'बंटवारा 1947' का नया गाना 'तब्बसुम' रिलीज, ए. आर. रहमान के संगीत और सोनू निगम की आवाज ने जीता दिल
'बंटवारा 1947' का नया रोमांटिक गीत 'तब्बसुम' रिलीज हो गया है। ए. आर. रहमान के संगीत, जावेद अख्तर के बोल और सोनू निगम व हीर की आवाज से सजे इस गीत में अली फज़ल, करण देओल, कनिका और ईशा नजर आते हैं। जानिए फिल्म और इसकी रिलीज से जुड़ी सभी अहम जानकारी।

फिल्म 'बंटवारा 1947' के नए गाने 'तब्बसुम' के पोस्टर में कनिका, अली फज़ल, करण देओल और ईशा नजर आ रहे हैं।
आमिर खान प्रोडक्शंस की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'बंटवारा 1947' को लेकर दर्शकों के बीच लगातार उत्साह बढ़ता जा रहा है। फिल्म के ऐलान के बाद जारी हुए पहले पोस्टर और टीजर को शानदार प्रतिक्रिया मिली थी, वहीं हाल ही में रिलीज हुए ट्रेलर को भी देशभर के दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। इसी उत्साह के बीच अब मेकर्स ने फिल्म का नया गाना 'तब्बसुम' रिलीज कर दिया है।
भारत के बंटवारे की पृष्ठभूमि पर आधारित 'बंटवारा 1947' प्यार, त्याग और कठिन परिस्थितियों में हिम्मत की भावनात्मक कहानी पेश करने का वादा करती है। इसी कहानी की भावनाओं को आगे बढ़ाते हुए रिलीज किया गया 'तब्बसुम' एक रोमांटिक गीत है, जो मुश्किल हालात के बीच प्यार, उम्मीद और नर्मी की खूबसूरती को दर्शाता है।
गाने के वीडियो में अली फज़ल, करण देओल, कनिका और ईशा नजर आ रहे हैं। वीडियो में रोमांस की मासूमियत और एक मुस्कान की खुशी को खूबसूरती से दिखाया गया है, जो गाने के शीर्षक 'तब्बसुम' के अर्थ को भी बयां करता है। कलाकारों की केमिस्ट्री और कहानी को प्रस्तुत करने का अंदाज इस गीत को अलग पहचान देता है और फिल्म के भावनात्मक रिश्तों की झलक भी दिखाता है।
गाने का वीडियो साझा करते हुए मेकर्स ने लिखा, "एक ऐसा नाम, जिसमें धूप की गर्माहट, जिंदगी के रंग और हमेशा साथ रहने वाला एहसास है ✨"
#Tabassum Out Now! #Batwara1947
https://youtu.be/cxdETOSAShU?si=0oXzObmNMMmotXVM
'तब्बसुम' को दिग्गज ए. आर. रहमान ने कंपोज, प्रोड्यूस और अरेंज किया है, जबकि इसके बोल जावेद अख्तर ने लिखे हैं। इस गीत को सोनू निगम और हीर ने अपनी आवाज दी है। यह गीत धुन और भावनाओं का ऐसा मेल प्रस्तुत करता है, जो फिल्म की कहानी की झलक भी देता है। गाने के इमोशनल विजुअल्स और संगीत ने 'बंटवारा 1947' को लेकर दर्शकों की उम्मीदें और बढ़ा दी हैं तथा यह संकेत दिया है कि फिल्म सिनेमाघरों में एक भावनात्मक कहानी लेकर आने वाली है।
'बंटवारा 1947' में शबाना आज़मी, सनी देओल, प्रीति जी जिंटा, करण देओल, अली फज़ल और अभिमन्यु सिंह प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की एक खास बात यह भी है कि करीब तीन दशक बाद निर्देशक राजकुमार संतोषी और सनी देओल की बहुप्रतीक्षित जोड़ी एक बार फिर साथ काम कर रही है।
आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन नेशनल अवॉर्ड विनिंग फिल्ममेकर राजकुमार संतोषी ने किया है। फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने दिया है, जबकि इसके गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फिल्म को आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है। 'बंटवारा 1947' दुनियाभर के सिनेमाघरों में 14 अगस्त 2026, यानी पार्टिशन डे पर रिलीज होगी।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
