अनिल कपूर ने शत्रुघ्न सिन्हा को बताया 'दोस्तों का दोस्त', पड़ोसी होने पर जताया गर्व
टीवी शो 'इंडिया के टॉप 1%' के स्पेशल एपिसोड में बिहार के एक प्रतिभागी से बातचीत के दौरान अनिल कपूर ने शत्रुघ्न सिन्हा के साथ अपनी दशकों पुरानी दोस्ती और उनके व्यक्तित्व की सराहना की।

बाएं से शत्रुघ्न सिन्हा और अनिल कपूर; स्टार प्लस के शो में अनिल ने शत्रुघ्न से दोस्ती का जिक्र किया।
बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर ने दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा के साथ अपनी दशकों पुरानी दोस्ती को लेकर खास बात साझा की है। स्टार प्लस के शो ‘इंडिया के टॉप 1%- द अनिल कपूर शो’ में उन्होंने शत्रुघ्न सिन्हा की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें ‘दोस्तों का दोस्त’ बताया। अनिल कपूर ने यह भी कहा कि उन्हें गर्व है कि शत्रुघ्न सिन्हा उनके पड़ोसी हैं।
मुंबई, नवम्बर, 2026: अनिल कपूर और शत्रुघ्न सिन्हा की दोस्ती दशकों पुरानी है। दोनों कलाकार 1980 के दशक की फिल्म ‘युद्ध’ में एक साथ नजर आए थे। फिल्मों में साथ काम करने के अलावा दोनों वास्तविक जीवन में भी पड़ोसी हैं। शो के दौरान अनिल कपूर ने शत्रुघ्न सिन्हा के साथ अपने इसी खास रिश्ते का जिक्र किया और उनके प्रति सम्मान तथा स्नेह जाहिर किया।
शो के ‘ग्रेट इंडियन बुद्धि लीग’ स्पेशल एपिसोड में बिहार के प्रतिभागी लालमणि श्रीवास्तव ने खुद को दुनिया का सबसे खुश इंसान बताया। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग हमेशा खुश रहते हैं। उनकी इस बात पर अनिल कपूर ने मशहूर कहावत सुनाई, “जो न कटे आरी से, वो कटे बिहारी से।”
इसके बाद अनिल कपूर ने बिहार की प्रतिभाओं की सराहना करते हुए शत्रुघ्न सिन्हा का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि शत्रुघ्न सिन्हा भी बिहार से हैं और उनके पड़ोसी हैं। अभिनेता ने शत्रुघ्न सिन्हा के व्यक्तित्व और दोस्ती निभाने के अंदाज की तारीफ करते हुए कहा, “मेरे पड़ोसी हैं शत्रुघ्न सिन्हा साहब, वे बिहार से हैं। मैं उनकी बहुत इज़्ज़त करता हूँ। बहुत बढ़िया इंसान हैं और मैं दिल से उनको चाहता हूँ। इन फैक्ट, शत्रुघ्न साहब दोस्तों के दोस्त हैं और मुझे गर्व है कि वे मेरे पड़ोसी हैं।”
अनिल कपूर का यह बयान दोनों अभिनेताओं के बीच लंबे समय से कायम दोस्ती और आपसी सम्मान को सामने लाता है। ‘इंडिया के टॉप 1%- द अनिल कपूर शो’ हर शनिवार और रविवार रात 8 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर प्रसारित होता है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
