टीज़र रिलीज़ के बाद से चर्चा में बनी जैकी श्रॉफ स्टारर फिल्म ‘द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो’ अब 29 मई, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है। फिल्म ने अपने पहले ही टीज़र से दर्शकों के बीच जिज्ञासा और उत्सुकता का माहौल बना दिया था। अब इसकी रिलीज़ डेट सामने आने के बाद फिल्म को लेकर उत्साह और बढ़ गया है।

ज़ी स्टूडियोज़ और आमदावाद फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत यह फिल्म भारतीय सुपरहीरो जॉनर में एक नया और भावनात्मक आयाम जोड़ती नजर आ रही है। फिल्म की कहानी दर्शकों को ऐसी दुनिया में ले जाती है, जहाँ कल्पना, मासूमियत और रहस्य एक साथ मिलकर अनोखा सिनेमाई अनुभव रचते हैं।

टीज़र में एक बच्चे की कल्पनाओं से भरी दुनिया दिखाई गई है, जिसमें दादा और पोते का रिश्ता एक अलग ही सुपरहीरो वाले सफर में बदल जाता है। कहानी सिर्फ भावनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें एलियंस और रहस्यमयी घटनाओं का रोमांच भी शामिल है, जो फिल्म को और अधिक दिलचस्प बनाता है।

फिल्म के केंद्र में जैकी श्रॉफ हैं, जो इस बार एक बेहद गर्मजोशी से भरे किरदार में नजर आएँगे। यह भूमिका उनके अब तक के किरदारों से अलग बताई जा रही है। फिल्म को लेकर जैकी श्रॉफ ने कहा, “द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो के साथ हम हर बच्चे का सपना पूरा कर रहे हैं। यदि आपकी आत्मा जवान रहे और आपकी रीढ़ 90 साल तक मजबूत रहे, तो वही असली सुपरहीरो है। बच्चों के सपने हमेशा सबसे पहले आने चाहिए।”

नेशनल अवॉर्ड विजेता निर्देशक मनीष सैनी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में प्रतीक स्मिता पाटिल, भाग्यश्री दसानी, शरत सक्सेना, मिहिर गोडबोले, दुर्गेश कुमार, सहर्ष शुक्ला, शिवांश चोरगे और कुमार सौरभ भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

‘द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो’ सिर्फ एक सुपरहीरो फिल्म नहीं, बल्कि भावनाओं, रिश्तों और रहस्य से भरी ऐसी कहानी बनकर सामने आ रही है, जो बच्चों से लेकर परिवारों तक हर वर्ग के दर्शकों को जोड़ने की कोशिश करती है। 29 मई, 2026 को रिलीज़ होने जा रही यह फिल्म इस समर सीज़न की चर्चित फिल्मों में शामिल मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story