मुंबई में अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के आगामी कॉन्सर्ट को बम धमाके की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। मुंबई की मेयर रितु तावड़े के कार्यालय को एक धमकी भरा ईमेल मिला, जिसमें अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा और दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम को निशाना बनाने की बात कही गई है।

ईमेल में सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा का उल्लेख किया गया है। इसके साथ ही 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाला दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट भी धमकी के दायरे में बताया गया है।

धमकी मिलने के बाद मुंबई पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने कार्रवाई की। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) मुख्यालय और अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा की तलाशी ली गई। हालांकि, अब तक तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने की जानकारी सामने आई है।

मुंबई में फिल्मी हस्तियों और मनोरंजन जगत से जुड़े कार्यक्रमों को लेकर सामने आई इस धमकी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना के बाद अब अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ को धमकी मिलने का मामला सामने आया है। पुलिस की तलाशी के दौरान संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने के बावजूद, इस मामले ने मुंबई में फिल्मी हस्तियों और बड़े आयोजनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Next Story