हाल ही में अपनी फिल्म 'आवारापन' से सिनेमाघरों और लोगों के दिलों को जीतने वाले अभिनेता इमरान हाशमी के साथ एक हादसे की खबर सामने आई है। अपनी आने वाली फिल्म 'गनमास्टर G9' की शूटिंग के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जिसमें उनकी SUV कार हवा में पलट गई और एक वैन के ऊपर जा गिरी। इमरान हाशमी के साथ सेट पर यह घटना उस वक्त घटी जब फिल्म के एक खतरनाक एक्शन सीन और स्टंट को कैमरे में कैप्चर किया जा रहा था। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो क्लिप भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना बेंगलुरु में फिल्म के क्लाइमैक्स सीन की शूटिंग के दौरान हुई। एक्शन सीन को फिल्माने के लिए SUV गाड़ी को क्रेन की मदद से हवा में लटकाया गया था। शूटिंग के दौरान जैसे ही स्टंट शुरू हुआ, क्रेन से लटकी इमरान की गाड़ी अचानक हवा में पलटने लगी और नीचे सामने से आ रही एक ब्लैक वैन के ऊपर जाकर गिर गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि इस स्टंट के लिए फिल्म के सभी क्रू सदस्य, कार और कैमरे पूरी तरह तैयार थे, लेकिन जैसे ही शूटिंग शुरू हुई, गाड़ी हवा में पलटते हुए नीचे खड़ी वैन से टकरा गई।

बताया जा रहा है कि इस हादसे में इमरान हाशमी गंभीर रूप से घायल हो सकते थे, लेकिन वे बाल-बाल बच गए और उन्हें कोई चोट नहीं आई। अचानक हुए इस हादसे की वजह से सेट पर मौजूद लोग पूरी तरह से डर गए थे। पहले लोग इसे शूट का ही एक हिस्सा समझ रहे थे, लेकिन बाद में यह दुर्घटना में तब्दील हो गया। हालांकि, अभी तक यह पूरी तरह से साफ नहीं हो पाया है कि गाड़ी का इस तरह पलटना फिल्म के तय सीन का हिस्सा था या फिर स्टंट के दौरान किसी तकनीकी गड़बड़ी की वजह से ऐसा हुआ। वहीं, फिल्म के मेकर्स भी फिलहाल इस मामले पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं।

फिल्म 'गनमास्टर G9' का निर्देशन आदित्य दत्त कर रहे हैं। इस फिल्म में इमरान हाशमी के साथ जेनेलिया डिसूजा और अपारशक्ति खुराना भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म एक्शन, रोमांस और ड्रामा से भरपूर होगी, जिसमें इमरान हाशमी 'ईश्वर' नाम के एक व्यक्ति का किरदार निभा रहे हैं, जो अपने प्यार को पाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार रहता है। मेकर्स की योजना इस फिल्म को 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज करने की है।

गौरतलब है कि 'गनमास्टर G9' की शूटिंग इससे पहले भी विवादों और चर्चा में रह चुकी है। इससे पूर्व जून महीने में हरिद्वार में शूटिंग के दौरान फिल्म के सेट पर लगाए गए 'बार एंड कैफे' के बोर्ड को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। उस समय स्थानीय लोगों ने सेट के बोर्ड को असली बार समझ लिया था, जिसके चलते शूटिंग में काफी दिक्कतें आई थीं। बाद में फिल्म के प्रोड्यूसर दीपक मुकुट ने सार्वजनिक सफाई देते हुए कहा था कि शूटिंग के दौरान किसी की भी धार्मिक या व्यक्तिगत भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि स्थानीय निवासियों से बातचीत करके मामले को पूरी तरह सुलझा लिया गया था।

Lalita Rajput

Lalita Rajput

इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।

Next Story