कुमार सानू ने छुए सा रे गा मा पा की कंटेस्टेंट के पैर, दिया यह खास तोहफा
कुमार सानू कंटेस्टेंट शिवानी की गायकी से इतने भावुक हुए कि मंच पर जाकर उनके पैर छू लिए और लग्जरी घड़ी गिफ्ट की।

कुमार सानू ने सा रे गा मा पा मंच पर कंटेस्टेंट शिवानी के पैर छूकर आशीर्वाद दिया।
ज़ी टीवी के लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शो ‘सा रे गा मा पा 2026’ का चिल्ड्रन्स डे स्पेशल एपिसोड दर्शकों के लिए कई यादगार पल लेकर आने वाला है। इस दौरान कंटेस्टेंट शिवानी की गायकी ने दिग्गज गायक और शो के जज कुमार सानू को इतना भावुक कर दिया कि वे खुद मंच पर उनके पास पहुंचे, पैर छूकर आशीर्वाद दिया और उन्हें नीले-सफेद रंग की लग्जरी घड़ी भेंट की। कुमार सानू का यह अंदाज देखकर शिवानी भी भावुक हो गईं।
इंदौर/जयपुर, नवम्बर, 2026। संगीत पीढ़ियों को जोड़ने के साथ ऐसे भावनात्मक पल भी रचता है, जो प्रस्तुति समाप्त होने के बाद भी याद रहते हैं। इसी रिश्ते को दर्शाते हुए ज़ी टीवी का ‘सा रे गा मा पा 2026’ चिल्ड्रन्स डे के अवसर पर विशेष एपिसोड प्रसारित करने जा रहा है। ‘हिंदुस्तान का संगीतस्तान’ बनने के अपने वादे के साथ आगे बढ़ रहा यह मशहूर सिंगिंग रियलिटी शो इस बार संगीत और भावनाओं से जुड़े कई खास पल पेश करेगा।
शो की शूटिंग के दौरान शिवानी ने अपने पिता शिवदास स्वामी के साथ मंच पर ‘काहे छेड़े’ गाने की प्रस्तुति दी। पिता और बेटी की इस जुगलबंदी ने सभी जजों को प्रभावित किया। जावेद अली भी दोनों की प्रस्तुति देखकर बेहद प्रभावित हुए और उनके मुंह से निकला, “ये क्या देख लिया, रोंगटे खड़े हो गए!”
इस प्रस्तुति में संगीत के प्रति लगाव के साथ पिता और बेटी के बीच का खास रिश्ता भी नजर आया। हालांकि, इसका सबसे भावुक क्षण तब सामने आया, जब शिवानी की गायकी सुनकर कुमार सानू अपनी भावनाएं नहीं रोक पाए। कम उम्र में इतने कठिन गीत को इतनी खूबसूरती से गाने की उनकी क्षमता ने कुमार सानू को हैरान कर दिया।
शूटिंग के दौरान शिवानी की तारीफ करते हुए कुमार सानू ने कहा, “सच कहूँ, तो इतनी छोटी उम्र में उन्होंने जिस तरह यह गाना गाया, मुझे लगा कि यह ओरिजिनल रिकॉर्डिंग से भी बेहतर था। इसमें कोई शक नहीं कि वो वाकई लाजवाब हैं। लेकिन, इतनी कम उम्र में एक जगह बैठकर, बिना किसी गलती के, एक ही टेक में इतना मुश्किल गाना गा देना लगभग नामुमकिन है। मुझे नहीं पता कि उन्हें किसका दिव्य आशीर्वाद मिला है, लेकिन इतना जरूर है कि उन पर उनके माता पिता का आशीर्वाद है।”
शिवानी की प्रतिभा से प्रभावित कुमार सानू खुद उनके पास पहुंचे और उनके पैर छूकर उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया। उन्होंने शिवानी को स्नेह और प्रशंसा के प्रतीक के रूप में नीले और सफेद रंग की एक लग्जरी घड़ी भी भेंट की। इस अप्रत्याशित तोहफे को देखकर शिवानी भावुक हो गईं।
चिल्ड्रन्स डे के इस विशेष एपिसोड में शिवानी के पिता शिवदास स्वामी और शंकर महादेवन के बीच भी खास म्यूजिकल जुगलबंदी देखने को मिलेगी। दोनों कलाकारों की यह संगीत भरी मुलाकात समारोह में एक और रंग जोड़ेगी। इस प्रस्तुति के जरिए अलग-अलग पीढ़ियों के कलाकारों को एक ही मंच पर सुर मिलाते हुए देखना दिलचस्प होगा।
शानदार गायकी, पिता-बेटी की भावुक जुगलबंदी, कलाकारों की विशेष संगीत प्रस्तुतियों और जजों के स्नेहपूर्ण अंदाज से सजा ‘सा रे गा मा पा 2026’ का चिल्ड्रन्स डे स्पेशल एपिसोड संगीत, हंसी और भावनाओं से भरी यादगार शाम पेश करेगा।
‘सा रे गा मा पा 2026’ का प्रसारण हर शनिवार और रविवार रात 9:30 बजे सिर्फ ज़ी टीवी और हिंदी ज़ी5 पर होगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
