लोकप्रिय रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' का 18वां सीजन होस्ट कर रहे महानायक अमिताभ बच्चन ने शो छोड़ने को लेकर एक बड़ा और भावुक हिंट दिया है, जिससे उनके चाहने वाले फैंस का दिल टूट गया है। साल 2000 में इस शो के आगाज के बाद से ही बिग बी ने इसकी कमान संभाली है। केवल तीसरे सीजन को छोड़कर, जिसे शाहरुख खान ने होस्ट किया था, वह लगातार इस मंच पर बने हुए हैं।

हाल ही में अपने नए ब्लॉग में अमिताभ बच्चन ने शो के साथ अपने लंबे जुड़ाव और इसके भविष्य को लेकर खुलकर बात की है। उन्होंने बताया कि कुछ कंटेस्टेंट्स अपनी इतनी दर्दनाक और दिल दहला देने वाली निजी कहानियां लेकर इस मंच पर आते हैं, जिन्हें सुनना और संभालना उनके लिए बेहद कठिन हो गया है। उन्होंने अपने ब्लॉग में लिखा कि इन परिस्थितियों में न केवल कंटेस्टेंट्स के प्रति अपनी भावनाओं को संभालना मुश्किल होता है, बल्कि लगातार शो को होस्ट करते रहना भी मानसिक रूप से बेहद कठिन हो गया है।

बिग बी ने आगे लिखा कि वह इस बारे में ज्यादा बात नहीं करना चाहते क्योंकि इससे उस समझ पर असर पड़ सकता है जो एक होस्ट चैनल को देता है। उन्होंने इसे एक दिल तोड़ने वाला अनुभव बताते हुए साफ शब्दों में संकेत दिया कि अब वह रिटायर होना चाहते हैं क्योंकि काफी देर हो चुकी है और 'रात बुला रही है'। उनके इस भावुक संदेश ने सोशल मीडिया पर खलबली मचा दी है।

बता दें कि इससे पहले साल 2025 में भी 'केबीसी' के 17वें सीजन के प्रीमियर से पहले ऐसी खबरें सुर्खियों में आई थीं कि अमिताभ बच्चन कुछ निजी कारणों से शो छोड़ सकते हैं। उस दौरान 'बॉलीवुड हंगामा' की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि अभिनेता शो से किनारा कर सकते हैं और उनकी जगह सलमान खान छोटे पर्दे पर नजर आ सकते हैं। रिपोर्ट के एक सूत्र के हवाले से कहा गया था कि सलमान खान छोटे परदे के किंग हैं और छोटे शहरों के दर्शकों के साथ उनका मजबूत जुड़ाव उन्हें बिग बी की जगह लेने के लिए सबसे काबिल बनाता है। हालांकि, उन चर्चाओं के बीच अब खुद अमिताभ बच्चन द्वारा दिए गए इस ताजा संकेत ने फैंस की चिंता और बढ़ा दी है।

Lalita Rajput

Lalita Rajput

इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।

Next Story