ऑस्कर में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि बनी ‘गोंधल’, 13 नवंबर को देशभर में होगी रिलीज
ऑस्कर 2027 में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि बनी संतोष दावखर की मराठी लोक-थ्रिलर ‘गोंधल’ 13 नवंबर को छह भाषाओं में रिलीज होगी। सुमन, सर्जेराव, पारंपरिक गोंधल अनुष्ठान और रहस्यमयी घटनाओं से बुनी कहानी में क्या है खास?

99वें अकादमी पुरस्कार (ऑस्कर 2027) में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि चुनी गई मराठी फिल्म 'गोंधल' का आधिकारिक पोस्टर, जो 13 नवंबर को छह भाषाओं में पूरे भारत में रिलीज होगी।
मराठी लोक-थ्रिलर फिल्म ‘गोंधल’ अब 13 नवंबर, 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। 18 सितंबर, 2026 को फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (एफएफआई) द्वारा 99वें अकादमी पुरस्कार (ऑस्कर 2027) में सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि चुने जाने के बाद फिल्म की रिलीज को लेकर उत्साह बढ़ गया है। संतोष दावखर की लिखी, निर्देशित और निर्मित इस फिल्म को समीक्षकों से व्यापक सराहना मिली है।
दावखर फिल्म्स के बैनर तले बनी ‘गोंधल’ भारत में मराठी, हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज होगी। ऑस्कर में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि चुने जाने के बाद अब फिल्म को देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी है।
निर्देशक संतोष दावखर ने एक प्रामाणिक क्षेत्रीय कहानी को देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “जब हमने गोंधल बनाने की शुरुआत की थी, तब हमारा एकमात्र उद्देश्य अपनी मिट्टी की असली संस्कृति, रहस्यमयी लय और अनकही परतों के प्रति पूरी तरह ईमानदार रहना था। यह देखना कि हमारी जड़ों से जुड़ी इस लोक-थ्रिलर को इतना गहरा प्रतिसाद मिला कि यह ऑस्कर में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि बन गई, हमारे लिए बेहद सम्मान और भावुकता का क्षण है। अब 13 नवंबर को इसे पूरे भारत में रिलीज़ करना ऐसा लग रहा है, जैसे यह कहानी अपने सफर को पूरा करके वहीं लौट रही है, जहाँ से इसकी शुरुआत हुई थी।”
उन्होंने आगे कहा, “सिनेमा की कोई भाषाई सीमा नहीं होती, जब उसकी भावनाएँ सच्ची और दिल से निकली हों। मैं इस बात के लिए बेहद आभारी हूँ कि भारत के हर कोने के दर्शक इस पवित्र और रोमांच से भरे सफर को एक साथ बड़े पर्दे पर अनुभव कर सकेंगे।”
महाराष्ट्र के ग्रामीण परिवेश में स्थापित ‘गोंधल’ की कहानी जुनून, विश्वासघात और रहस्यमयी घटनाओं के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म की मुख्य पात्र सुमन एक युवती है, जो दमघोंटू और दुखी वैवाहिक जीवन में फंसी हुई है। इस स्थिति से बाहर निकलने का रास्ता तलाशते हुए वह अपने प्रेमी सर्जेराव की पारंपरिक और पवित्र गोंधल अनुष्ठान के प्रति गहरी और कट्टर आसक्ति का फायदा उठाती है।
रात के अंधेरे में होने वाले इस पारंपरिक लोक-अनुष्ठान के दौरान स्थानीय सत्ता संघर्ष, छिपे हुए इरादे और गुप्त विश्वासघात आपस में टकराते हैं। घटनाक्रम के बीच गांव की एक पवित्र रात अपराध, रहस्य और उनके परिणामों से भरे खतरनाक खेल में बदल जाती है। इस खेल का सच सुबह होने से पहले सामने आना है।
फिल्म में किशोर कदम, इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी, निशाद भोईर और अनुज प्रभु प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत प्रसिद्ध संगीतकार इलैयाराजा ने तैयार किया है, जबकि सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी अमलेंदु चौधरी ने संभाली है। 13 नवंबर को होने वाली देशव्यापी रिलीज के साथ ‘गोंधल’ छह भाषाओं में दर्शकों तक पहुंचेगी।

