prashant tamang death : इंडियन आइडल सीजन 3 के विजेता और लोकप्रिय सिंगर-एक्टर प्रशांत तमांग का रविवार को अचानक निधन हो गया। 43 वर्षीय प्रशांत को दिल्ली के जनकपुरी स्थित उनके आवास पर कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल द्वारका के एक अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके असामयिक निधन की खबर से संगीत और मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

पीटीआई के अनुसार, प्रशांत को इससे पहले किसी गंभीर बीमारी की शिकायत नहीं थी। द काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट में भी यही बताया गया कि उनका स्वास्थ्य सामान्य था और उनका जाना पूरी तरह अप्रत्याशित रहा। निधन की जानकारी सबसे पहले उनकी सास को मिली, जिन्होंने इंडियन आइडल में उनके करीबी मित्र अमित पॉल को सूचित किया। इसके बाद अमित पॉल ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट के जरिए इस दुखद खबर को साझा किया, जिसमें उन्होंने अपने दोस्त के जाने को अपूरणीय क्षति बताया।

प्रशांत तमांग को देशभर में पहचान साल 2007 में इंडियन आइडल सीजन 3 जीतने के बाद मिली थी। ग्रैंड फिनाले में उन्हें रिकॉर्ड 70 मिलियन से अधिक वोट मिले थे, जो उस समय एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी गई। शो जीतने पर उन्हें एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि और मारुति सुजुकी एसएक्स4 कार प्रदान की गई थी। इसके बाद उन्होंने अपना पहला म्यूजिक एल्बम ‘धन्यवाद’ रिलीज किया और भारत सहित विदेशों में कई लाइव शो किए।

सिंगिंग के साथ-साथ प्रशांत ने अभिनय की दुनिया में भी अपनी पहचान बनाई। उन्होंने साल 2010 में नेपाली फिल्म ‘गोरखा पल्टन’ से एक्टिंग करियर की शुरुआत की और बाद में अंगालो यो माया को, किन माया मा, निशानी और लाडैन जैसी फिल्मों में नजर आए। हाल के वर्षों में वह वेब सीरीज ‘पाताललोक’ के दूसरे सीजन में दिखाई दिए थे। इसके अलावा, वह सलमान खान की आगामी फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ में भी नजर आने वाले थे, जो 17 अप्रैल को रिलीज होने वाली है।

प्रशांत का जीवन संघर्ष और प्रेरणा से भरा रहा। दार्जिलिंग के सेंट रॉबर्ट स्कूल से पढ़ाई करने के दौरान एक हादसे में उनके पिता का निधन हो गया, जिसके बाद उन्हें पढ़ाई छोड़नी पड़ी। परिवार की जिम्मेदारी संभालते हुए उन्होंने कोलकाता पुलिस में कॉन्स्टेबल के रूप में नौकरी जॉइन की। पुलिस सेवा के दौरान भी उनका संगीत से नाता बना रहा और वह पुलिस ऑर्केस्ट्रा के लिए गाना गाते थे। इंडियन आइडल में भाग लेने के दौरान कोलकाता पुलिस विभाग ने भी उन्हें पूरा सहयोग दिया।

एक साधारण पुलिस कॉन्स्टेबल से लेकर देश के सबसे लोकप्रिय सिंगिंग शो का विजेता बनने तक का प्रशांत तमांग का सफर लाखों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत रहा। उनका अचानक जाना न सिर्फ उनके परिवार और दोस्तों के लिए, बल्कि उनके प्रशंसकों और भारतीय संगीत जगत के लिए भी एक बड़ी क्षति के रूप में देखा जा रहा है।

Ashiti Joil

Ashiti Joil

यह प्रातःकाल में कंटेंट रायटर अँड एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। यह गए 3 सालों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इन्होंने लोकसत्ता, टाईम महाराष्ट्र, PR और हैट मीडिया में सोशल मीडिया कंटेंट रायटर के तौर पर काम किया है। इन्होंने मराठी साहित्य में मास्टर डिग्री पूर्ण कि है और अभी ये यूनिवर्सिटी के गरवारे इंस्टीट्यूड में PGDMM (Marthi Journalism) कर रही है। यह अब राजकरण, बिजनेस , टेक्नोलॉजी , मनोरंजन और क्रीड़ा इनके समाचार बनती हैं।

Next Story