एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेजन MGM स्टूडियोज की ‘मिर्जापुर: द मूवी’ अनाउंसमेंट के बाद से ही दर्शकों के बीच लगातार चर्चा में है। भारतीय सिनेमा की चर्चित फिल्मों में शामिल हो चुकी यह फिल्म पहली बार ‘मिर्जापुर’ की आइकॉनिक दुनिया को बड़े पर्दे पर लेकर आ रही है। भारत की सबसे बड़ी OTT फ्रेंचाइजी के थिएट्रिकल ट्रांजिशन ने प्रशंसकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। फिल्म के टीजर और ट्रेलर के बाद यह एक्साइटमेंट और तेज हुई है।

फ्रेंचाइजी को बड़े पर्दे पर लाने का फैसला प्रोड्यूसर रितेश सिधवानी के लिए आसान नहीं था। उनकी कोशिश थी कि थिएट्रिकल अडैप्टेशन में ‘मिर्जापुर’ की असली फील और एसेंस बरकरार रहे, लेकिन साथ ही इसे पूरे देश के दर्शकों के लिए बड़े पर्दे का अलग और शानदार एक्सपीरियंस भी बनाया जाए।

एक इंटरव्यू के दौरान रितेश सिधवानी से पूछा गया कि ‘मिर्जापुर’ के तीन सीजन्स को तीन घंटे में समेटने वाली ‘मिर्जापुर: द मूवी’ थिएटर में ऐसा क्या कर सकती है, जो एक सीरीज के तौर पर नहीं कर सकती थी। इस पर उन्होंने बताया कि सीरीज के लिए बनाई गई एक IP को फीचर फिल्म में बदला जा रहा है। उन्होंने कहा, “हम एक ऐसी IP को, जो सीरीज के तौर पर बनाई गई थी, उसे फीचर फिल्म में बदल रहे हैं। हमने कई बार इसका उल्टा होते देखा है, जहां फिल्मों को सीरीज में बदला जाता है। तो एक तरह से हम फिर से फॉर्मेट को तोड़ रहे हैं और कुछ अलग करने की कोशिश कर रहे हैं।”

रितेश सिधवानी ने कहा कि ‘मिर्जापुर’ की बहुत लॉयल फैन फॉलोइंग है और फिल्म के जरिए इन प्रशंसकों को थिएटर में एक नया एक्सपीरियंस दिया जाएगा। उनके मुताबिक, दर्शकों से कहा जा रहा है, “आप इन किरदारों को पहले से पसंद करते हैं। अब आइए और इन्हें एक बिल्कुल अलग तरीके से एक्सपीरियंस कीजिए।”

उन्होंने आगे बताया कि फिल्म का विचार सीजन 1 के एक अनटोल्ड चैप्टर को बड़े पर्दे पर लाने का था। यह कहानी दो या तीन एपिसोड के बीच की है। इसके साथ ही मुन्ना भैया और कुछ ऐसे पसंदीदा किरदारों को वापस लाने की योजना थी, जो सीजन 3 तक कहानी में नहीं रहे थे।

रितेश सिधवानी के अनुसार, पहली चुनौती ऐसी कहानी तैयार करना थी, जिससे बाद के सीजन्स की कहानी पर कोई असर न पड़े। दूसरी चुनौती यह थी कि फिल्म सीरीज के तीन एपिसोड को जोड़कर बनाई गई फिल्म जैसी न लगे। इसके बजाय इसे एक पूरी फिल्म के रूप में काम करना था, जिसकी अपनी शुरुआत, बीच और अंत हो।

उन्होंने बताया कि फिल्म में अपना मिडपॉइंट, इमोशनल जर्नी और पेऑफ होना जरूरी था, ताकि दर्शक इसे एक पूरी कहानी की तरह एंजॉय कर सकें। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि आगे आने वाले सीजन 4 की कहानी पर इसका कोई असर न पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी दर्शक ने सीरीज का कोई भी सीजन नहीं देखा है, तो वह भी ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को एंजॉय कर सकेगा।

अमेजन MGM स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। इसे पुनीत कृष्णा ने लिखा है। एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने फिल्म को प्रोड्यूस किया है। कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी फिल्म के को-प्रोड्यूसर हैं।

‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का थिएट्रिकल फॉर्मेट और सीजन 1 के अनटोल्ड चैप्टर पर आधारित कहानी इसे ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी के प्रशंसकों के लिए एक अलग सिनेमाई अनुभव के रूप में पेश करेगी।

Next Story