ज़ी म्यूज़िक द्वारा प्रस्तुत ‘भाभी तबाही’ गाना रिलीज़ हो गया है, जिसमें यामी गौतम धर नई भाभी के अवतार में नजर आ रही हैं। अमेज़न MGM स्टूडियोज़ और कलर येलो की आने वाली थिएटर फिल्म ‘नई नवेली’ के इस पहले गाने में शादी के जश्न के बीच नई भाभी की मुंह दिखाई को खास म्यूजिकल सेरेमनी के रूप में पेश किया गया है। गाने के जरिए फिल्म में अब तक बने “भाभी डायन है” वाले रहस्य को एक अलग, देसी और म्यूजिकल अंदाज दिया गया है।

‘भाभी तबाही’ को जी.वी. प्रकाश कुमार ने कंपोज और प्रोड्यूस किया है, जबकि वायु ने इसके बोल लिखे हैं और नीति मोहन ने अपनी आवाज दी है। शादी के जश्न की पृष्ठभूमि पर फिल्माए गए इस गाने में नई भाभी परिवार में अपनी ग्रैंड एंट्री करती नजर आती हैं और यामी गौतम धर सेंटर स्टेज पर दिखाई देती हैं।

गाने में भांगड़ा, रैप, क्लासिकल और हिप-हॉप का मेल देखने को मिलता है। देसी एनर्जी से भरपूर इस ट्रैक में शादी का माहौल, कैची हुक स्टेप और यामी का चार्म और स्वैग एक साथ नजर आता है। गाने के जरिए फिल्म की कहानी में मौजूद रहस्य के बीच एक म्यूजिकल सेलिब्रेशन का रंग जोड़ा गया है।

‘नई नवेली’ को लेकर दर्शकों के बीच यह सवाल बना हुआ था कि क्या फिल्म की नई बहू सच में “दयान” है। ‘भाभी तबाही’ इस किरदार का एक अलग पक्ष सामने लाता है। गाने में नई भाभी अपनी मुंह दिखाई के जरिए परिवार में एंट्री करती हैं और इसी क्रम में फिल्म के रहस्य के बीच एक अलग माहौल तैयार होता है।

गाने के बारे में बात करते हुए जी.वी. प्रकाश कुमार ने कहा, “‘भाभी तबाही’ उन गानों में से एक है, जिसमें हम महज साउंड के साथ कुछ मजेदार करना चाहते थे। इसमें एकदम देसी तड़का है, लेकिन साथ ही यह फ्रेश भी लगे और इसमें बहुत सारी एनर्जी भी हो। हम नहीं चाहते थे कि इस गाने के बारे में पहले से ही अंदाजा लगाया जा सके, इसलिए हमने रिदम और अरेंजमेंट के साथ काफी प्रयोग किया है। वायु के गाने के बोल में एक मस्तीभरी एनर्जी है और नीति की आवाज गाने में बहुत सारा कैरेक्टर लेकर आती है। यामी ने भी अच्छी तरह से समझ लिया था कि उनके किरदार को इस गाने में क्या है। पूरे गाने में थोड़ी सी पागलपन वाली एनर्जी है, और मुझे लगता है कि यही इसे इतना जबरदस्त बनाती है। यह ऐसा गाना है, जिसे आप किसी भी फैमिली सेलिब्रेशन में बजाने के बारे में सोच सकते हैं, जहां हर कोई इसे गाते हुए शामिल होगा।”

कोरियोग्राफर विजय गांगुली ने कहा, “‘भाभी तबाही’ उन सबसे मस्तीभरे गानों में से एक है, जिन्हें मैंने अब तक कोरियोग्राफ किया है। फिल्म में यानी मोहिनी का किरदार निभा रही हैं, उनके साथ यह गाना करना बेहद खास रहा है। मोहिनी की पर्सनैलिटी काफी अलग है और वह केवल एक बीट पर अपने एक्सप्रेशन और डांस फॉर्म बदल सकती है। कोरियोग्राफी में भी वही कॉन्फिडेंस होना जरूरी था, साथ ही इसमें शरारत का सही तड़का भी होना चाहिए था, ताकि यह पूरी तरह मोहिनी का हिस्सा लगे। गाना स्क्रिप्ट में इतनी अच्छी तरह लिखा गया है कि इसकी कहानी को कोरियोग्राफ करना बेहद मजेदार रहा, खासकर देवर-भाभी का आमना-सामना। यामी ने यह सुनिश्चित करने के लिए बहुत मेहनत की कि हम लंबे टेक्स को अच्छे से कर पाएं और उन्होंने अपनी परफॉर्मेंस में बहुत सारी स्पॉन्टेनिटी भी लाई। गाना और इसके विजुअल्स आपको धीरे-धीरे और भी पसंद आएंगे और यकीनन आपको इसे बार-बार देखने का मन करेगा।”

फिल्म में यामी गौतम धर लीड रोल निभा रही हैं। इस फैंटेसी फैमिली एंटरटेनर में आदिनाथ एम कोठारे, अनुराग ठाकुर, सुनीता राजवर, मीता वशिष्ठ, आदित्य कुलश्रेष्ठ, सुस्मिता मुखर्जी, सोनल झा, सुनील सिन्हा, प्रतीक पचौरी, अक्षत सिंह, बबीता पांडे, अजय पाल और नीरज सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं।

‘नई नवेली’ को आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा ने प्रोड्यूस किया है, जबकि बालाजी मोहन ने इसका निर्देशन किया है। फिल्म की कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है।

फिल्म के टीज़र के बाद जहां दर्शकों के बीच यह सवाल बना हुआ था कि क्या नई बहू सच में “दयान” है, वहीं ‘भाभी तबाही’ में उसका एक अलग अंदाज सामने आया है। गाने में मुंह दिखाई के जरिए नई भाभी परिवार में अपनी एंट्री करती नजर आती हैं। अब फिल्म 16 अक्टूबर को दशहरे से पहले भारत भर के थिएटर्स में रिलीज़ होने वाली है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story