प्राइम वीडियो के शो ‘दुपहिया’ में छोटे शहर के रहने वाले भूगोल के सपनों और यादों में बॉलीवुड की गहरी छाप दिखाई देती है। ‘दुपहिया’ सीजन 2 धड़कपुर की कहानी को ऐसे दौर में आगे बढ़ाता है, जहां भूगोल खुद को स्टार बनने और लोकप्रियता हासिल करने की कल्पना करता है। अपने किरदार को जीवंत बनाने के लिए स्पर्श श्रीवास्तव ने उन बॉलीवुड हस्तियों से प्रेरणा ली, जिन्हें देखते हुए वह बड़े हुए हैं।

स्पर्श श्रीवास्तव ने बताया कि भूगोल के किरदार में गोविंदा के हास्य अंदाज से लेकर माधुरी दीक्षित की शानदार नृत्य शैली तक के संदर्भ शामिल किए गए हैं। शो के कुछ यादगार दृश्यों में भी इनकी झलक देखने को मिलेगी।

सीजन 2 के ट्रेलर में चर्चा में रहे मंदिर वाले दृश्य की प्रेरणा के बारे में स्पर्श श्रीवास्तव ने कहा, "उसके पीछे प्रेरणा गोविंदा सर थे। मुझे लगता है 'राजा बाबू' में एक पल है, जहां वे अपनी मां के पास जाकर कहते हैं, 'इतना प्यार दिया तूने मुझे, मां,' तो मैं बस उस फीलिंग को चैनल करने की कोशिश कर रहा था। भूगोल में थोड़ा गोविंदा है, बहुत सारा 'दीवार' है, और वे सलमान खान की 'मैंने प्यार किया' वाली जैकेट भी पहनता है। तो, एक तरह से, हर किसी की एंबॉडिमेंट भूगोल में है। वह सब कुछ है। और फिर वह माधुरी मैम भी हैं, बेशक, खासकर जब बात उनके किरदार में लौंडा नाच की आती है। मुझे इन छोटी-छोटी रेफरेंसेज़ को साथ लाना बहुत पसंद आया क्योंकि यही तरीका है जिससे मैं भूगोल को देखता हूं। वह एक ऐसा स्मॉल-टाउन लड़का है जिसने अपनी पसंदीदा फिल्मों और स्टार्स से इतना कुछ खुद में लिया है।"

स्पर्श के लिए बॉलीवुड का यह प्रभाव व्यक्तिगत अनुभवों से भी जुड़ा है। शो के लिए किए गए लौंडा नाच के एक दृश्य के दौरान कोरियोग्राफर कृति के एक इशारे ने उन्हें अपने शुरुआती दिनों और वर्ष 2010 में किए गए एक डांस रियलिटी शो की याद दिला दी। उन्होंने कहा, "कोरियोग्राफर कृति थीं, और मुझे उस लौंडा नाच का एक खास पल याद है। जब मैंने 2010 में एक डांस रियलिटी शो किया था, सरोज खान मैम जज थीं, और हर अच्छे डांस के बाद, वे आपको ₹100 का नोट देती थीं। इस बार, जब मैंने वह शूट किया, कृति मेरे पास आईं और मुझे ₹500 का नोट दिया, और मैं बहुत इमोशनल हो गया।"

‘दुपहिया’ सीजन 2 का निर्देशन सोनम नायर ने किया है। इसे बॉम्बे फिल्म कार्टेल LLP के बैनर तले सलोना बैंस जोशी और शुभ शिवदासानी ने क्रिएट और प्रोड्यूस किया है। शो को अविनाश द्विवेदी और चिराग गर्ग ने लिखा है।

नए सीजन की शुरुआत वहीं से हो रही है, जहां पिछला सीजन खत्म हुआ था। इसमें गजराज राव, रेणुका शहाणे, स्पर्श श्रीवास्तव, भुवन अरोड़ा, शिवानी रघुवंशी और यशपाल शर्मा वापस आ रहे हैं। दिनेश लाल यादव (निरहुआ) भी नए सीजन में शामिल होंगे।

‘दुपहिया’ सीजन 2 का प्रीमियर 1 अक्टूबर को एक्सक्लूसिवली प्राइम वीडियो पर होगा। सीजन में भूगोल के किरदार के जरिए बॉलीवुड फिल्मों और सितारों से जुड़े संदर्भ कहानी का अहम हिस्सा बने दिखाई देंगे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story