बुंदेलखंड की रसोइयों से उठती स्वाद की महक अब नई उड़ान भरने लगी है। 'बुंदेली शेफ सीज़न 4' का पहला ऑडिशन सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। इसके साथ ही बहुप्रतीक्षित ऑनलाइन कुकिंग प्रतियोगिता की शुरुआत उत्साह और कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच हुई, जिसमें बुंदेलखंड की महिलाओं ने अपनी पाक-कला, रचनात्मकता और प्रस्तुति से निर्णायकों को प्रभावित किया।

बुंदेलखंड 24x7 द्वारा आयोजित प्रतियोगिता के पहले ऑडिशन में 26 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बाद छह प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अगले चरण में स्थान बनाया। चयनित प्रतिभागियों में सौम्या जैन, हेमा गुप्ता, नेहा गुप्ता, आकांक्षा प्रजापति, कल्पना अवस्थी और अलका आनंद शामिल हैं। इन प्रतिभागियों ने अपनी विशेष रेसिपी और प्रभावशाली प्रेजेंटेशन के दम पर अगले चरण के लिए अपनी जगह सुनिश्चित की तथा यह साबित किया कि बुंदेलखंड की रसोइयों में स्वाद के साथ असाधारण प्रतिभा भी मौजूद है।

बुंदेलखंड 24x7 के फाउंडर डॉ. अतुल मलिकराम ने चयनित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि पहले ऑडिशन की सफलता यह साबित करती है कि बुंदेलखंड में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि हर रसोई में एक ऐसी कहानी छिपी है, जो अवसर मिलने पर पूरे क्षेत्र की पहचान बन सकती है। उनके अनुसार 'बुंदेली शेफ' का उद्देश्य केवल विजेता चुनना नहीं, बल्कि उन महिलाओं को मंच उपलब्ध कराना है, जिनका हुनर वर्षों से घर की चारदीवारी तक सीमित रहा है। उन्होंने कहा कि पहले ऑडिशन में मिला उत्साह इस विश्वास को और मजबूत करता है कि इस बार का सीज़न पहले से अधिक यादगार रहेगा।

प्रतियोगिता की यात्रा अभी जारी है। जिन प्रतिभागियों ने पहले ऑडिशन में हिस्सा नहीं लिया, उनके लिए अपनी पाक-कला का प्रदर्शन करने का अवसर अभी भी उपलब्ध है। प्रतियोगिता का दूसरा ऑडिशन 10 जुलाई तथा तीसरा ऑडिशन 20 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। इन दोनों चरणों के बाद चयनित प्रतिभागी क्वार्टर फाइनल, सेमी फाइनल और अगस्त के अंत में आयोजित होने वाले भव्य ग्रैंड फिनाले तक पहुंचने के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।

पिछले तीन सीज़नों की तरह इस बार भी 'बुंदेली शेफ' केवल स्वाद की प्रतियोगिता नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, पहचान और सपनों को नई उड़ान देने वाला मंच बनकर उभरा है। पहले ऑडिशन ने प्रतियोगिता की प्रभावशाली शुरुआत कर दी है और अब पूरे बुंदेलखंड की निगाहें 10 और 20 जुलाई को होने वाले अगले दोनों ऑडिशनों पर टिकी हैं, जहां कई और प्रतिभाशाली महिलाएं अपनी रसोई का हुनर पूरे क्षेत्र के सामने प्रस्तुत करने के लिए तैयार हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story