प्राइम वीडियो ने अपनी आगामी हिंदी ओरिजिनल सीरीज ‘चार यार’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। शुरुआती 2000 के दशक की मुंबई की पृष्ठभूमि पर आधारित यह आठ एपिसोड की क्राइम ड्रामा सीरीज दोस्ती, महत्वाकांक्षा, लूट, हाई-स्पीड कार चेज और अपराध की खतरनाक दुनिया में फंसे चार युवाओं के संघर्ष को सामने लाती है। सीरीज में पूरव झा, नमन जैन, साकिब अयूब और प्रयाग मेहता मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इनके साथ साईं तम्हाणकर, सिकंदर खेर, दिब्येंदु भट्टाचार्य, राजेश तैलंग, चंकी पांडे और भगवती पेरुमल भी अहम किरदार निभाएंगे।

एक्सक्लूसिव ओरिजिनल्स के लिए मशहूर भारत की सबसे बड़ी स्ट्रीमिंग सर्विस प्राइम वीडियो की इस सीरीज में दोस्ती और महत्वाकांक्षा के साथ हास्य, रोमांचक कार चेज, डकैतियों और आपराधिक दुनिया के अंधेरे पहलुओं को दिखाया गया है। सीरीज का निर्देशन विनय वैकुल ने किया है, जबकि इसकी कहानी संबित मिश्रा और सौरभ सावंत ने लिखी है। पिंक विंडो प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले प्रणति नागरशेठ, नीरज नागरशेठ और पी.एस. श्याम ने इसका निर्माण किया है। बीबीसी स्टूडियोज इंडिया ने इसे विकसित किया है। ‘चार यार’ के निर्माता और रचनाकार विनय वैकुल, एस. हुसैन जैदी, संबित मिश्रा और सौरभ सावंत हैं।

सीरीज की कहानी शुरुआती 2000 के दशक की मुंबई में आगे बढ़ती है, जहां भीड़भाड़ वाली सड़कों और शहर की तेज रफ्तार जिंदगी के बीच सपने पूरे करने की कोशिश में जुटे चार दोस्त जीत, टोनी, साहिल और समीर अपनी मध्यवर्गीय जिंदगी से आगे निकलना चाहते हैं। उनकी जिंदगी तब बदल जाती है, जब मुश्किल हालात में लिया गया एक फैसला उन्हें ऐसे रास्ते पर ले जाता है, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी। देखते ही देखते उनकी सामान्य जिंदगी अपराध, गैंगस्टर और बड़ी चोरियों की खतरनाक दुनिया में उलझ जाती है।

अपनी गलती का एहसास होने तक चारों दोस्त मुंबई के अंडरवर्ल्ड डॉन और उनके पीछे पड़े इंस्पेक्टर सुमित भालेराव के बीच बुरी तरह फंस चुके होते हैं। उनके बनाए प्लान लगातार नाकाम होने लगते हैं और खतरनाक मुठभेड़ों के साथ तेज रफ्तार कार चोरियां उनकी मुश्किलें बढ़ा देती हैं। अब उनके सामने ऐसी आपराधिक दुनिया में जीवित रहने की चुनौती है, जिससे वे पूरी तरह अनजान हैं। इस दुनिया में उनकी एक छोटी-सी गलती भी सब कुछ खत्म कर सकती है। ऐसे में सवाल यही है कि जब जान बचाना सबसे जरूरी हो और हर फैसले की कीमत चुकानी पड़े, तब क्या चारों दोस्त अपनी दोस्ती के सहारे इन मुश्किलों से बाहर निकल पाएंगे?

सीरीज के निर्माता और निर्देशक विनय वैकुल ने कहा कि ‘चार यार’ के जरिए जिंदगी की अनिश्चितता और उसे करीब से जानने के रोमांच को दिखाने की कोशिश की गई है। चार दोस्तों की जिंदगी में अचानक ऐसी घटना होती है कि उन्हें कुछ समझने का मौका मिलने से पहले ही वे एक अनजान मुसीबत में फंस जाते हैं। इस मुश्किल से बाहर निकलने में उनकी दोस्ती ही मदद कर सकती है। चारों की अलग-अलग शख्सियत कभी एक-दूसरे से टकराती है, तो कभी एक-दूसरे का साथ देती है, जिससे उनका सफर उतार-चढ़ाव से भर जाता है।

विनय वैकुल ने कहा कि चारों मुख्य कलाकारों के साथ-साथ साई, सिकंदर, दिव्येंदु और चंकी जैसे प्रतिभाशाली कलाकारों के साथ काम करना शानदार अनुभव रहा। इन कलाकारों ने अपने किरदारों को जीवंत बनाया। उन्होंने कहा कि इस दुनिया को पर्दे पर उतारने में टीम को काफी आनंद आया और वे चाहते हैं कि दर्शक प्राइम वीडियो पर सीरीज देखकर खुद इस सफर का अनुभव करें।

जय का किरदार निभाने वाले प्रयाग मेहता ने कहा कि इस किरदार की सबसे खास बात यह थी कि वह उनके पहले निभाए गए किरदारों से बिल्कुल अलग है। जय कम बोलने वाला ऐसा व्यक्ति है, जो कुछ कहने से पहले सोचता है और हमेशा किसी न किसी योजना के साथ चलता है। जब भी कुछ गलत होता है, तो उसके दोस्त उसी की ओर देखते हैं। हालांकि, प्रयाग के मुताबिक, कई बार लोगों को लगता है कि उन्हें पता है कि वे क्या कर रहे हैं, लेकिन बाद में उन्हें अपनी गलती का एहसास होता है। यही बात जय के किरदार को दिलचस्प बनाती है। उसकी समझदारी उसकी सबसे बड़ी ताकत है, लेकिन यही उसकी कमजोरी भी बन सकती है।

