भारतीय सिनेमा को लगातार ब्लॉकबस्टर फिल्में देने वाला देश का चर्चित प्रोडक्शन हाउस होम्बले फिल्म्स अब एक नए और अलग सिनेमाई प्रयोग के साथ दर्शकों के बीच आने जा रहा है। प्रोडक्शन हाउस ने आधिकारिक तौर पर अपनी पहली हिप-हॉप म्यूजिकल स्टोरी ‘येतो का नाय’ के निर्माण की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही फिल्म के हिंदी वर्जन “YKN - पहला वार” का भी एलान किया गया है। युवाओं के कल्चर, रिदम, इमोशन और असलियत से सजी यह म्यूजिकल जर्नी सपनों के शहर मुंबई की पृष्ठभूमि पर आधारित है।

अलग-अलग भाषाओं और संस्कृतियों में अपनी कहानियों का विस्तार कर रहे होम्बले फिल्म्स ने एक बार फिर क्षेत्रीय सिनेमा को बड़े स्तर पर प्रस्तुत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। प्रोडक्शन हाउस लंबे समय से ऐसी कहानियों को सामने लाने के लिए जाना जाता है, जो अपनी सांस्कृतिक और भावनात्मक जड़ों को बरकरार रखते हुए व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचती हैं।

विजय किरागांदुर द्वारा प्रोड्यूस की जा रही ‘येतो का नाय’ का निर्देशन सारंग संजीव साठे कर रहे हैं। फिल्म की कहानी सारंग संजीव साठे, सुजॉय जाधव, सृष्टि तावड़े और श्रेयस सगवेकर ने मिलकर लिखी है। फिल्म में हर्षवीर ओबेरॉय सिनेमैटोग्राफी संभाल रहे हैं, जबकि म्यूजिक एवी प्रफुल्लचंद्र ने कंपोज किया है। फिल्म की शूटिंग फिलहाल मुंबई में जारी है और इसे इसी वर्ष सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी की जा रही है।

मराठी हिप-हॉप कल्चर की ऊर्जा और युवाओं की भावनाओं को केंद्र में रखकर बनाई जा रही यह फिल्म दोस्ती, प्यार, पहचान और खुद को तलाशने के सफर को बड़े पर्दे पर पेश करेगी। ‘येतो का नाय’ होम्बले फिल्म्स के लिए एक अहम प्रोजेक्ट माना जा रहा है, जिसके जरिए प्रोडक्शन हाउस भारत के अलग-अलग हिस्सों से नई कहानियों और नई आवाजों को दुनिया के सामने लाने की अपनी मुहिम को आगे बढ़ा रहा है।

होम्बले फिल्म्स इससे पहले ‘के.जी.एफ: चैप्टर 1’, ‘कांतारा’, ‘सालार: पार्ट 1 - सीजफायर’ और ‘महावतार नरसिम्हा’ जैसी सुपरहिट फिल्मों और फ्रेंचाइजी के जरिए भारतीय सिनेमा में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। पैन-इंडिया फिल्मों के माध्यम से इस प्रोडक्शन हाउस ने बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारतीय सिनेमा की प्रस्तुति को नया आयाम दिया है। ‘महावतार नरसिम्हा’ के जरिए होम्बले फिल्म्स ने भारतीय सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक एनिमेशन के साथ जोड़ते हुए देश की चर्चित एनिमेटेड फिल्मों में अपनी जगह बनाई। पिछले कुछ वर्षों में कंपनी ने तेलुगु और मलयालम सिनेमा सहित कई भारतीय फिल्म इंडस्ट्रीज में भी अपनी मजबूत पकड़ स्थापित की है।

https://youtu.be/Zyfc0WXplT4?si=GwZzhCkZ0ZYhjm0q

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story