गुरु पूर्णिमा पर सोनी सब कलाकारों ने साझा कीं जीवन बदलने वाली अनमोल सीखें
गुरु पूर्णिमा पर सोनी सब कलाकारों ने अपने गुरुओं को याद किया और साझा कीं वे अनमोल सीखें, जिन्होंने उनके जीवन और करियर को दिशा दी।

तस्वीर में सोनी सब के कलाकार छवि पांडे, देविश आहूजा, तोरल रसपुत्रा, मुस्कान बामने और समरिद्ध बावा नजर आ रहे हैं।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सोनी सब के कलाकारों ने उन गुरुओं को याद किया, जिन्होंने उनके व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन को नई दिशा दी। इस खास मौके पर छवि पांडे, देविश आहूजा, तोरल रसपुत्रा, मुस्कान बामने और समरिद्ध बावा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि माता-पिता, कोच, वरिष्ठ कलाकार और मार्गदर्शकों से मिली सीख आज भी उनके सफर का अहम हिस्सा है।
मुंबई, जुलाई, 2026: गुरु पूर्णिमा उन लोगों के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है, जो जीवन में सही दिशा दिखाते हैं। गुरु केवल शिक्षक तक सीमित नहीं होते, बल्कि माता-पिता, कोच, वरिष्ठ और ऐसे लोग भी गुरु की भूमिका निभाते हैं, जिनके अनुभव और कार्य जीवन के महत्वपूर्ण सबक सिखाते हैं। इसी भावना के साथ सोनी सब के कलाकारों ने अपने गुरुओं से मिली सीखों को साझा किया।
सेट पर मिले मार्गदर्शन से लेकर परिवार से मिली प्रेरणा तक, कलाकारों ने बताया कि किस तरह उनके गुरुओं ने उनके सफर को प्रभावित किया और वे सीखें आज भी उनके साथ हैं।
‘यादें’ में डॉ. प्रीति देशमुख का किरदार निभा रहीं छवि पांडे ने कहा, “जब भी मैं किसी इमोशनल सीन की तैयारी में अटक जाती हूँ, तो मैं सहज रूप से अपने डायरेक्टर के पास जाकर पूछती हूँ, ‘क्या आपको लगता है कि इसे ऐसे करना सही होगा?’ ऐसी छोटी-छोटी बातचीत ने समय के साथ मेरे परफॉर्मेंस को निखारा है। लेकिन, यदि मुझे अपने सबसे बड़े गुरु का नाम लेना हो, तो वह हमेशा मेरी माँ होंगी। मैं सच में मानती हूँ कि माँ से बड़ा कोई गुरु नहीं होता, क्योंकि उनके दिए हुए सबक जिंदगी भर साथ रहते हैं।”
‘यादें’ में डॉ. रौनक भाटिया का किरदार निभा रहे देविश आहूजा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “मेरे पहले गुरु हमेशा मेरे माता-पिता रहेंगे, क्योंकि उन्होंने मुझे वह बनाया है, जो आज मैं हूँ। लेकिन, मैं यह भी मानता हूँ कि हर प्रोजेक्ट आपके जीवन में एक नया गुरु लेकर आता है। यादें के दौरान मैंने इकबाल सर से बहुत कुछ सीखा है, जैसे कि उनका पॉज़िटिव एटीट्यूड, उदारता और सबको मोटिवेट करने का तरीका। इससे पहले शब्बीर सर भी ऐसे व्यक्ति रहे, जिनसे मैंने बहुत कुछ सीखा। मैं सच में मानता हूँ कि हर इंसान से कुछ न कुछ सीखने को मिलता है और मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि जब भी मौका मिले, उन सबक को आगे बढ़ाऊँ।”
‘हस्तिनापुर के वीर’ में कुंती का किरदार निभा रहीं तोरल रसपुत्रा ने कहा, “मेरे लिए सिर्फ एक गुरु का नाम लेना मुश्किल है, क्योंकि मुझे हर प्रोजेक्ट से कुछ नया सीखने का मौका मिला है। चाहे डायरेक्टर ने मुझे सीन बेहतर समझने में मदद की हो या किसी सीनियर एक्टर ने अपना अनुभव साझा किया हो, हर इंटरैक्शन ने मेरी यात्रा को समृद्ध किया है। एक सबक जो मैंने हमेशा अपने साथ रखा है, वह है कभी सीखना बंद न करना और सभी के साथ समान सम्मान से पेश आना। आज जब भी मुझे युवा कलाकारों के साथ काम करने का मौका मिलता है, मैं उन्हें उसी तरह प्रोत्साहित करने की कोशिश करती हूँ, जैसे मुझे मेरे शुरुआती दिनों में किया गया था।”
‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ में शनाया का किरदार निभा रहीं मुस्कान बामने ने बताया, “मेरे माता-पिता हमेशा मेरे सबसे बड़े गुरु रहे हैं, लेकिन सेट पर भी मुझे ऐसे सीनियर्स मिले, जिन्होंने सवाल पूछने के लिए हमेशा सहज माहौल बनाया और कभी जज नहीं किया। जब मैंने काम शुरू किया था, तो लगभग हर सीन से पहले नर्वस हो जाती थी। प्रदीप सर ने यह देखा और बस इतना कहा, ‘रिलैक्स, हम सब यहाँ एक-दूसरे की मदद के लिए हैं।’ उस पल ने मुझे तुरंत सहज कर दिया। आज यदि मैं किसी नए कलाकार को उसी तरह नर्वस देखती हूँ, जैसा मैं हुआ करती थी, तो मैं हमेशा उन्हें प्रोत्साहित करने और सहज बनाने की कोशिश करती हूँ।”
‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ में अश्विन का किरदार निभा रहे समरिद्ध बावा ने कहा, “मैं हमेशा उन लोगों का बहुत सम्मान करता हूँ, जिनके पास मुझसे ज्यादा अनुभव है, इसलिए मैं सेट पर सवाल पूछने में कभी हिचकिचाता नहीं हूँ। चाहे कोई सीनियर एक्टर छोटा सा एक्टिंग टिप साझा करे या डायरेक्टर सीन को बेहतर समझाए, मैं हर चीज़ को आत्मसात करने की कोशिश करता हूँ। मेरे स्पोर्ट्स कोच ने मुझे सिखाया था कि मार्गदर्शन लेना कमजोरी नहीं, बल्कि ताकत है और यह सबक मेरे साथ हमेशा रहा है। आज जब भी मैं किसी नए कलाकार से मिलता हूँ, तो मैं उन्हें यही कहता हूँ कि गलतियों से डरना नहीं चाहिए क्योंकि यही तरीका है आगे बढ़ने का।”
गुरु पूर्णिमा के इस अवसर पर सोनी सब के कलाकारों ने यह संदेश दिया कि सीखने की प्रक्रिया जीवनभर जारी रहती है और हर अनुभव, हर व्यक्ति तथा हर मार्गदर्शक जीवन को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाता है। दर्शक सोनी सब पर ‘यादें’, ‘हस्तिनापुर के वीर’ और ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ देख सकते हैं।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
