मुंबई। टेलीविजन दर्शकों को जल्द ही एक नई ऑनस्क्रीन जोड़ी देखने को मिलेगी। अभिनेता गौरव खन्ना और अभिनेत्री श्रद्धा आर्या पहली बार एक साथ एकता कपूर के नए शो ‘दिल की बेवफाइयाँ’ में नजर आएंगे। स्टार प्लस ने इस बहुप्रतीक्षित रोमांटिक फैमिली ड्रामा की प्रीमियर डेट घोषित कर दी है। बालाजी टेलीफिल्म्स के बैनर तले निर्मित इस शो का प्रसारण 24 नवंबर को स्टार प्लस पर शुरू होगा।

बालाजी टेलीफिल्म्स के ऑफिस में दोनों कलाकारों की झलक दिखाकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ाने के बाद चैनल ने शो की आधिकारिक प्रीमियर डेट का खुलासा किया है। ‘अनुपमा’ और ‘कुंडली भाग्य’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों के बाद गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या इस नए प्रोजेक्ट के जरिए एक बार फिर डेली फिक्शन की दुनिया में वापसी कर रहे हैं।

शो के लॉन्च को खास बनाने के लिए स्टार प्लस ने एक साथ नौ पोस्टर्स जारी किए हैं। टेलीविजन शो के प्रमोशन में अपनी तरह की इस पहली पहल के जरिए दर्शकों को ‘दिल की बेवफाइयाँ’ की दुनिया की पहली झलक दिखाई गई है। इन पोस्टर्स में शो के किरदारों, उनके आपसी रिश्तों और कहानी में आने वाले उतार-चढ़ाव की झलक पेश की गई है, जिससे धारावाहिक को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।

गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या की नई जोड़ी को लेकर एकता कपूर ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, “दोनों कलाकारों को दर्शकों से हमेशा भरपूर प्यार मिला है और मैं लंबे समय से चाहती थी कि ये दोनों एक साथ स्क्रीन पर नजर आएं। अब जब आखिरकार ऐसा होने जा रहा है, तो मैं बेहद उत्साहित हूं, थोड़ी नर्वस भी हूं और अभी से सोच रही हूं कि दर्शक इन दोनों को एक साथ देखकर कैसी प्रतिक्रिया देंगे!”

वहीं, एकता कपूर के साथ काम करने और स्टार प्लस पर वापसी को लेकर गौरव खन्ना ने कहा, “मेरे फैंस मुझसे लगातार पूछ रहे थे कि हम आपको नए शो में कब देखेंगे? और अब मुझे यह कहते हुए बहुत खुशी हो रही है कि ‘GK इज बैक!’ मेरे फैंस का प्यार और उनका इंतजार मेरी इस वापसी को और भी खास बनाता है। स्टार प्लस पर एक नए शो के साथ लौटना और एकता कपूर के साथ काम करना, मेरे लिए इस नए सफर की एक शानदार शुरुआत है। इस दिवाली मैं इससे ज्यादा और क्या मांग सकता था! सच में ऐसा लग रहा है जैसे सब कुछ सही समय पर हो रहा है। अभी के लिए बस इतना कह सकता हूं कि श्रद्धा और मैं कुछ नया लेकर आ रहे हैं। बाकी राज धीरे-धीरे खुलेंगे… तब तक शो को लेकर अंदाजा लगाते रहिए और हम पर अपना प्यार बरसाते रहिए!”

यह प्रोजेक्ट दोनों कलाकारों के लिए भी खास है। श्रद्धा आर्या ‘कुंडली भाग्य’ के साथ लंबे समय तक जुड़े रहने के बाद एक बार फिर बालाजी टेलीफिल्म्स के साथ काम कर रही हैं। वहीं, गौरव खन्ना पहली बार एकता कपूर के किसी प्रोजेक्ट का हिस्सा बने हैं। शो की शुरुआत से पहले आयोजित पूजा में भी दोनों कलाकार शामिल हुए थे। इस दौरान की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रहे।

गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या की पहली ऑनस्क्रीन जोड़ी, प्रीमियर की तारीख की घोषणा और एक साथ जारी किए गए नौ पोस्टर्स ने ‘दिल की बेवफाइयाँ’ को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा दी है। एकता कपूर के निर्माण में तैयार यह रोमांटिक फैमिली ड्रामा 24 नवंबर को स्टार प्लस पर दस्तक देगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story