‘हनुमान अंश’ की कमाई ने चौंकाया, ₹2 करोड़ बजट वाली फिल्म ₹100 करोड़ के बेहद करीब|
नीम करोली बाबा की बायोपिक फिल्म 'हनुमान अंश' ने रिलीज के तीसवें दिन शानदार कमाई करते हुए सौ करोड़ क्लब के बेहद करीब पहुंचF बनाई है।

इस तस्वीर में बाईं ओर 'मिर्जापुर द मूवी' के अभिनेता पंकज त्रिपाठी और दाहिनी ओर 'हनुमान अंश' फिल्म का दृश्य नजर आ रहा है।
बॉक्स ऑफिस पर इस समय दो फिल्मों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल रहा है। एक तरफ नीम करोली बाबा की बायोपिक ‘हनुमान अंश’ है, जो रिलीज के 30 दिन बाद भी लगातार मजबूत कमाई कर रही है। दूसरी तरफ OTT की लोकप्रिय वेब सीरीज के बाद बड़े पर्दे पर पहुंची ‘मिर्जापुर द मूवी’ है, जिसने रिलीज के दूसरे दिन अपनी कमाई में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की है। खास बात यह है कि ‘मिर्जापुर द मूवी’ की रिलीज के बावजूद ‘हनुमान अंश’ की कमाई पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा और शनिवार को फिल्म ने शुक्रवार के मुकाबले 62.5 प्रतिशत ज्यादा कमाई की।
सैकनिल्क के मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ ने रिलीज के 30वें दिन शनिवार को देश में 6,055 शोज से 16.25 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। इससे भारत में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 117.27 करोड़ रुपये और कुल नेट कलेक्शन 99.13 करोड़ रुपये हो गया है। इससे पहले शुक्रवार यानी 29वें दिन फिल्म ने 10 करोड़ रुपये कमाए थे। इस तरह फिल्म अब 100 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन से केवल 87 लाख रुपये दूर है। रविवार को इसके 100 करोड़ क्लब में शामिल होने की उम्मीद है।
सिर्फ 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ के लिए यह प्रदर्शन बेहद खास है। अगर फिल्म 100 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन पूरा कर लेती है, तो यह अपने बजट के मुकाबले 4900 प्रतिशत का मुनाफा दर्ज करेगी। डॉ. विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी इस भक्ति-ड्रामा फिल्म में शोभिनव सत्या ने नीम करोली बाबा की मुख्य भूमिका निभाई है।
फिल्म की कमाई का सफर भी काफी दिलचस्प रहा है। पहले हफ्ते में ‘हनुमान अंश’ ने 1.08 करोड़ रुपये कमाए थे। दूसरे हफ्ते में इसकी कमाई 40 लाख रुपये रही। तीसरे हफ्ते में फिल्म ने 10.40 करोड़ रुपये कमाए। चौथे हफ्ते में इसकी कमाई अचानक बढ़कर 61 करोड़ रुपये पहुंच गई। इसके बाद 29वें दिन शुक्रवार को फिल्म ने 10 करोड़ रुपये और 30वें दिन शनिवार को 16.25 करोड़ रुपये कमाए।
फिल्म की इस लगातार बढ़ती कमाई में ‘वर्ड ऑफ माउथ’ का बड़ा योगदान बताया गया है। शुरुआत में लाखों में कमाई करने वाली यह फिल्म बाद के हफ्तों में दर्शकों की पसंद के कारण तेजी से आगे बढ़ी और एक बड़ी ब्लॉकबस्टर बन गई। ‘मिर्जापुर द मूवी’ की रिलीज के बाद भी इसका प्रदर्शन जारी है।
वहीं, ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी इस गैंगस्टर-थ्रिलर फिल्म ने शुक्रवार को रिलीज के पहले दिन 25.75 करोड़ रुपये की नेट कमाई की थी। दूसरे दिन शनिवार को इसकी कमाई बढ़कर 32 करोड़ रुपये हो गई। यानी दूसरे दिन फिल्म की कमाई में 24.27 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
दो दिनों में ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने भारत में 69.30 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन और 57.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है। फिल्म ने दूसरे दिन कुल 11,256 शोज से 32 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। रविवार को फिल्म के वर्ल्डवाइड 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने की उम्मीद जताई जा रही है।
‘मिर्जापुर द मूवी’ को उसकी लोकप्रिय वेब सीरीज का फायदा भी मिलता दिख रहा है। सिनेमाघरों में कालीन भैया, गुड्डू भैया और मुन्ना भैया के किरदारों को देखकर दर्शक जमकर तालियां और सीटियां बजा रहे हैं। फिल्म की नई एंट्री रवि किशन के सीन पर भी दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु शर्मा, रवि किशन और जितेंद्र कुमार जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं।
दो दिनों में फिल्म ने विदेशों में 10.25 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। इसके साथ इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 79.55 करोड़ रुपये पहुंच गया है। हालांकि, फिल्म का बजट करीब 250 करोड़ रुपये है। इसलिए अभी इसे हिट या सुपरहिट की श्रेणी में पहुंचने के लिए काफी आगे जाना होगा।
इस बीच यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन कमजोर नजर आ रहा है। रिलीज के 11वें दिन शनिवार को फिल्म की कमाई शुक्रवार के मुकाबले थोड़ी बढ़ी, लेकिन यह बढ़ोतरी बहुत कम रही। 1,829 शोज और पांच भाषाओं में रिलीज हुई इस फिल्म ने शनिवार को 2.04 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। शुक्रवार को इसका नेट कलेक्शन 1.75 करोड़ रुपये रहा था।
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक’ का बजट करीब 500 करोड़ रुपये है। 11 दिनों में फिल्म ने भारत में 290.20 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन और 243.09 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। फिल्म ने पहले हफ्ते में 239.30 करोड़ रुपये कमाए थे। इसके बाद 10वें दिन शुक्रवार को इसकी कमाई 1.75 करोड़ रुपये और 11वें दिन शनिवार को 2.04 करोड़ रुपये रही।
‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ का प्रदर्शन विदेशों में भी बहुत मजबूत नहीं रहा है। 11 दिनों में फिल्म ने ओवरसीज मार्केट से 43.25 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। भारत और विदेशों की कमाई को मिलाकर फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 333.45 करोड़ रुपये हो गया है।
‘टॉक्सिक’ को KGF 2 की सफलता के चार साल बाद यश की वापसी वाली फिल्म के तौर पर देखा गया था, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। फिल्म में यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, हुमा कुरैशी और रुक्मिणी वसंत भी अहम भूमिकाओं में हैं।
फिलहाल बॉक्स ऑफिस पर ‘हनुमान अंश’ और ‘मिर्जापुर द मूवी’ दोनों की कमाई पर नजर है। ‘हनुमान अंश’ 100 करोड़ रुपये के बेहद करीब पहुंच चुकी है, जबकि ‘मिर्जापुर द मूवी’ भी दूसरे दिन की तेज कमाई के बाद वर्ल्डवाइड 100 करोड़ रुपये की ओर बढ़ रही है। ऐसे में रविवार दोनों फिल्मों के लिए बेहद अहम रहने वाला है।

Lalita Rajput
इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।
