मुंबई, नवंबर 2026: अभिनेता अनिल कपूर ने अपने बचपन से जुड़ा एक ऐसा किस्सा साझा किया है, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। उन्होंने खुलासा किया कि फिल्मी दुनिया में कैमरे के सामने उनका पहला शॉट अपने पिता और निर्माता सुरिंदर कपूर की वर्ष 1965 में आई फिल्म ‘टार्ज़न कम्स टू दिल्ली’ के लिए था। इस फिल्म में दिग्गज पहलवान और अभिनेता दारा सिंह मुख्य भूमिका में थे।

स्टार प्लस के शो ‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ में होस्ट की भूमिका निभा रहे अनिल कपूर अक्सर प्रतियोगियों के साथ बातचीत के दौरान अपनी जिंदगी से जुड़े किस्से साझा करते हैं। आगामी एपिसोड में ‘इंडियन टार्ज़न कपल’ के नाम से मशहूर जोड़ी से बातचीत करते हुए उन्होंने अपने बचपन की इस पुरानी याद का जिक्र किया।

‘टार्ज़न’ नाम सुनते ही अनिल कपूर को अपने पिता सुरिंदर कपूर की फिल्म ‘टार्ज़न कम्स टू दिल्ली’ याद आ गई। उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान वह बचपन में कुतुब मीनार के सामने गए थे, जहां उन्होंने तस्वीरें भी खिंचवाई थीं। इसी दौरान उन्होंने फिल्म के लिए अपना पहला शॉट दिया था।

इस किस्से को साझा करते हुए अनिल कपूर ने कहा, “सबसे पहली बार मैंने ‘टार्ज़न कम्स टू दिल्ली’ में कैमरा फेस किया था। ये किसी को नहीं पता। तब हम कुतुब मीनार के सामने गए थे और वहाँ हमने तस्वीरें भी ली थीं। वहीं मैंने ‘टार्ज़न कम्स टू दिल्ली’ के लिए एक शॉट दिया था। जैसे ही ‘टार्ज़न’ का नाम सुना, मुझे अपने पिताजी याद आ गए और उस फिल्म की भी याद आ गई। दारा सिंह जी उस फिल्म के हीरो थे। रुस्तम-ए-हिंद दारा जी उन सबसे बेहतरीन और नेक इंसानों में से एक थे जिन्हें मैंने जाना। बहुत ही, बहुत ही बड़े दिल के और अच्छे इंसान थे दारा सिंह जी।”

अनिल कपूर ने इस दौरान दारा सिंह के व्यक्तित्व को भी याद किया और उन्हें अपने जानने वाले सबसे बेहतरीन तथा नेक इंसानों में से एक बताया। उन्होंने दारा सिंह को बड़े दिल वाला और अच्छा इंसान बताते हुए उनके प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया।

‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ का प्रसारण इस शनिवार और रविवार रात 8 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर होगा। आगामी एपिसोड में अनिल कपूर के बचपन और उनके फिल्मी सफर से जुड़ी यह अनसुनी याद दर्शकों के सामने आएगी।

Next Story