क्राफ्टन इंडिया ने किया BGMI Rising Star Invitational का ऐलान
देश के सर्वश्रेष्ठ उभरते बीजीएमआई खिलाड़ियों को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर पर हुनर दिखाने और प्रोफेशनल एथलीट्स के खिलाफ कप्तानी करने का मौका।

तस्वीर में बीजीएमआई राइजिंग स्टार इंविटेशनल के आधिकारिक पोस्टर पर प्रतियोगिता में भाग ले रहे विभिन्न उभरते और अनुभवी खिलाड़ी काले रंग की जर्सी में नजर आ रहे हैं।
भारत में बीजीएमआई ईस्पोर्ट्स के भविष्य को नई दिशा देने की पहल करते हुए क्राफ्टन इंडिया ने देश के पहले पूरी तरह नेक्स्ट जनरेशन खिलाड़ियों को समर्पित बीजीएमआई राइजिंग स्टार इंविटेशनल टूर्नामेंट की घोषणा की है। 3 से 5 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय टूर्नामेंट में क्राफ्टन इंडिया ईस्पोर्ट्स राइजिंग स्टार्स प्रोग्राम के 16 उभरते खिलाड़ी अपनी-अपनी पांच सदस्यीय टीमों की कप्तानी करेंगे। कुल ₹5 लाख की पुरस्कार राशि वाले इस टूर्नामेंट का लाइव प्रसारण क्राफ्टन इंडिया ईस्पोर्ट्स के यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा।
राइजिंग स्टार इंविटेशनल भारत का पहला बीजीएमआई इनविटेशनल टूर्नामेंट है, जिसे विशेष रूप से क्राफ्टन इंडिया ईस्पोर्ट्स राइजिंग स्टार्स प्रोग्राम के खिलाड़ियों के लिए तैयार किया गया है। इस अनोखे प्रारूप का उद्देश्य देश के सबसे प्रतिभाशाली उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, प्रतिस्पर्धी माहौल में खुद को साबित करने और प्रोफेशनल ईस्पोर्ट्स करियर की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराना है।
राइजिंग स्टार इंविटेशनल, क्राफ्टन इंडिया के राइजिंग स्टार्स प्रोग्राम का प्रमुख प्रतियोगी आयोजन है। वर्ष 2026 में इस कार्यक्रम का विस्तार करते हुए इसके दूसरे बैच की भी घोषणा की गई थी। यह कार्यक्रम अब तक ग्रासरूट स्तर के ईस्पोर्ट्स टैलेंट को आगे बढ़ाने के लिए क्राफ्टन इंडिया की सबसे व्यवस्थित और बड़ी पहल है। इसका उद्देश्य भारत के उभरते बीजीएमआई खिलाड़ियों की पहचान करना, उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देना, प्रतियोगी अनुभव उपलब्ध कराना तथा राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देकर उन्हें प्रोफेशनल ईस्पोर्ट्स खिलाड़ी बनने के लिए तैयार करना है।
इस अवसर पर क्राफ्टन इंडिया के एसोसिएट डायरेक्टर (ईस्पोर्ट्स) करण पाठक ने कहा, “राइजिंग स्टार्स प्रोग्राम की शुरुआत एक सवाल के जवाब की तलाश से हुई थी कि आखिर भारत के अगले प्रोफेशनल बीजीएमआई खिलाड़ी कैसे होंगे? राइजिंग स्टार इंविटेशनल उसी सवाल का जवाब खोजने का मंच है। इस टूर्नामेंट में राइजिंग स्टार खिलाड़ियों को टीम की कप्तानी सौंपते हुए देश के बेहतरीन प्रोफेशनल्स के खिलाफ खेलने का अवसर दिया जा रहा है। इससे उन्हें वास्तविक प्रतिस्पर्धी माहौल का अनुभव मिलेगा और अपनी प्रतिभा साबित करने का मौका मिलेगा। यह पहल ग्रासरूट से लेकर ग्लोबल स्टेज तक भारतीय ईस्पोर्ट्स प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की हमारी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है।”
टूर्नामेंट में 16 राइजिंग स्टार खिलाड़ी अपनी-अपनी टीमों का नेतृत्व करेंगे। इनमें हेक्टर (हेक्टर वारियर्स), हाइड्रो (हाइड्रो हाइड्रोजन), नाइट (नाइट नाईटमेयर), लेवी (लेवि’स शूरवीर), जतिनओजी (जतिन हन्टर्स), जसलीन (जसलीन टाइटंस), क्रेटस (क्रेज़ी क्रेटस), जस्टी (जस्टी’स जेस्टर्स), वांटेड (मोस्ट वांटेड), ईविल (ईविल स्क्वाड), मेर्नोक्स (मेर्नोक्स रिपर्स), सरजलई (तच्चापा जलई), शिराज (शिराज सेना), नूबपरी (नूबपरी क्लैशर्स), सौम्यराज (सॉलिडेरिटी सौम्यराज) और सैम (सुपर सैम) शामिल हैं।
इन टीमों में भारत के दिग्गज बीजीएमआई प्रोफेशनल खिलाड़ी जोनाथन, रॉनी, बीस्ट, जेली, ओमेगा, मूर्ति, रीपर, कलयुग, काय्रोस, ग्रेविटी और फ्यूरी भी खेलते हुए दिखाई देंगे। इस प्रतियोगिता की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि ये अनुभवी प्रोफेशनल खिलाड़ी राइजिंग स्टार कप्तानों के नेतृत्व में मैदान में उतरेंगे। इससे उभरते खिलाड़ियों को नेतृत्व का अवसर मिलने के साथ-साथ उन खिलाड़ियों के साथ और उनके खिलाफ खेलने का अनुभव भी मिलेगा, जिन्हें वे लंबे समय से अपना आदर्श मानते आए हैं। इस तरह यह टूर्नामेंट आधिकारिक मंच पर उनकी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और बड़े मुकाबलों के लिए उनकी तैयारी की महत्वपूर्ण परीक्षा बनेगा।
राइजिंग स्टार इंविटेशनल के मुकाबले लगातार तीन दिनों तक एरंगेल, मीरामार और रोंडो मैप्स पर खेले जाएंगे। पूरे टूर्नामेंट में सर्वाधिक अंक हासिल करने वाली टीम पहले राइजिंग स्टार इंविटेशनल चैंपियन का खिताब अपने नाम करेगी और ₹5 लाख की पुरस्कार राशि जीतेगी। प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों का 3 से 5 जुलाई तक क्राफ्टन इंडिया ईस्पोर्ट्स के यूट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण किया जाएगा। टूर्नामेंट के शेड्यूल, खिलाड़ियों से जुड़ी जानकारी और लाइव अपडेट्स के लिए दर्शक @KraftonIndiaEsports को फॉलो कर सकते हैं।
भारत में ईस्पोर्ट्स के बढ़ते विस्तार के बीच राइजिंग स्टार इंविटेशनल उभरते बीजीएमआई खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और प्रोफेशनल प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की दिशा में क्राफ्टन इंडिया की सबसे महत्वपूर्ण पहलों में से एक साबित होने जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