प्रयाग मेहता ने बताया कि एक अभिनेता के तौर पर उन्हें ऐसे किरदार पसंद हैं, जो उन्हें चुनौती दें। जय के किरदार में इतना बड़ा बदलाव आता है कि कई बार उन्हें लगा, जैसे वे तीन अलग-अलग लोगों की भूमिका निभा रहे हों। उन्होंने कहा कि ‘चार यार’ को लेकर वे उत्साहित हैं। अपराध, एक्शन और अफरातफरी के पीछे यह चार दोस्तों की कहानी है, जो अपनी जिंदगी में कुछ हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि युवा दर्शक इस कहानी से जुड़ाव महसूस करेंगे।

टोनी की भूमिका निभाने वाले साकिब अयूब ने कहा कि उन्होंने इससे पहले ‘फर्जी’, ‘बंबई मेरी जान’ और ‘अनदेखी’ में काफी एक्शन और स्टंट किए हैं, लेकिन ‘चार यार’ की ऊर्जा अलग है। इसमें कार चेज, बड़े स्तर के एक्शन दृश्य और तेज रफ्तार घटनाक्रम शामिल हैं। टोनी के किरदार में ढलना और उसके हावभाव को समझना भी उनके लिए मजेदार अनुभव रहा। साकिब ने कहा कि टोनी उनके लिए खास रहेगा, क्योंकि इस किरदार के जरिए उन्हें मुंबई के एक आम लड़के की भूमिका निभाने का मौका मिला, जबकि इससे पहले उन्होंने ज्यादातर दिखावटी और भड़कीले किरदार निभाए थे।

साकिब अयूब ने विनय सर और मुकेश सर का विशेष आभार जताया, जिन्होंने उनमें टोनी के किरदार की संभावना देखी। उन्होंने शूटिंग को शानदार अनुभव बताते हुए कहा कि इसमें शारीरिक चुनौतियों, कार चेज, लगातार चलने वाली रात की शिफ्ट और सह-कलाकारों के साथ बिताए समय ने अहम भूमिका निभाई। उन्हें उम्मीद है कि दर्शकों को सीरीज का रोमांच और अप्रत्याशित घटनाक्रम उतना ही पसंद आएगा, जितना टीम को इसे बनाने में आनंद आया।

साहिल का किरदार निभाने वाले पूरव झा ने कहा कि कई वर्षों तक कंटेंट बनाने के बाद ‘चार यार’ उनके लिए एक खास उपलब्धि है, खासकर ‘द ट्रेटर्स’ के बाद। यह एक अभिनेता के रूप में उनकी पहली बड़ी रिलीज है, जिसका वे लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। साहिल की भूमिका ने उन्हें एक बिल्कुल अलग दुनिया को समझने और तलाशने का अवसर दिया। एक्शन ट्रेनिंग ने भी उन्हें नए तरीकों से चुनौती दी। पूरव ने बताया कि उन्होंने विनय सर से बहुत कुछ सीखा और साकिब, नमन तथा प्रयाग के साथ काम करते हुए अच्छा समय बिताया। अब उन्हें दर्शकों के सामने अपना नया रूप पेश करने और साहिल के सफर से उन्हें परिचित कराने का इंतजार है।

समीर की भूमिका निभाने वाले नमन जैन ने कहा कि समीर ऐसा व्यक्ति है, जो सब कुछ गलत होने पर भी हंसी खोज लेता है। इस पहलू को निभाने में उन्हें काफी मजा आया। गंभीर और तनावपूर्ण परिस्थितियों से भरी कहानी में समीर एक अलग ऊर्जा लेकर आता है, लेकिन सीरीज आगे बढ़ने के साथ उसकी अपनी परेशानियां और व्यक्तित्व के अलग-अलग पहलू भी सामने आते हैं। नमन के अनुसार, समीर जैसा किरदार मिलना और उसे निभाना दोनों ही चुनौतीपूर्ण हैं। इस भूमिका के जरिए उन्होंने ऐसी चीजों को तलाशा, जो उनके पहले निभाए गए किरदारों से बिल्कुल अलग हैं।

नमन जैन ने कहा कि पर्दे के बाहर भी चारों कलाकारों के बीच स्वाभाविक दोस्ती बन गई थी। उनके बीच होने वाली नोकझोंक ने सेट पर बिताए समय को और मजेदार बनाया। उन्होंने चारों कलाकारों को एक साथ लाने के लिए विनय सर का आभार जताया और कहा कि उन्हें दर्शकों के सामने समीर के किरदार को पेश करने तथा यह दिखाने का इंतजार है कि वह इस समूह में क्या खास लेकर आता है।

‘चार यार’ का प्रीमियर 23 अक्टूबर, 2026 को विशेष रूप से प्राइम वीडियो पर होगा। यह सीरीज भारत सहित दुनिया भर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में हिंदी भाषा में उपलब्ध होगी। दोस्ती, अपराध, एक्शन और अप्रत्याशित मोड़ों से भरी यह कहानी चार युवाओं के उस सफर को सामने लाएगी, जिसमें उनके फैसले उन्हें मुंबई के अंडरवर्ल्ड की खतरनाक दुनिया तक पहुंचा देते हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story