बुंदेलखंड की रसोई से उठती सौंधी खुशबू, देसी तड़का और परंपराओं का स्वाद एक बार फिर पूरे क्षेत्र को उत्साह से भरने लौट रहा है। ‘बुंदेली शेफ’ अपने चौथे सीज़न के साथ फिर तैयार है, जहाँ रसोई से निकलने वाली हर खुशबू केवल व्यंजन नहीं, बल्कि बुंदेलखंड की पहचान बनकर सामने आएगी।

बुंदेली पाककला और महिलाओं के हुनर को मंच देने वाला यह आयोजन इस बार पहले से अधिक भव्य और रोमांचक होने जा रहा है। सीज़न-4 में प्रतिभागियों के हुनर को परखने के लिए तीन बड़े ऑडिशन राउंड आयोजित किए जाएंगे। इन राउंड्स में चयनित प्रतिभागियों को क्रमशः क्वार्टर फाइनल, सेमी फाइनल और भव्य ग्रैंड फिनाले तक पहुंचने का अवसर मिलेगा। इसी प्रक्रिया के जरिए बुंदेलखंड की सर्वश्रेष्ठ रसोई की नई पहचान सामने आएगी।

‘बुंदेलखंड 24x7’ के फाउंडर डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि ‘बुंदेली शेफ’ की शुरुआत केवल एक कुकिंग शो बनाने के उद्देश्य से नहीं की गई थी, बल्कि इसका मकसद बुंदेलखंड की उन प्रतिभाशाली महिलाओं को मंच देना था, जिनका हुनर अक्सर घर की चारदीवारी तक सीमित रह जाता है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन सीज़न्स में इस मंच ने कई महिलाओं के भीतर आत्मविश्वास जगाया, उन्हें नई पहचान दी और उनके सपनों को नई उड़ान प्रदान की। उनके अनुसार, ‘बुंदेली शेफ’ अब केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बुंदेलखंड की संस्कृति, परंपरा और स्वाद का उत्सव बन चुका है।

डॉ. मलिकराम ने कहा कि सीज़न-4 में नए चेहरे, पाककला की नई कहानियाँ और ऐसे अनोखे स्वाद देखने को मिलेंगे, जो पूरे बुंदेलखंड को अपनी मिट्टी पर गर्व करने का अवसर देंगे।

पिछले तीन सीज़न्स में इस मंच ने कई प्रतिभाओं को पहचान दिलाई है। सीज़न-1 की विजेता शमिता सिंह ने अपने सहज और पारंपरिक स्वाद से लोगों का दिल जीता था। इसके बाद सीज़न-2 में ज़हीदा परवीन ने यह साबित किया कि बुंदेली रसोई में हुनर और प्रयोग दोनों साथ-साथ चल सकते हैं। वहीं, कुछ माह पूर्व सम्पन्न हुए सीज़न-3 में शाजिदा अमीर ने अपने लाजवाब व्यंजनों से ऐसा प्रभाव छोड़ा कि उनकी जीत पूरे बुंदेलखंड के लिए गर्व का क्षण बन गई।

‘बुंदेली शेफ’ अब उस भावना का उत्सव बन चुका है, जहाँ महिलाएँ अपनी थाली में अपना हुनर, अपने सपने और अपने संस्कार लेकर मंच पर पहुंचती हैं। हर नए सीज़न के साथ यह आयोजन साबित कर रहा है कि बुंदेलखंड की रसोई में केवल स्वाद ही नहीं, बल्कि लोगों को जोड़ने वाली आत्मीयता भी बसती है।

सीज़न-4 को लेकर अभी से लोगों के बीच उत्साह दिखाई देने लगा है। यह मंच केवल जीत की प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि उस मिट्टी की खुशबू को दुनिया तक पहुँचाने का माध्यम बन चुका है, जो हर बुंदेली रसोई में आज भी प्रेम, अपनापन और परंपरा के साथ पकती है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story