भक्ति और एनीमेशन का मेल- महाप्रभु जगन्नाथ' के जरिए बच्चों तक पहुंचेगी दिव्य संस्कृति, ट्रेलर ने कटक में रचा इतिहास।
कटक में 10,000 श्रद्धालुओं के सामने लॉन्च हुआ फिल्म का ट्रेलर, 10 जुलाई को होगी रिलीज।

कटक में फिल्म 'महाप्रभु जगन्नाथ' के ट्रेलर लॉन्च के दौरान भगवान जगन्नाथ के एनिमेटेड स्वरूप को दिखाया गया।
एनिमेटेड फिल्म 'महाप्रभु जगन्नाथ' का ट्रेलर ओडिशा के कटक में एक भव्य समारोह के दौरान लॉन्च किया गया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में 10,000 से अधिक श्रद्धालु उपस्थित थे, जहां आध्यात्मिक गुरु इंद्रेश उपाध्याय महाराज ने ट्रेलर का अनावरण किया। यह ट्रेलर लॉन्च इंद्रेश उपाध्याय महाराज की श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन के दौरान संपन्न हुआ, जिससे वहां का पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। ट्रेलर की स्क्रीनिंग होते ही उपस्थित जनसमूह 'जय जगन्नाथ' के नारों से गूंज उठा। फिल्म की टीम ने इस प्रोजेक्ट के माध्यम से भगवान जगन्नाथ की संस्कृति और परंपराओं को आधुनिक तकनीक के जरिए नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प लिया है।
फिल्म के संदर्भ में इंद्रेश उपाध्याय महाराज ने कहा कि आज के दौर में बच्चों को अपनी जड़ों, देवी-देवताओं और संस्कारों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने इस एनिमेटेड फिल्म को एक महत्वपूर्ण प्रयास बताते हुए कहा कि यह न केवल एक फिल्म है, बल्कि एक माध्यम है जो परिवारों को आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करेगी। 'महाप्रभु जगन्नाथ' को भारत की पहली पैन-इंडिया एनिमेटेड फिल्म के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है, जो भगवान जगन्नाथ के जीवन और उनकी महिमा को आधुनिक एनीमेशन तकनीक के साथ बड़े पर्दे पर दिखाएगी। इसे बच्चों के लिए विशेष रूप से रोचक और समझने में आसान बनाया गया है।
फिल्म का निर्देशन श्रीपद वरखेडकर द्वारा किया गया है, जबकि कहानी और संवादों को पल्लवी शर्मा ने कलमबद्ध किया है। फिल्म का संगीत अविरल कुमार ने तैयार किया है। यह फिल्म 10 जुलाई 2026 को हिंदी, ओडिया और तेलुगु भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। 'महाप्रभु जगन्नाथ' का यह भव्य ट्रेलर लॉन्च न केवल फिल्म के प्रति उत्साह बढ़ाता है, बल्कि भारतीय पौराणिक कथाओं को आधुनिक सिनेमाई कला के माध्यम से युवा पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में एक बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है।

Lalita Rajput
इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।
