अनुभव सिन्हा के नए म्यूजिक लेबल ‘बनारस बीट’ ने अपने पहले सिंगल ‘बारिश और तुम’ के साथ म्यूजिक की दुनिया में कदम रखा है। गाने में इंसानी भावनाओं को केंद्र में रखते हुए AI और इंसानी एनीमेशन के मेल से इसकी कहानी को अनोखे विजुअल के साथ प्रस्तुत किया गया है।

अनुभव सिन्हा भारत के जाने-माने फिल्ममेकर होने के साथ प्रोड्यूसर और राइटर भी हैं। अपने कई साल के करियर में उन्होंने कई कहानियां दी हैं, जो बॉक्स ऑफिस पर भी सुपरहिट रही हैं। अपने सिग्नेचर स्टोरी टेलिंग से आगे बढ़ते हुए अनुभव सिन्हा ने अपने प्रोडक्शन बैनर के तहत म्यूजिक लेबल ‘बनारस बीट’ लॉन्च किया है। यह उनका लंबे समय से संगीत के प्रति प्रेम से जुड़ा पैशन प्रोजेक्ट है।

बनारस बीट का आइडिया अनुभव सिन्हा के मन में करीब 8 साल पहले आया था। बाद में उन्होंने कंपोजर्स और क्रिएटर्स की टीम को साथ लाकर इसे आकार दिया। फिल्मी ट्रैक से आगे बढ़ते हुए बनारस बीट का मकसद लिस्नर्स को ओरिजिनल, इंडिपेंडेंट कंपोजिशन पेश करना है।

अपने इस नए कदम के पीछे की सोच और संगीत से अपने जुड़ाव के बारे में अनुभव सिन्हा ने कहा, “एक बहुत दिलचस्प कहावत है कि अगर आप कुछ करना चाहते हैं और उसके लिए कुछ नहीं करते, तो वह एक सपना है, लेकिन अगर आप कुछ करना चाहते हैं और उसके लिए बहुत कुछ करते हैं, तो वह एक अभिलाषा है। बनारस बीट का आइडिया करीब 7-8 साल पहले मेरे मन में ऑफिस में मेंटेन के दौरान आया था। मुझे म्यूजिक से बहुत प्यार है, इतना कि 3 साल पहले मैंने खुद म्यूजिक सीखना शुरू कर दिया। बचपन से ही मुझे म्यूजिक का शौक रहा है, मेरे कमरे में हर वक्त म्यूजिक बजता रहता है।”

अपने विजन को आगे बढ़ाते हुए अनुभव सिन्हा ने बनारस बीट के बैनर तले इसका पहला गाना ‘बारिश और तुम’ रिलीज किया है। प्लेटफॉर्म के लिए यह पहली शुरुआत है और गाने को अब्दुल शेख ने अपनी आवाज दी है। इसके विजुअल में AI के साथ-साथ इंसानी एनीमेशन का भी इस्तेमाल किया गया है।

गाने के म्यूजिक वीडियो में पुरानी यादों के साथ रोमांस और परवाह करने जैसे भावनाओं को साथ लाया गया है। इसमें पहाड़ों के खूबसूरत नजारों और शहर की चिंता में डूबी जिंदगी को एक साथ दिखाया गया है। म्यूजिक वीडियो में यह बताया गया है कि बारिश की एक साधारण बौछार भी अपनों की यादों को फिर से ताजा कर सकती है।

अपने नए रिलीज के पीछे मौजूद सोच को साझा करते हुए मेकर्स ने लिखा है, “बारिश में दुनिया थोड़ी धीमी सी लगने लगती है और इसी के साथ यादों, जज़्बातों और उन लोगों के लिए जगह बन जाती है, जो हमारे दिल के बेहद करीब हैं। ‘बारिश और तुम’ प्यार और किसी की कमी को महसूस करने वाली एक दिल छू लेने वाली कहानी है, जो उस एहसास को बयां करती है जब बारिश बीते हुए पलों को धीरे से वापस आज में ले आती है। बारिश होते ही आपको किसकी याद आती है? ‘बारिश और तुम’ — अब रिलीज हो चुका है।”

बनारस बीट का पहला गाना ‘बारिश और तुम’ अब बड़े स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर सुनने के लिए उपलब्ध है। गाने के जरिए लेबल ने संगीत की दुनिया में दिल को छू लेने वाले इंडिपेंडेंट ट्रैक पेश करने की शुरुआत की है। गाने में इंसानी भावनाओं को एक साथ लाया गया है, वहीं AI और इंसानी एनीमेशन के मेल से तैयार विजुअल इसकी कहानी को अलग रूप देते हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story