‘डोंट बी शाय’ के मेकर्स ने फिल्म के म्यूजिकल सफर की शुरुआत ‘झूमो’ गाने के साथ कर दी है। टी-सीरीज़ द्वारा प्रस्तुत और साहिल व जोनिता गांधी की आवाज से सजा यह एनर्जी से भरपूर ट्रैक प्राइम वीडियो की आने वाली यंग-एडल्ट फिल्म का पहला गाना है। गाने को राम संपत ने कंपोज किया है, जबकि इसके बोल राम संपत और देवांश वैद्य ने लिखे हैं।

आरूषी बजाज, अंश दुग्गल, बियांका अरोड़ा और पीयूष खाती स्टारर ‘डोंट बी शाय’ दोस्ती, क्रश और बड़े होने के सफर की अनोखी कहानी पेश करती है। फिल्म का पहला गाना ‘झूमो’ ऊर्जा, मस्ती और जवानी के जोश से भरा है। शानदार बीट्स, कोरियोग्राफी, जबरदस्त बोल और रेट्रो-स्टाइल फैशन से सजी रंगीन दुनिया गाने को खास बनाती है। ‘झूमो’ दोस्ती, जश्न और बेफिक्र होकर मस्ती करने वाले पलों को सामने लाता है।

‘डोंट बी शाय’ एक ‘कमिंग-ऑफ-एज’ कहानी है और ऐसी कहानी में साउंडट्रैक की अहम भूमिका होती है, जो किरदारों के सफर के साथ आगे बढ़ता है। इसी क्रम में मेकर्स ने ‘झूमो’ के जरिए फिल्म के संगीत की शुरुआत की है। अपनी हाई एनर्जी और जबरदस्त बीट्स के साथ यह गाना फिल्म की रंगों से भरी दुनिया का माहौल तैयार करता है, जहां दोस्ती, शरारत और बड़े होने के यादगार पल केंद्र में हैं।

कंपोजर और लिरिसिस्ट राम संपत ने ‘झूमो’ को लेकर कहा, “‘झूमो’ को एक ऐसे गाने के रूप में सोचा गया था जो छोटे पल में जीने की छोटी सी खुशी का जश्न मनाए। हम चाहते थे कि यह गाना जीवन से भरा होने के साथ ही रिदमिक क्वालिटी से भी सजा हो। यह कैची लगे, साथ ही ‘डोंट बी शाय’ की शरारत भरी दुनिया के साथ मेल खाए। गाने में कास्ट ने कमाल की एनर्जी और आपसी तालमेल दिखाते हुए माहौल बनाया है, जिससे गाने का मूड और भी बेहतर हो गया है। उनके जोश और केमिस्ट्री ने ट्रैक में जान डाल दी है, जिससे इसे तैयार करना बहुत मज़ेदार रहा। मैं ‘झूमो’ के तैयार होने के पूरे प्रोसेस से बहुत खुश हूँ और उम्मीद करता हूँ कि यह गाना लिस्नर्स को भी अपने खुशी के रंग से भीगो देगा।”

फिल्म की कहानी श्यामिली ‘शाय’ दास नाम की 20 साल की लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है। उसे लगता है कि उसकी जिंदगी एकदम सही ट्रैक पर चल रही है, लेकिन तभी उसकी अच्छी-खासी चल रही जिंदगी में कुछ ऐसा होता है, जिसकी उसने कभी उम्मीद नहीं की थी। हर चीज उसके हाथों से जैसे फिसलने लगती है और बेकाबू होकर बाहर होने लगती है।

‘डोंट बी शाय’ को श्रीति मुखर्जी ने लिखा और डायरेक्ट किया है। फिल्म को आलिया भट्ट और शाहीन भट्ट अपने ‘इटर्नल सनशाइन प्रोडक्शंस’ के बैनर तले प्रोड्यूस कर रही हैं। वहीं, ‘चॉकबोर्ड एंटरटेनमेंट’ की ग्रीष्मा शाह और विकेश भूटानी इसके को-प्रोड्यूसर हैं। फिल्म में कुणाल रॉय कपूर, अनुराग बसु, नेहा धूपिया और अंजू अल्वा नाइक भी अहम भूमिकाओं में हैं।

फिल्म ‘डोंट बी शाय’ 25 सितंबर, 2026 को भारत और दुनिया भर के 240 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में प्राइम वीडियो पर खास तौर पर हिंदी में, इंग्लिश सबटाइटल के साथ रिलीज होगी। इससे पहले ‘झूमो’ की रिलीज ने फिल्म के संगीत की शुरुआत कर दी है और ‘डोंट बी शाय’ की दोस्ती, मस्ती और बड़े होने की कहानी के लिए माहौल तैयार किया है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story