मुंबई। टीवी दर्शकों को जल्द ही जादू, रोमांस और हास्य से भरपूर एक नई पारिवारिक कहानी देखने को मिलेगी। सोनी सब अपना नया फैमिली एंटरटेनर शो ‘लो चुड़ैल चली ससुराल’ लेकर आ रहा है। हिबा नवाब, अधिक मेहता और राखी विजान अभिनीत इस शो का प्रीमियर 18 नवंबर को रात 8 बजे होगा। ऑप्टिमिस्टिक्स एंटरटेनमेंट इंडिया लिमिटेड द्वारा निर्मित यह शो फैंटेसी और कॉमेडी के अनूठे मेल के साथ पारिवारिक रिश्तों में जादुई मोड़ लेकर आएगा।

शो की कहानी उर्वशी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार हिबा नवाब निभा रही हैं। उर्वशी एक प्यारी और नेकदिल चुड़ैल है, जिसे आरव पटेल से बेइंतहा प्यार हो जाता है। आरव की भूमिका अधिक मेहता निभा रहे हैं। आरव एक सेल्फ-मेड बिजनेसमैन और सच्चा रोमांटिक है, जो जिंदगी को सरल तरीके से जीने में विश्वास रखता है। उसके लिए ईमानदारी, भरोसा और सार्थक रिश्ते सबसे अधिक मायने रखते हैं।

आरव के प्यार में उर्वशी अपनी जादुई दुनिया छोड़कर इंसानों के बीच उसके साथ जिंदगी बिताने का फैसला करती है। हालांकि, इंसानी परिवार का हिस्सा बनना उसके लिए आसान नहीं होता। पत्नी की असली जादुई पहचान सामने आने पर आरव की जिंदगी में भी ऐसा सरप्राइज आता है, जिसकी उसने कल्पना नहीं की थी। रोजमर्रा की समस्याओं को सुलझाने के लिए उर्वशी जब अपने जादू का सहारा लेती है, तो उनकी शादीशुदा जिंदगी में एक के बाद एक हास्यास्पद परिस्थितियां पैदा होती हैं।

कहानी में मनोरंजन और शरारतों का तड़का राखी विजान के किरदार कामिनी से लगेगा। वह उर्वशी की मां और रहस्यमयी जादुई दुनिया की सबसे शक्तिशाली चुड़ैलों में से एक हैं। उनकी मौजूदगी कहानी में जादू और शरारतों का एक अलग रंग जोड़ेगी।

शो को लेकर सोनी सब, मूवीज़, एफटीए और इन्फोटेनमेंट के चीफ कंटेंट ऑफिसर अजय भालवंकर ने कहा कि सोनी सब में ऐसी कहानियां प्रस्तुत करने पर विश्वास किया जाता है, जो दर्शकों के जीवन में खुशी, सकारात्मकता और हंसी लेकर आएं तथा परिवारों को एक साथ समय बिताने का अवसर दें। ‘लो चुड़ैल चली ससुराल’ के माध्यम से फैंटेसी और हास्य का ताजा संगम पेश किया जा रहा है, जो दर्शकों को अप्रत्याशित घटनाओं से भरी एक अनोखी दुनिया में ले जाएगा। दिलचस्प किरदारों और मनोरंजक परिस्थितियों के जरिए यह शो दर्शकों को लगातार बांधे रखने का प्रयास करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह अनोखा मनोरंजक शो दर्शकों के जीवन में हंसी, खुशी और जादू के नए रंग जोड़ेगा तथा पूरे परिवार के लिए मनोरंजन का शानदार अनुभव बनेगा।

उर्वशी की भूमिका निभा रहीं हिबा नवाब ने शो को लेकर अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि जब उन्होंने पहली बार ‘चुड़ैल चली ससुराल’ की कहानी सुनी, तो उन्हें लगा कि यह बेहद मजेदार और पूरी तरह पागलपन से भरा सफर होने वाला है। उनके मुताबिक, दर्शक आमतौर पर रोजमर्रा के पारिवारिक ड्रामे देखते हैं, लेकिन इस शो की दुनिया ऐसी है, जहां सबसे अनोखी और हैरान करने वाली घटनाएं हो सकती हैं। यही बात इसे मनोरंजक बनाती है।

हिबा ने बताया कि सेट पर कई बार अपने किरदार के साथ घटने वाली मजेदार परिस्थितियों को निभाते हुए वह खुद भी हंसने लगती हैं। इस किरदार को निभाना उनके लिए खास अनुभव है, क्योंकि इसमें उन्हें चुलबुलापन दिखाने के साथ एक कलाकार के रूप में नए प्रयोग करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि शो की सबसे खास बात परिवार के साथ बैठकर खुलकर हंसने और एक-दूसरे के साथ अच्छा समय बिताने की उस सादगीभरी खुशी को फिर से सामने लाना है।

‘लो चुड़ैल चली ससुराल’ का प्रसारण 18 नवंबर से सोमवार से शनिवार रात 8 बजे केवल सोनी सब पर होगा। जादू, रोमांस और पारिवारिक हास्य से सजी यह नई पेशकश दर्शकों को एक चुड़ैल की इंसानी परिवार में नई जिंदगी और उसके दिलचस्प अनुभवों से रूबरू कराएगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story