'दृश्यम: द कन्क्लूज़न' की ग्लोबल रिलीज का रास्ता साफ, 2 अक्टूबर को आएगी फिल्म
अजय देवगन की 'दृश्यम: द कन्क्लूज़न' 2 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर में रिलीज होगी। पैनोरमा स्टूडियोज़ और ज़ी स्टूडियोज़ ने अंतर्राष्ट्रीय सिनेमाघर वितरण के लिए साझेदारी की है।

तस्वीर में फिल्म 'दृश्यम: द कन्क्लूज़न' का आधिकारिक पोस्टर नजर आ रहा है, जिसमें अजय देवगन, जयदीप अहलावत, तब्बू और अन्य कलाकार दिखाई दे रहे हैं।
दृश्यम फ्रेंचाइजी अपने अंतिम अध्याय की ओर बढ़ रही है। पैनोरमा स्टूडियोज़ और ज़ी स्टूडियोज़ ने अजय देवगन स्टारर और अभिषेक पाठक द्वारा निर्देशित बहुप्रतीक्षित फिल्म 'दृश्यम: द कन्क्लूज़न' की अंतर्राष्ट्रीय सिनेमाघर वितरण के लिए साझेदारी की है। फिल्म 2 अक्टूबर, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
2 अक्टूबर, पाव भाजी और सत्संग की विजिट से जुड़े 'दृश्यम' के संदर्भ लोकप्रिय संस्कृति का हिस्सा बन चुके हैं। फिल्म की कहानी, इसके किरदार और विशेष रूप से विजय सालगांवकर का परिवार दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बना चुका है। अब फ्रेंचाइजी के निष्कर्ष की ओर बढ़ने के साथ पैनोरमा स्टूडियोज़ और ज़ी स्टूडियोज़ इसके अंतिम अध्याय को अंतर्राष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संभालेंगे।
'दृश्यम: द कन्क्लूज़न' फ्रेंचाइजी को नई कहानी, नए अध्याय और नए पटकथा के साथ आगे बढ़ाती है। अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर की भूमिका में लौट रहे हैं। विजय की बेहद सावधानी से संभाली गई दुनिया एक बार फिर अनिश्चितता के घेरे में आ जाती है। वहीं जयदीप अहलावत फ्रेंचाइजी में राजवीर सिंह तोमर की भूमिका में प्रवेश कर रहे हैं। वह ऐसे मामले को सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे हल करना लगभग असंभव नजर आता है।
फिल्म में प्रकाश राज भी महत्वपूर्ण भूमिका में दिखाई देंगे। तब्बू, श्रिया सरन और रजत कपूर अपने-अपने किरदारों में वापसी कर रहे हैं। कहानी ऐसी दुनिया में आगे बढ़ती है, जहां बीता हुआ कल बार-बार सामने आता है और विजय सालगांवकर का परिवार एक बार फिर मुश्किलों के बीच घिरता नजर आएगा।
पैनोरमा स्टूडियोज़ और ज़ी स्टूडियोज़ की साझेदारी दोनों संस्थानों की विशेषज्ञता को साथ लाती है। पैनोरमा स्टूडियोज़ ने भारतीय सिनेमा की सफल फ्रेंचाइजी तैयार करने और उन्हें दर्शकों से जोड़ने में अपनी पहचान बनाई है, जबकि ज़ी स्टूडियोज़ के पास अंतर्राष्ट्रीय बाजार में भारतीय फिल्मों को पहुंचाने का व्यापक अनुभव है। दोनों स्टूडियोज़ का लक्ष्य 'दृश्यम: द कन्क्लूज़न' की सिनेमाघर पहुंच को वैश्विक स्तर पर बढ़ाना और भारतीय सिनेमा की मजबूत होती अंतर्राष्ट्रीय मौजूदगी का विस्तार करना है।
