कौर धनोआ के किरदार को लेकर दीया मिर्जा ने कहा, "कम्मल मैम की इस कहानी में भूमिका एक एंकर की थी, किसी ऐसे व्यक्ति की, जिसने महिलाओं को एक साथ संभाले रखा, उन्हें एक ताकत के रूप में जोड़ा, जबकि उनके पति मिशन पर थे और उस पूरे अनुभव का उनके और उन महिलाओं के लिए क्या मतलब था।"

उन्होंने आगे कहा, "एयर फोर्स में शादी करके आने वाली महिलाएं भी नहीं जानतीं कि उन्हें क्या उम्मीद करनी चाहिए। वे कहानियां सुन सकती हैं, लेकिन जब वास्तविकता सामने आती है तो उसके लिए खुद को पूरी तरह तैयार करना कभी संभव नहीं होता।"

दीया मिर्जा ने आगे कहा, "एक पत्नी, एक महिला और एक मां के रूप में मेरे लिए सबसे बड़ी सीख यह थी कि हर दिन जब उनके पति घर से बाहर निकलते हैं, तो वे अपने चेहरे पर मुस्कान के साथ उन्हें विदा करती हैं, भले ही पिछली रात उनके बीच सबसे बड़ा झगड़ा क्यों न हुआ हो। यह एक ऐसी शक्तिशाली वास्तविकता है, जिसमें जड़ें जमाना पड़ता है और यह बहुत डरावनी भी है। जैसा कि अमृता ने बहुत खूबसूरती से समझाया कि हमारे लिए इसे पूरी तरह जान पाना असंभव है, लेकिन हम कोशिश कर सकते हैं और मुझे लगता है कि हमने यही किया।"

"ऑपरेशन सफेद सागर" भारतीय वायु सेना के 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान किए गए ऐतिहासिक मिशन की कहानी पेश करेगी, जिसमें साहस, सटीक रणनीति और बलिदानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। नेटफ्लिक्स की यह आगामी सीरीज गोल्डन एरोज स्क्वाड्रन की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसकी आसमान में दिखाई गई बहादुरी भारत की जीत में अहम रही थी।

सीरीज में उन परिवारों की अनकही कहानियों को भी दिखाया जाएगा, जिन्होंने वर्दी पहने अपने परिवार के सदस्यों के पीछे मजबूती से खड़े रहकर उनका साथ दिया। दीया मिर्जा इसमें कमलप्रीत कौर धनोआ का किरदार निभा रही हैं, जिनकी शांत ताकत और अटूट धैर्य ने एयर फोर्स अधिकारियों के परिवारों के लिए एक सहारे की भूमिका निभाई।

ओनी सेन के निर्देशन में बनी "ऑपरेशन सफेद सागर" में जिमी शेरगिल, आदिल हुसैन, मिहिर आहूजा, अभय वर्मा, तारुक रैना और प्राजक्ता कोली भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह सीरीज 7 अगस्त को नेटफ्लिक्स पर प्रीमियर होगी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story