‘दायरा’ के नए पोस्टर्स में करीना-पृथ्वीराज का दमदार अंदाज, दिखी पहली झलक
‘दायरा’ के नए पोस्टर्स में करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन डीसीपी अजोनी और रमन के किरदारों में नजर आए, ट्रेलर आज होगा जारी।

तस्वीर में अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन डीसीपी रमन कुमार के रूप में और अभिनेत्री करीना कपूर खान डीसीपी अजोनी कोहली के रूप में अपनी फिल्म 'दायरा' के पोस्टर में पुलिस की वर्दी में नजर आ रहे हैं।
‘दायरा’ के मेकर्स ने करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन के सोलो पोस्टर्स जारी कर दिए हैं। दोनों पोस्टर्स में कलाकार अपने-अपने किरदारों डीसीपी अजोनी कोहली और डीसीपी रमन कुमार के रूप में पहली झलक देते नजर आ रहे हैं। पोस्टर्स ने फिल्म की कहानी में छिपे तनाव और रहस्य की ओर संकेत किया है।
करीना कपूर खान डीसीपी अजोनी कोहली के किरदार में बेहद दमदार अंदाज में दिखाई दे रही हैं। उनकी आंखों में गुस्सा और चेहरे पर आत्मविश्वास साफ नजर आता है। चलते हुए ट्रकों के बीच दिखाए गए पोस्टर में जल्दबाजी, हलचल और रहस्य का माहौल दिखाई देता है। वहीं, ‘दायरा’ के लोगो के बीच से गुजरती पुलिस टेप कहानी में एक अलग तरह की सीमा का संकेत देती है।
पृथ्वीराज सुकुमारन डीसीपी रमन कुमार के किरदार में शांत, लेकिन प्रभावशाली अंदाज में नजर आ रहे हैं। बड़े से घास के मैदान में प्रेस कॉन्फ्रेंस के बीच दिखाया गया उनका पोस्टर तनावपूर्ण पल को सामने लाता है। उनके सख्त अंदाज और चेहरे पर नजर आ रहे गुस्से से उनके किरदार के भीतर चल रहे द्वंद्व का संकेत मिलता है। अब दर्शकों की दिलचस्पी इस बात पर है कि आगे उनके किरदार की कहानी किस मोड़ पर पहुंचती है।
नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्ममेकर मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी और सच्ची घटनाओं से प्रेरित ‘दायरा’ की कहानी यश केसवानी, सीमा अग्रवाल और मेघना गुलजार ने लिखी है। यह फिल्म जंगली पिक्चर्स और पेन स्टूडियोज की पहली साथ में की गई फिल्म है। इसके साथ ही, यह मेघना गुलजार और जंगली पिक्चर्स की ‘तलवार’ और ‘राजी’ के बाद तीसरी साझेदारी है।
फिल्म का निर्माण जंगली पिक्चर्स और डॉ. जयंतिलाल गड़ा (पेन स्टूडियोज) ने किया है, जबकि इसका डिस्ट्रीब्यूशन पेन मरुधर कर रहा है।
‘दायरा’ की कहानी की अगली झलक 31 अगस्त, 2026 को ट्रेलर के साथ सामने आएगी। फिल्म 18 सितंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
