बिग बॉस 20 के वीकेंड का वार एपिसोड में सलमान खान ने कंटेस्टेंट काजी तौकीर को ऐसा सरप्राइज दिया, जिसकी उन्हें उम्मीद नहीं थी। सलमान ने काजी को बिग बॉस के घर से बाहर आने के बाद उनके साथ एक गाना करने का ऑफर दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने शो की कंटेस्टेंट अरिश्फा खान से भी साथ काम करने का वादा किया। सलमान के इन ऐलानों के बाद काजी और अरिश्फा के लिए बॉलीवुड में काम करने के नए रास्ते खुलने की उम्मीद बढ़ गई है।

कलर्स टीवी के रियलिटी शो बिग बॉस 20 में नजर आ रहे काजी तौकीर अपनी मनोरंजक अदाओं और चुलबुले अंदाज से दर्शकों का ध्यान खींच रहे हैं। शो में उनकी पहचान सबसे ज्यादा मनोरंजन करने वाले कंटेस्टेंट के तौर पर बन चुकी है। हाल ही में उन्होंने काजीना का अवतार अपनाकर दर्शकों को खूब हंसाया था। वहीं, वीकेंड का वार में भी उनके नटखट अंदाज ने शो के होस्ट सलमान खान का दिल जीत लिया। काजी की हरकतें देखकर सलमान खान भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए।

वीकेंड का वार एपिसोड के दौरान सलमान खान ने काजी तौकीर की जमकर तारीफ की। इसके बाद उन्होंने काजी को खास सरप्राइज देते हुए उनके साथ गाना करने का वादा किया। सलमान ने उनसे साफ कहा कि बिग बॉस के घर से बाहर निकलते ही दोनों साथ में एक गाना करेंगे। सलमान खान की ओर से मिला यह ऑफर काजी के लिए बड़ा मौका है। अब सवाल है कि क्या बिग बॉस 20 से बाहर आने के बाद काजी तौकीर को बॉलीवुड में भी काम करने का अवसर मिलेगा?

इसी एपिसोड में सलमान खान ने अरिश्फा खान को भी साथ काम करने का भरोसा दिया। शो के दौरान अरिश्फा ने सलमान को बताया कि वह उनके साथ काम करने का सपना लेकर मुंबई आई थीं। इसके बाद उन्होंने सीधे सलमान खान से पूछा कि क्या उन्हें कभी उनके साथ काम करने का मौका मिलेगा। इस पर सलमान ने बिना देर किए अरिश्फा को भरोसा दिलाया कि वह उनका यह सपना जरूर पूरा करेंगे। सलमान के इस वादे से अरिश्फा का उनके साथ काम करने का सपना पूरा होने की उम्मीद जगी है।

गौरतलब है कि सलमान खान से पहले फिल्ममेकर रोहित शेट्टी भी काजी तौकीर को अपनी फिल्म में गाना गाने का ऑफर दे चुके हैं। ऐसे में सलमान की ओर से मिला यह प्रस्ताव काजी के लिए दूसरा बड़ा मौका है। बिग बॉस 20 में काजी को दर्शकों का भी अच्छा समर्थन मिल रहा है। अब सलमान खान और रोहित शेट्टी से मिले प्रस्तावों के बीच यह देखना अहम होगा कि शो से बाहर आने के बाद काजी अपने इन मौकों को किस तरह आगे बढ़ाते हैं।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story