बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता गोविंदा को मंगलवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जानकारी के मुताबिक, वह आधी रात के करीब बेहोश हो गए थे, जिसके बाद परिवार की सलाह पर उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की देखरेख में इलाज के बाद अब उनकी हालत स्थिर है और उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।

अस्पताल से बाहर आते वक्त गोविंदा ने मीडिया से बातचीत में अपनी तबीयत को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा, “अब मैं अच्छा हूं। दरअसल, मैंने ज्यादा मेहनत कर ली थी, जिससे थकान हो गई। मुझे लगता है कि हैवी एक्सरसाइज की बजाय योग और प्राणायाम करना ज्यादा बेहतर है। मैं कोशिश कर रहा हूं कि खुद को फिट रख सकूं, लेकिन शरीर को उसकी सीमा से ज्यादा नहीं थकाना चाहिए।”

इस दौरान गोविंदा ब्लैक टी-शर्ट, मैरून जैकेट, जींस और ब्लैक सनग्लास में नजर आए। अभिनेता के चेहरे पर थकान झलक रही थी, लेकिन उन्होंने मुस्कुराते हुए मीडिया को आश्वस्त किया कि अब वह बिल्कुल ठीक हैं। गोविंदा के करीबी दोस्त ललित ने उनकी तबीयत बिगड़ने की पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देर रात गोविंदा को अचानक घुटन महसूस हुई थी। पहले उन्होंने अपने पारिवारिक डॉक्टर से सलाह लेकर दवा ली और सोने चले गए, लेकिन रात 12 बजे हालत बिगड़ने पर उन्होंने मदद के लिए फोन किया। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। उस समय उनकी पत्नी और बेटी शहर से बाहर थीं।

हाल ही में गोविंदा को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भी देखा गया था, जहां वे दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र से मिलने पहुंचे थे। धर्मेंद्र की तबीयत में सुधार के बाद अब उन्हें भी घर भेज दिया गया है। गोविंदा का कहना है कि अब वह अपने स्वास्थ्य को लेकर ज्यादा सतर्क रहेंगे और आगे से योग और आरामदायक जीवनशैली को प्राथमिकता देंगे। उनके फैन्स और इंडस्ट्री के लोग उनकी जल्द से जल्द पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

Updated On
Ashiti Joil

Ashiti Joil

यह प्रातःकाल में कंटेंट रायटर अँड एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। यह गए 3 सालों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इन्होंने लोकसत्ता, टाईम महाराष्ट्र, PR और हैट मीडिया में सोशल मीडिया कंटेंट रायटर के तौर पर काम किया है। इन्होंने मराठी साहित्य में मास्टर डिग्री पूर्ण कि है और अभी ये यूनिवर्सिटी के गरवारे इंस्टीट्यूड में PGDMM (Marthi Journalism) कर रही है। यह अब राजकरण, बिजनेस , टेक्नोलॉजी , मनोरंजन और क्रीड़ा इनके समाचार बनती हैं।

Next Story