रामायणम्’ के मेकर्स ने फिल्म से अरुण गोविल का नया सोलो पोस्टर जारी किया है, जिसमें वह अयोध्या के राजा और भगवान राम के पिता राजा दशरथ के रूप में नजर आ रहे हैं। अरुण गोविल के लिए यह भूमिका इसलिए भी खास है, क्योंकि भगवान राम का किरदार निभाकर वह कई पीढ़ियों के दर्शकों की नजरों में इस भूमिका को अमर कर चुके हैं।

दो भागों में बन रही इस एपिक सागा से सामने आए फर्स्ट लुक में अरुण गोविल शाही अंदाज में दिखाई दे रहे हैं। भगवान राम की भूमिका के जरिए वर्षों से दर्शकों के दिलों में अपनी पहचान बनाने वाले अरुण गोविल अब सिल्वर स्क्रीन पर अयोध्या के राजा दशरथ की भूमिका निभाएंगे। फिल्म की कास्ट में उनका शामिल होना इसलिए भी अहम है कि रामायण की दुनिया से गहराई से जुड़े एक्टर को इस बार एक बिल्कुल नई और महत्वपूर्ण भूमिका में देखा जाएगा।

मेकर्स ने सोशल मीडिया पर अरुण गोविल का नया पोस्टर साझा किया। पोस्ट के कैप्शन में लिखा है, “एक समय उन्होंने एक पूरी पीढ़ी के लिए राम का किरदार जिंदा किया था। अब वह अयोध्या के राजा के रूप में रामायण की दुनिया में वापसी कर रहे हैं। अरुण गोविल बतौर राजा दशरथ।”

पोस्टर में अरुण गोविल राजा दशरथ के शाही अवतार में नजर आ रहे हैं। उनके लुक की डिटेलिंग अयोध्या के राजा के रुतबे और प्रभाव को दर्शाती है। यह पोस्टर उन दर्शकों के लिए भी खास है, जो अरुण गोविल को भगवान राम के रूप में देखते हुए बड़े हुए हैं। अब वही अभिनेता उस किरदार के पिता की भूमिका में नजर आएंगे, जिसे उन्होंने दर्शकों के बीच आइकॉनिक पहचान दिलाई थी।

दुनिया के सबसे ज्यादा पूजे जाने वाले महाकाव्यों में से एक ‘रामायणम्’ को बड़े पर्दे पर लाया जा रहा है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, रॉकिंग स्टार यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायणम्’ को नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने 8 बार ऑस्कर जीत चुके डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर बनाया है। यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। पार्ट 1, 5 नवंबर 2026 को और पार्ट 2 दिवाली 2027 में दुनियाभर में हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगा।

फिल्म को सोनी पिक्चर्स दुनिया भर में भारत छोड़कर रिलीज करेगी, जबकि हिंदी भाषी मार्केट में धर्मा प्रोडक्शंस इसके डिस्ट्रीब्यूटर हैं। ‘रामायणम्’ दुनियाभर में IMAX में रिलीज होगी। ऐसे में अरुण गोविल का राजा दशरथ के रूप में सामने आया यह पहला लुक फिल्म की कास्टिंग को लेकर एक महत्वपूर्ण झलक पेश करता है।

Updated On
Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story