ज़ी टीवी के लोकप्रिय शो ‘लक्ष्मी निवास’ में कहानी एक नए मोड़ पर पहुंचने वाली है। आदित्य की मौत की खबर के बाद अब गश्मीर महाजनी एक बार फिर इसी किरदार में वापसी करने जा रहे हैं। हालांकि, उनकी वापसी के साथ कहानी में ऐसा बदलाव आने वाला है, जो राधिका, वीर और छोटी निय्या की जिंदगी को फिर से प्रभावित करेगा।

ज़ी टीवी का शो ‘लक्ष्मी निवास’ शुरुआत से ही एक मिडिल क्लास परिवार के सपनों, उम्मीदों, त्याग और रिश्तों के उतार-चढ़ाव को पर्दे पर दिखा रहा है। जिंदगी की छोटी-बड़ी उलझनों और किरदारों के संघर्षों के जरिए शो ने दर्शकों के बीच अपनी खास जगह बनाई है। यही वजह है कि इसके किरदारों की खुशियां और परेशानियां दर्शकों को अपनी पारिवारिक जिंदगी से जुड़ी महसूस होती हैं।

पिछले कुछ हफ्तों से दर्शक राधिका (अक्षिता मुद्गल) और वीर (राघव तिवारी) की जिंदगी में आए बदलावों को देख रहे हैं। दरअसल, राधिका के पूर्व मंगेतर आदित्य (गश्मीर महाजनी) का एक भयानक हादसा हो गया था। हादसे के बाद सभी ने मान लिया था कि आदित्य की मौत हो चुकी है। इसके बाद राधिका और वीर ने उसकी छोटी बेटी निय्या की परवरिश की जिम्मेदारी संभाल ली। वहीं, इस हादसे के मामले में वीर भी गंभीर कानूनी मुश्किलों में फंस गया। इस घटनाक्रम के बाद से दर्शकों के मन में लगातार यह सवाल बना हुआ था कि आखिरकार हादसे की सच्चाई सामने आएगी या नहीं।

अब शो में खुलासा होगा कि आदित्य उस जानलेवा हादसे में बच गया था, लेकिन उसकी याददाश्त पूरी तरह चली गई थी। गश्मीर महाजनी एक बार फिर आदित्य के किरदार में नजर आएंगे। आने वाले एपिसोड्स में दिखाया जाएगा कि हादसे के बाद आदित्य एक आश्रम में रह रहा था और उसका अपनी पुरानी जिंदगी से कोई संबंध नहीं रह गया था।

कहानी में नया मोड़ तब आएगा, जब एक दिन अखबार में आदित्य को अपनी बेटी निय्या की तस्वीर दिखाई देगी। तस्वीर देखते ही उसकी खोई हुई यादें अचानक लौटने लगेंगी। इसके बाद आदित्य अपनी पुरानी जिंदगी से किस तरह जुड़ेगा और उसकी वापसी से राधिका, वीर तथा निय्या के रिश्तों पर क्या असर पड़ेगा, यह कहानी का अहम हिस्सा होगा।

आदित्य के रूप में वापसी को लेकर गश्मीर महाजनी ने कहा, “मैं ‘लक्ष्मी निवास’ में आदित्य के रूप में वापस लौटकर बेहद खुश हूं। आदित्य का सफर एक ऐसे अनपेक्षित मोड़ से गुजरा है, जहां जानलेवा हादसे में बचने के बाद उसकी याददाश्त चली जाती है और अब वो एक नए अंदाज़ में कहानी में लौट रहा है। इस ट्रैक की सबसे खास बात यह है कि उसकी वापसी के साथ कई रिश्तों में भावनाओं का नया तूफान उठने वाला है, खासकर राधिका, वीर और निय्या के साथ उसके रिश्तों में। आदित्य खुद भी जिंदगी के एक बेहद मुश्किल मोड़ पर खड़ा है। उसके किरदार की इन उलझी परतों को समझना और पर्दे पर उतारना मेरे लिए बेहद रोमांचक रहा। मुझे उम्मीद है कि दर्शकों को उसका आगे का सफर देखने में खूब मजा आएगा।”

गश्मीर महाजनी की वापसी के साथ ‘लक्ष्मी निवास’ के आगामी एपिसोड्स में हाई वोल्टेज ड्रामा और भावनात्मक घटनाक्रम देखने को मिलेंगे। आदित्य की वापसी से राधिका, वीर और निय्या के रिश्तों की मौजूदा स्थिति बदल सकती है। अब सवाल यह है कि क्या आदित्य के लौटने से राधिका और वीर फिर एक हो पाएंगे? अपनों की खुशी के लिए खुद पीछे हटने का फैसला करने वाले आदित्य की जिंदगी अब किस दिशा में आगे बढ़ेगी?

इन सवालों के जवाब जानने के लिए दर्शक ‘लक्ष्मी निवास’ देख सकते हैं। शो का प्रसारण रोज शाम सिर्फ ज़ी टीवी पर किया जाता है।

Next Story