उत्तर प्रदेश, अगस्त 2026: अनमोल टीवी के पहले ओरिजिनल शो ‘हमारी राधा’ की कहानी अब ऐसे मोड़ पर पहुँचने वाली है, जहाँ राधा (सिमरन कौर) और शनाया (वैदेही नायर) पहली बार अनजाने में एक-दूसरे के सामने आएँगी। खास बात यह है कि राधा इस बात से पूरी तरह अनजान है कि शनाया का उसके पति गिरधर (अक्षय म्हात्रे) से बेहद खास रिश्ता है। दोनों की यह अचानक हुई मुलाकात आगे कहानी में नई परेशानियों की वजह बन सकती है।

दरअसल, शनाया खरीदारी करने के लिए एक स्टोर पहुँचती है। बिलिंग काउंटर पर उसे पता चलता है कि गिरधर का कार्ड अपनी लिमिट पार कर चुका है। इसी बीच राधा भी उसी स्टोर में पहुँच जाती है। खरीदारी के दौरान शनाया का कार्ड गलती से गिर जाता है, जिसे राधा और गिरधर का बेटा कियान उठा लेता है। कियान कार्ड देखते ही अपने पिता का कार्ड पहचान लेता है।

लेकिन शनाया कियान पर ही कार्ड चुराने का आरोप लगा देती है। देखते ही देखते दोनों के बीच बहस शुरू हो जाती है। जब राधा वहाँ पहुँचती है और अपने बेटे पर चोरी का इल्ज़ाम लगते देखती है, तो वह तुरंत उसके बचाव में खड़ी हो जाती है। राधा शनाया से कियान से माफ़ी माँगने के लिए कहती है और तब तक पीछे नहीं हटती, जब तक शनाया कियान से माफ़ी नहीं माँग लेती।

राधा अपने बेटे का साथ देते हुए अपनी बात पर अड़ी रहती है। इस तरह राधा और शनाया की पहली मुलाकात बिना किसी पूर्व जानकारी के ऐसी बहस में बदल जाती है, जिसकी किसी ने उम्मीद नहीं की थी। हालांकि राधा अभी शनाया के बारे में कुछ नहीं जानती, लेकिन यह मुलाकात आगे आने वाली कई परेशानियों का संकेत देती है।

अब दोनों एक-दूसरे के सामने आ चुकी हैं। ऐसे में कहानी का अगला मोड़ तब और अहम होगा, जब राधा को शनाया और गिरधर के रिश्ते की सच्चाई पता चलेगी। यही सच्चाई राधा और शनाया के बीच के रिश्ते और आगे की कहानी पर क्या असर डालेगी, यह देखना दिलचस्प होगा। ‘हमारी राधा’ हर रात 9:30 बजे सिर्फ अनमोल टीवी पर देखा जा सकता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story