बॉलीवुड अभिनेता मनोज बाजपेयी अपने एक बयान को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। उन्होंने हाल ही में एक बातचीत के दौरान हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में बनने वाली उन फिल्मों पर सवाल उठाए, जिन पर देश में नफरत फैलाने के आरोप लगते हैं। इस दौरान रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर', 'द कश्मीर फाइल्स' और 'द केरल स्टोरी' का भी जिक्र हुआ। इसके बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। कुछ यूजर्स ने दावा किया कि मनोज बाजपेयी ने 'धुरंधर' को प्रोपेगेंडा फिल्म बताया है।

दरअसल, आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' रिलीज के लगभग एक साल बाद भी लगातार चर्चा में है। फिल्म को लेकर लंबे समय से बहस चल रही है कि यह प्रोपेगेंडा पर आधारित है या नहीं। जहां कुछ लोग फिल्म की आलोचना करते हैं, वहीं कई लोग इसके समर्थन में भी सामने आए हैं। इसी बीच मनोज बाजपेयी ने 4 PM तहजीब से बातचीत के दौरान बॉलीवुड में बनने वाली फिल्मों और उनके कथित प्रभाव पर अपनी राय रखी।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में मनोज बाजपेयी प्रोपेगेंडा फिल्मों के विषय पर बात करते दिखाई दे रहे हैं। बातचीत के दौरान इंटरव्यू लेने वाले ने 'धुरंधर', 'द कश्मीर फाइल्स' और 'द केरल स्टोरी' जैसी फिल्मों का नाम लिया। इस पर मनोज बाजपेयी ने कहा, "जिन फिल्मों को लेकर आपको आपत्ति है, उन्हें आप उंगलियों पर नहीं गिन पाएंगे।"

इसके बाद उन्होंने हिंदी सिनेमा में लंबे समय से चले आ रहे फिल्मी फॉर्मूले पर भी अपनी बात रखी। मनोज ने कहा कि बॉलीवुड में वर्षों से लड़का-लड़की की प्रेम कहानी और अच्छाई की बुराई पर जीत दिखाने वाली फिल्में बनती रही हैं। दर्शक भी लंबे समय से इस तरह की कहानियां देखते आए हैं। उनके मुताबिक, कभी-कभी इसी तरह की फिल्में भी सामने आती हैं और धीरे-धीरे ये हमारी परंपरा का हिस्सा बनती जा रही हैं।

मनोज बाजपेयी के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने नाराजगी जताई। एक यूजर ने टिप्पणी करते हुए कहा कि फिल्मों की संख्या कम होने का मतलब यह नहीं है कि उनका प्रभाव भी कम होगा। उसने परमाणु बमों का उदाहरण देते हुए कहा कि संख्या में कम होने के बावजूद उनका विनाशकारी असर पीढ़ियों तक बना रहता है।

एक अन्य यूजर ने मनोज बाजपेयी के बयान की आलोचना करते हुए इसे उनकी पत्नी शबाना रजा को प्रभावित करने से जोड़ दिया। यूजर ने आरोप लगाया कि वह ऐसी फिल्मों को नफरत फैलाने वाली बता रहे हैं। वहीं, एक अन्य यूजर ने बॉलीवुड में विचारधारा को लेकर टिप्पणी की। उसका कहना था कि फिल्म इंडस्ट्री में टिके रहने के लिए कुछ खास विचारों के समर्थन में या कुछ राजनीतिक विचारों के विरोध में बोलने का दबाव रहता है।

हालांकि, सोशल मीडिया पर सभी प्रतिक्रियाएं मनोज बाजपेयी के खिलाफ नहीं रहीं। कुछ यूजर्स ने उनका समर्थन भी किया। एक यूजर ने कहा कि बिना किसी डर के अपनी बात रखने के लिए मनोज की तारीफ होनी चाहिए और ऐसा करना हिम्मत का काम है।

बता दें कि फिल्म 'धुरंधर' में रणवीर सिंह ने हमजा नाम के भारतीय स्पाई एजेंट की भूमिका निभाई है। फिल्म की कहानी में वह पाकिस्तान में घुसकर आतंकवाद खत्म करने का काम करते हैं। फिल्म को लेकर प्रोपेगेंडा होने या नहीं होने की बहस लगातार जारी है।

इसी बातचीत के दौरान मनोज बाजपेयी ने बॉलीवुड के कलाकारों की चुप्पी पर भी अपनी राय रखी। देश के विभिन्न मुद्दों पर फिल्मी सितारों के चुप रहने को लेकर अक्सर सवाल उठाए जाते हैं। इस पर मनोज ने कहा कि लोग केवल कुछ चुनिंदा नामों के पीछे पड़े रहते हैं, जो मुद्दों पर अपनी बात नहीं रखते। जबकि कुछ कलाकार पहले ही अपना पक्ष रख चुके हैं, लेकिन उनकी बातों को मान्यता नहीं मिलती।

इस संदर्भ में उन्होंने अभिनेत्री ऋचा चड्ढा का नाम लिया। मनोज के मुताबिक, ऋचा चड्ढा लगातार देश के मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखती हैं। बातचीत के दौरान जब होस्ट ने अमिताभ बच्चन का जिक्र किया तो मनोज ने सवाल उठाया कि लोग केवल उन्हीं के पीछे क्यों पड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि जो कलाकार अपनी बेबाकी दिखाते हुए कुछ कह रहे हैं, उनकी आवाज भी सुनी जानी चाहिए।

मनोज बाजपेयी ने कलाकारों की चुप्पी के पीछे व्यक्तिगत और पारिवारिक हितों को भी एक वजह बताया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति कुछ बोलने से पहले अपने और अपने परिवार के फायदे या नुकसान के बारे में सोचता है। उनका कहना था कि सभी कलाकारों ने अपना-अपना पक्ष रखा हुआ है। इस बातचीत में मनोज बॉलीवुड के समर्थन में खुलकर अपनी बात रखते नजर आए। उनके बयानों के बाद 'धुरंधर' और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में विचारधारा, फिल्मों के प्रभाव तथा कलाकारों की अभिव्यक्ति को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story