अभिनेत्री अनीत पड्डा ने अपना 24वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी निजी जन्मदिन पार्टी की कई तस्वीरें साझा कीं, जिनमें उनकी ‘सैयारा’ के सह-कलाकार अहान पांडे और बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट भी नजर आए। तस्वीरों के साथ अनीत ने एक भावुक संदेश लिखा, जिसमें उन्होंने जन्मदिन, पुरानी यादों, अपनों की कमी, प्यार और जिंदगी में खास जगह रखने वाले लोगों के बारे में अपने विचार साझा किए। इस दौरान उन्होंने अपने दिवंगत दादू और पालतू जूली को भी याद किया।

अनीत ने इंस्टाग्राम पर साझा की गई तस्वीरों के साथ बताया कि जन्मदिन उनके लिए खुशी के साथ-साथ अपनों को याद करने का भी अवसर होता है। उन्होंने लिखा कि जन्मदिन के दिन जैसे-जैसे रात के 12 बजने का समय करीब आता है, उनका दिल तेजी से धड़कने लगता है और दिमाग में बीते पलों की यादें चलने लगती हैं। उन्हें उन सभी पलों की याद आती है, जिन्हें वह याद करती हैं, कुछ पछतावे, वे प्यार भरे शब्द जो उन्होंने कहे या कह नहीं पाईं, वे फोन कॉल जो कभी नहीं किए, छोटी-छोटी सफलताएं जिन्हें मनाना भूल गईं, वे लोग जिनसे पर्याप्त मुलाकात नहीं हो पाती और वे योजनाएं जो आपसी गलतफहमियों के कारण अधूरी रह गईं।

अभिनेत्री ने अपने दिवंगत दादू को याद करते हुए लिखा कि अब उन्हें उनके बिना कई जन्मदिन मनाने होंगे। उनके लिए यह सोचना भी अजीब है कि उनके बिना जिंदगी आगे बढ़ रही है। उन्होंने अपने पालतू जानवर जूली को भी याद किया। अनीत ने लिखा कि उन्हें रात में जूली के खर्राटे तक याद आते हैं। ये ऐसी छोटी-छोटी बातें हैं, जिन्हें याद करने की उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। उन्होंने उन पलों और प्यार का भी जिक्र किया, जिन्हें वह यह सोचकर खुलकर जाहिर नहीं कर पाईं कि उनके पास इसके लिए पूरी जिंदगी है।

अनीत ने बताया कि जब उदासी उन पर हावी होने लगती है, तब उनकी मां और पिता का फोन आता है। उनकी बहन उन्हें वह चीज भेजती हैं, जिसे वह लंबे समय से चाहती थीं, जबकि वह चीज उनकी बहन की आर्थिक क्षमता से भी कहीं ज्यादा महंगी है। उनकी बचपन की सबसे अच्छी दोस्त उन्हें 17 साल की उम्र के दिनों की याद दिलाती हैं। अभिनेत्री ने लिखा कि उन दिनों की छोटी लड़कियों को वह बहुत याद करती हैं।

उन्होंने अपने नए दोस्तों का भी आभार जताया, जिन्होंने उन्हें जिंदगी के ऐसे रंगों से परिचित कराया, जिनके अस्तित्व के बारे में उन्हें पहले पता नहीं था। इसके साथ ही उन्होंने अपने प्रशंसकों को अपना विस्तारित परिवार बताते हुए कहा कि उन सभी ने उन्हें बच्चे की तरह रोने पर मजबूर कर दिया। अनीत ने लिखा कि उन्होंने अपने जन्मदिन के हर पल को संजोया और यह सोचकर खुद को भाग्यशाली महसूस किया कि उन्हें इतना प्यार मिलता है। 24 साल की उम्र में उनके पास संजोकर रखने के लिए इतनी खूबसूरत चीजें और प्यार करने के साथ याद करने के लिए इतने सारे लोग हैं।

अभिनेत्री ने आगे लिखा कि कई बार वह बीती हुई चीजों को याद करने में इतना समय लगा देती हैं कि आसपास मौजूद खुशियों और प्यार को देखना भूल जाती हैं। उन्होंने कहा कि इस छोटी-सी जिंदगी में अब भी बहुत सारा प्यार, दुख, खुशी, उम्मीद और जादू मौजूद है। उन्हें नहीं पता कि उन्होंने ऐसा क्या किया है, जिसके कारण उन्हें इतना कुछ मिला। अनीत ने लिखा कि जन्मदिन पर कुछ ऐसा होता है, जो उन्हें रुला देता है और वह अपने हर आंसू को संजोकर उसके लिए घुटनों के बल बैठकर भगवान का शुक्रिया अदा करना चाहेंगी।

अनीत ने यह भी स्वीकार किया कि जन्मदिन से जुड़ी अपनी यह पोस्ट साझा करने में उन्हें देर हो गई। उन्होंने लिखा कि वह जानती हैं कि पोस्ट देर से आई है, लेकिन यह पूरी तरह देर से भी नहीं है, क्योंकि यह केवल जन्मदिन मनाने के बारे में नहीं है। उनके मुताबिक, कई बार जिंदगी जीने की व्यस्तता में जिन भावनाओं को महसूस करने का समय नहीं मिलता, वे एक साथ सामने आ जाती हैं। इसमें मिला हुआ प्यार, खोया हुआ प्यार और अब भी दूसरों को देने के लिए बाकी प्यार शामिल है। उन्होंने कहा कि वह सभी को और करीब रखना चाहती हैं और उन्हें बताना चाहती हैं कि वे उनके लिए कितने मायने रखते हैं, लेकिन उन्हें लगता है कि इसके बाद भी वह अपनी भावनाएं पूरी तरह व्यक्त नहीं कर पाएंगी।

अपने इस साल की इच्छा के बारे में बताते हुए अनीत ने लिखा कि उन्होंने सभी के खुश रहने की कामना की थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी लोग खुश होंगे और उन्हें यह पता होगा कि वह उनसे वास्तव में कितना प्यार करती हैं। अभिनेत्री ने कहा कि वह प्यार जताने के हर संभव तरीके को खोजना चाहती हैं और इसके लिए उनके पास पूरी जिंदगी है। फिलहाल वह अपनी इस अव्यवस्थित और काफी देर से साझा की गई पोस्ट के जरिए ही अपनी भावनाएं जाहिर कर पा रही हैं। उन्होंने अंत में सभी को प्यार और आंसुओं के साथ-साथ मुस्कान देने के लिए धन्यवाद दिया।

अनीत पड्डा की इस जन्मदिन पोस्ट में जहां उनके 24 साल पूरे होने की खुशी दिखाई दी, वहीं इसमें परिवार, दोस्तों, प्रशंसकों और उन अपनों की यादें भी शामिल रहीं, जो अब उनके बीच नहीं हैं। अभिनेत्री ने अपने संदेश के जरिए जन्मदिन को केवल एक उत्सव के बजाय बीते पलों, रिश्तों और जीवन में मिले प्यार को याद करने का अवसर बताया।

Next Story