फिल्म के निर्माता कुमार मंगत पाठक ने कहा, "दृश्यम हमेशा से ऐसी कहानी रही है जिसमें एक आम परिवार अपने परिवार को बचाने के लिए असाधारण हद तक जाने को तैयार होता है। पिछले कुछ वर्षों में विजय सालगांवकर एक ऐसा किरदार बन गए हैं, जिससे दर्शकों ने गहराई से जुड़ाव महसूस किया है। उनकी कहानी को उसके निष्कर्ष तक ले जाना हमारे लिए उत्साह के साथ-साथ एक भावुक पल भी है। यह फ्रेंचाइजी अलग-अलग भाषाओं और सीमाओं को पार कर पाई क्योंकि इसकी जड़ें एक बेहद मानवीय कहानी में हैं। हमें खुशी है कि विदेशों में रहने वाले दर्शक भी इस अंतिम अध्याय को सिनेमाघरों में देख पाएंगे और जान पाएंगे कि विजय की कहानी आखिर किस मोड़ पर पहुंचती है।"
फिल्म के निर्देशक और निर्माता अभिषेक पाठक ने कहा, "दृश्यम: द कन्क्लूज़न के साथ हमारी जिम्मेदारी थी कि जिस कहानी और किरदारों से दर्शक पहले से गहराई से जुड़े हुए हैं, उन्हें ऐसा अंत दिया जाए, जो इस पूरे सफर के साथ न्याय करे। विजय सालगांवकर की दुनिया हमेशा तनाव, भावनाओं और परिवार को बचाने की उसकी इंस्टिंक्ट से चलती रही है और यह नया चैप्टर इन सभी पहलुओं को एक ऐसी दिशा में लेकर जाता है जिसे दर्शकों ने पहले नहीं देखा है। इस फिल्म के लिए थिएट्रिकल अनुभव बेहद महत्वपूर्ण है और हम दुनिया भर के दर्शकों को एक बार फिर इस यूनिवर्स में वापस लाने और आगे क्या होता है, यह दिखाने के लिए उत्साहित हैं।"
ज़ी स्टूडियोज़ के प्रवक्ता ने कहा, "ज़ी स्टूडियोज़ में कहानी कहना हमारे काम का केंद्र रहा है और दृश्यम: द कन्क्लूज़न के साथ हमारा जुड़ाव उन कहानियों में हमारे विश्वास को दर्शाता है जो लंबे समय तक दर्शकों और संस्कृति के साथ जुड़ी रहती हैं। इस फ्रेंचाइजी ने दिखाया है कि एक मजबूत और भारतीय जड़ों से जुड़ी कहानी किस तरह अलग-अलग मार्केट्स के दर्शकों तक पहुंच सकती है। हमें गर्व है कि हम इसके अंतिम अध्याय को दुनिया भर के दर्शकों तक लेकर जा रहे हैं। फ्रेंचाइजी के इस बहुप्रतीक्षित निष्कर्ष के साथ हम अपनी इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन क्षमता के जरिए इसकी थिएट्रिकल पहुंच को बढ़ाने और ग्लोबल मार्केट में भारतीय कंटेंट के लिए नए अवसर तैयार करने को लेकर उत्साहित हैं।"
स्टार स्टूडियो18 द्वारा प्रस्तुत पैनोरमा स्टूडियोज़ की इस फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है। फिल्म की कहानी और पटकथा अभिषेक पाठक, आमिल कीयान खान और परवेज शेख ने लिखी है। फिल्म के निर्माता आलोक जैन, अजीत अंधारे, कुमार मंगत पाठक और अभिषेक पाठक हैं।
'दृश्यम: द कन्क्लूज़न' 2 अक्टूबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पैनोरमा स्टूडियोज़ और ज़ी स्टूडियोज़ की यह साझेदारी 'दृश्यम' जैसी भारतीय जड़ों से जुड़ी फ्रेंचाइजी के अंतिम अध्याय को अंतर्राष्ट्रीय दर्शकों तक बड़े पर्दे पर पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
