अभिनेत्री कृति सेनन एक बार फिर अपनी आवाज के जरिए दर्शकों को खास सिनेमाई अनुभव देने जा रही हैं। इंटरनेशनल फिल्म 'ऑब्सेशन' के हिंदी वर्जन के लिए अपनी आवाज देने को लेकर कृति ने उत्साह जाहिर किया है। इस प्रोजेक्ट से जुड़ने के साथ ही उन्हें डबिंग स्टूडियो में अपनी 'भेड़िया' टीम यानी निर्देशक अमर कौशिक और अभिनेता वरुण धवन के साथ दोबारा मिलने का मौका भी मिला। इस मिनी रियूनियन ने फिल्म से जुड़े अपडेट को और खास बना दिया है।

कृति सेनन ने डबिंग सेशन की कुछ खास झलकियां साझा करते हुए अपने अनुभव के बारे में बताया। उन्होंने लिखा, "जब वुल्फपैक को किसी चीज का जुनून चढ़ जाए! अपने भेड़ियों यानी वरुण धवन और अमर कौशिक के साथ सेट पर वापस आकर बहुत अच्छा लगा। भले ही यह मौका सिर्फ एक दिन के लिए मिला, लेकिन यादगार रहा। आप दोनों से बहुत प्यार है!"

कृति ने आगे बताया कि फिल्म 'ऑब्सेशन' के लिए अपनी आवाज देना उनके लिए खास अनुभव रहा। उन्होंने कहा, "एक ऐसी शानदार परफॉर्मेंस के लिए अपनी आवाज देना मेरे लिए बहुत खास अनुभव रहा, जिसने मुझे हैरान कर दिया। फिल्म 'ऑब्सेशन' में इंडेना नवरेटे ने कमाल का काम किया है। डबिंग के दौरान उनकी परफॉर्मेंस देखकर एक बार फिर रोंगटे खड़े हो गए। क्या शानदार फिल्म है और सभी कलाकारों ने बेहतरीन काम किया है। इस फिल्म से छोटे से तौर पर जुड़कर भी मुझे बहुत खुशी है!"

फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाने के लिए कृति सेनन की आवाज में हिंदी वर्जन के दो प्रमोशनल सीन भी रिलीज किए जा चुके हैं। इन दोनों सींस को दर्शकों की ओर से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म की सामने आई झलकियों ने फैंस का उत्साह बढ़ा दिया है और वे कृति की आवाज में इस इंटरनेशनल फिल्म को देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

'ऑब्सेशन' के हिंदी वर्जन से कृति का जुड़ना एक क्रिएटिव कोलैबोरेशन है, जिसके जरिए दर्शक इस इंटरनेशनल फिल्म को अपनी भाषा में अनुभव कर सकेंगे। वहीं, डबिंग स्टूडियो में वरुण धवन और अमर कौशिक के साथ उनकी मुलाकात ने 'भेड़िया' की यादगार तिकड़ी को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।

अपने पोस्ट के आखिर में कृति सेनन ने दर्शकों से फिल्म देखने की अपील भी की है। उनकी आवाज में रिलीज हुए दो प्रमोशनल सींस पहले ही फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा चुके हैं।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story