एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज़ की फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ रिलीज़ से पहले ही भारतीय सिनेमा की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल हो गई है। फिल्म की घोषणा के बाद से दर्शकों में इसे लेकर जबरदस्त उत्साह है। भारत की सबसे बड़ी ओटीटी फ्रेंचाइज़ी में से एक ‘मिर्जापुर’ पहली बार बड़े पर्दे पर दिखाई देने वाली है। फिल्म के धमाकेदार टीज़र और ट्रेलर ने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

फिल्म की रिलीज़ की तैयारियों के बीच एक्सेल एंटरटेनमेंट के सह-संस्थापक रितेश सिधवानी भारतीय मनोरंजन जगत में अपने 25 शानदार साल पूरे कर रहे हैं। भारतीय सिनेमा में उनका योगदान खास रहा है। देश के प्रमुख प्रोडक्शन हाउस में से एक का नेतृत्व करते हुए उन्होंने अपनी सोच और दृष्टिकोण पर भरोसा रखा और ऐसी कहानियां बनाई हैं, जो लंबे समय तक दर्शकों के दिलों में जगह बनाए रखती हैं।

हाल ही में एक साक्षात्कार में रितेश सिधवानी से पिछले 25 वर्षों में एक्सेल एंटरटेनमेंट के सफर और किसी कहानी को जरूरी समझकर उस पर आगे बढ़ने के तरीके को लेकर सवाल किया गया।

रितेश सिधवानी ने कहा, “‘दिल चाहता है’ ने इंडस्ट्री में ब्रोमांस और दोस्ती पर आधारित फिल्मों की शुरुआत की। इसके बाद हमने ‘लक्ष्य’, ‘डॉन’ और ‘हनीमून ट्रैवल्स’ जैसी फिल्में बनाईं। इनमें से हर फिल्म एक-दूसरे से बिल्कुल अलग थी। समय के साथ हमें एहसास हुआ कि एक प्रोडक्शन कंपनी को अलग-अलग तरह की आवाज़ों और कहानियों को जगह देनी चाहिए। उसे खुद को किसी एक खास जॉनर तक सीमित नहीं रखना चाहिए, जैसा कि कई प्रोडक्शन हाउस करते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “आज तक हम किसी फिल्म पर तभी आगे बढ़ते हैं, जब हमें उसकी कहानी पर 100 प्रतिशत भरोसा होता है। हालांकि, ऐसे मौके भी आए हैं जब हमें किसी प्रोजेक्ट पर पूरा विश्वास था, लेकिन वह फिल्म दर्शकों के बीच काम नहीं कर पाई। ऐसे मामलों में भी हम हमेशा अपने फैसलों के साथ खड़े रहे हैं। हमने कभी फिल्ममेकर के पास जाकर यह नहीं कहा कि ‘मैंने तुमसे कहा था कि यह काम नहीं करेगा।’”

रितेश सिधवानी ने कहा, “हम खुशकिस्मत हैं कि इतनी शानदार कहानियां लगातार एक्सेल एंटरटेनमेंट को चुन रही हैं और यह सफर आज भी जारी है।”

अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज़ और एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। फिल्म की कहानी और लेखन पुनीत कृष्णा ने किया है। फिल्म का निर्माण एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने किया है। कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी फिल्म के सह-निर्माता हैं।

‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। फिल्म की रिलीज़ एक्सेल एंटरटेनमेंट की 25 साल की यात्रा के बीच एक महत्वपूर्ण सिनेमाई पड़ाव के रूप में सामने आ रही है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story