करण जौहर के लोकप्रिय शो 'कॉफी विद करण' में उस समय दिलचस्प स्थिति बन गई, जब करीना कपूर खान ने अपनी बहन करिश्मा कपूर को फोन किया और वह शाहिद कपूर की पत्नी मीरा राजपूत के बारे में कुछ कहने ही वाली थीं। करिश्मा को इस बात का अंदाजा नहीं था कि उनकी बातचीत शो के सेट पर स्पीकर फोन के जरिए सभी लोग सुन रहे हैं। जैसे ही उन्होंने मीरा का नाम लिया, करण जौहर ने बीच बातचीत में उन्हें रोक दिया।

दरअसल, शो के एक खास सेगमेंट में मेहमानों को कुछ मशहूर हस्तियों को फोन करके उनसे 'हाय करण, इट्स मी' कहलवाना था। ऐसा करवाने पर उन्हें अंक मिलने थे। इसी दौरान करीना कपूर खान ने अपनी बहन करिश्मा कपूर को फोन लगाया और उनसे पूछा कि क्या चल रहा है और वह क्या कर रही हैं।

फोन पर करिश्मा ने बताया कि वह करीना के टॉक शो 'व्हाट वुमेन वांट' का एपिसोड देख रही हैं। इस शो के हालिया एपिसोड में मीरा राजपूत मेहमान बनकर पहुंची थीं। बातचीत के दौरान करिश्मा ने कहा, ''मैं बस तुम्हें और मीरा को देख रही हूं। सब कह रहे हैं कि आखिर क्या चल रहा है?''

करिश्मा के मुंह से मीरा राजपूत का नाम सुनते ही करण जौहर ने बातचीत के बीच में दखल दिया। उन्होंने तुरंत करिश्मा को रोकते हुए कहा, ''तुम 'कॉफी विद करण' पर हो, इससे आगे कुछ मत कहना।'' करण की बात सुनकर करिश्मा को एहसास हुआ कि उनकी बातचीत शो के सेट पर मौजूद सभी लोग सुन रहे हैं।

यह जानकर करिश्मा हैरान रह गईं और मजाकिया अंदाज में करीना से बोलीं, ''ओह नहीं, तुम मेरे साथ ऐसा कैसे कर सकती हो बेबो?'' इस पूरे घटनाक्रम में करिश्मा का मीरा का नाम लेने का अंदाज भी चर्चा का विषय बना। उनकी बातचीत से ऐसा लगा कि वह अपनी बहन करीना के साथ मीरा के बारे में कुछ दिलचस्प बातें साझा करने वाली थीं, लेकिन करण जौहर ने उन्हें बीच में ही रोक दिया।

बता दें कि शाहिद कपूर की पत्नी मीरा राजपूत हाल ही में करीना कपूर खान के टॉक शो 'व्हाट वुमेन वांट' में मेहमान बनकर पहुंची थीं। मीरा का करीना के शो में आना इसलिए भी दिलचस्प रहा, क्योंकि शाहिद कपूर और करीना कपूर एक समय रिश्ते में थे।

शो के दौरान मीरा ने शाहिद के बारे में खुलकर बातचीत की थी। उन्होंने शाहिद को अपने बच्चों के लिए अच्छा पिता बताया था। इसके साथ ही उन्होंने पति और जीवनसाथी के रूप में भी शाहिद की तारीफ की थी। वहीं, 'कॉफी विद करण' में करीना और करिश्मा की फोन पर हुई बातचीत ने मीरा राजपूत के जिक्र के साथ शो का यह खास पल चर्चा में ला दिया।

Next Story