दिव्या खोसला की 'खोसला का घोसला 2' में एंट्री, कल्ट क्लासिक सीक्वल में दिखेगा नया रंग और दमदार स्टारकास्ट
दिव्या खोसला ने 'खोसला का घोसला 2' की स्टारकास्ट जॉइन की। अनुपम खेर, बोमन ईरानी और रवि किशन समेत दमदार कलाकारों के साथ कल्ट क्लासिक का सीक्वल जल्द सिनेमाघरों में आएगा।

तस्वीर में अभिनेत्री दिव्या खोसला पारंपरिक सफेद पोशाक और आभूषण पहने सोफे पर बैठी नजर आ रही हैं।
बॉलीवुड की चर्चित कल्ट क्लासिक फिल्म 'खोसला का घोसला' का बहुप्रतीक्षित सीक्वल 'खोसला का घोसला 2' जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रहा है। इस बार 'खोसला' परिवार में एक नए सदस्य का स्वागत हुआ है। दिव्या खोसला आधिकारिक तौर पर फिल्म की स्टारकास्ट का हिस्सा बन गई हैं, जिससे फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता और बढ़ गई है।
हाल ही में थ्रिलर फिल्म 'सावी' और कॉमेडी एंटरटेनर 'एक चतुर नार' में अपनी दमदार परफॉर्मेंस से दर्शकों का दिल जीतने वाली दिव्या खोसला अब 'खोसला का घोसला 2' की दुनिया में अपनी खास ऊर्जा और आकर्षण के साथ नजर आएंगी। उनकी एंट्री को फिल्म की स्टारकास्ट में एक महत्वपूर्ण नया जुड़ाव माना जा रहा है।
दिव्या की फिल्म 'सावी' ने नेटफ्लिक्स पर 15 देशों में नंबर-1 स्थान हासिल कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलता दर्ज की थी। वहीं, हाल ही में रिलीज हुई 'एक चतुर नार' में उनकी कॉमिक टाइमिंग और स्क्रीन प्रेजेंस को भी दर्शकों ने सराहा। इसी सकारात्मक प्रतिक्रिया के चलते दिव्या IMDb की पॉपुलैरिटी रैंकिंग में भी नंबर-1 स्थान पर पहुंचीं, जो दर्शकों के बीच उनकी बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।
टी-सीरीज फिल्म्स और तांडव फिल्म्स द्वारा निर्मित 'खोसला का घोसला 2' एक बार फिर आइकॉनिक खोसला परिवार को बड़े पर्दे पर लेकर आ रही है। फिल्म में पहले भाग की तरह हास्य, भावनाएं और पारिवारिक अफरा-तफरी का वही मनोरंजक अंदाज देखने को मिलेगा, जिसने पहली फिल्म को दर्शकों के बीच फैन फेवरेट बना दिया था।
फिल्म में एक बार फिर मूल कलाकार अनुपम खेर, बोमन ईरानी, रणवीर शौरी, प्रवीण डबास, तारा शर्मा और किरण जुनेजा अपनी-अपनी भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं, दिव्या खोसला के अलावा रवि किशन, निशांत वर्मा, कंगन बरुआ नांगिया और दानिश इकबाल जैसे नए कलाकार भी इस लोकप्रिय फ्रेंचाइज़ी से जुड़े हैं, जो कहानी में नई ताजगी और नया रंग जोड़ेंगे।
फिल्म में नए कलाकारों के शामिल होने पर निर्माता सविता ने कहा, "इस बार खोसला परिवार में दो नए सदस्य जुड़े हैं—दिव्या खोसला और रवि किशन जी। इन दोनों ने पूरी टीम को अपनी परफॉर्मेंस से चौंका दिया है और मुझे पूरा विश्वास है कि दर्शकों का भी भरपूर मनोरंजन करेंगे। पिछले कुछ समय में दिव्या खोसला और रवि किशन ने अलग-अलग जॉनर की फिल्मों में जिस तरह का काम किया है, उसने मुझे बेहद प्रभावित किया है। हमें खुशी है कि दुरंधर में दाऊद के किरदार से चर्चा में रहे दानिश इकबाल भी हमारी टीम का हिस्सा हैं। नई पीढ़ी के इन कलाकारों के साथ काम करने को लेकर हम बेहद उत्साहित हैं और अब दर्शकों की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं।"
मूल फिल्म की विरासत को आगे बढ़ाते हुए 'खोसला का घोसला 2' दर्शकों के लिए पारिवारिक अफरा-तफरी, जबरदस्त हास्य, कई मजेदार ट्विस्ट और दिल छू लेने वाले पलों से भरपूर नई कहानी लेकर आ रही है।
गुलशन कुमार, टी-सीरीज और तांडव फिल्म्स प्रस्तुत, टी-सीरीज फिल्म्स एवं तांडव फिल्म्स के बैनर तले बनी 'खोसला का घोसला 2' का निर्माण भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, सविता राज हिरेमथ और राज हिरेमथ ने किया है। फिल्म में मूल कलाकारों के साथ नए चेहरों की मौजूदगी इसे एक नए अंदाज में दर्शकों के सामने पेश करेगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
