सन नियो के शो ‘दिव्य प्रेम: प्यार और रहस्य की कहानी’ में मीशा की भूमिका निभा रहीं अभिनेत्री अंबिका वाणी पर्दे पर एक ऐसा किरदार निभाना चाहती हैं, जिसमें रानी जैसी शालीनता और योद्धा जैसा साहस हो। उनकी ख्वाहिश है कि उन्हें फिल्म ‘बाहुबली’ की देवसेना की तरह एक मजबूत और निडर महिला का किरदार निभाने का अवसर मिले।

अंबिका वाणी के अनुसार, देवसेना का किरदार शालीनता और साहस का बेहतरीन मेल है। देवसेना अपनी खूबसूरती और व्यक्तित्व से प्रभावित करने के साथ ही निडरता और मुश्किल परिस्थितियों में डटकर खड़े रहने के जज़्बे के लिए भी खास हैं। यही खूबियां अंबिका को इस किरदार की ओर आकर्षित करती हैं।

अभिनेत्री भविष्य में ऐसा ही किरदार निभाना चाहती हैं, जिसमें पारंपरिक अंदाज़ के साथ एक्शन, भावनाओं और मजबूत सोच का समावेश हो। वह ऐसा चरित्र पर्दे पर उतारना चाहती हैं, जो अपने आत्मविश्वास और हिम्मत के दम पर दर्शकों को प्रेरित कर सके।

अपने पसंदीदा किरदार और अभिनय की ख्वाहिश के बारे में अंबिका वाणी कहती हैं, "मैं ऐसा किरदार निभाना चाहती हूँ, जिसमें एक रानी जैसी शालीनता और एक योद्धा जैसा साहस हो। देवसेना मुझे इसलिए पसंद हैं, क्योंकि वह अपनी बात मजबूती से रखती हैं और किसी भी मुश्किल के सामने हार नहीं मानतीं। मैं भी ऐसा किरदार निभाना चाहती हूँ, जो अपने आत्मविश्वास और हिम्मत से लोगों को प्रेरित करे।"

अंबिका के लिए ऐसे किरदार निभाना खास होगा, जो केवल खूबसूरती तक सीमित न हों, बल्कि अपनी हिम्मत, समझदारी और मजबूत इरादों के जरिए भी दर्शकों के दिलों में जगह बनाएं।

फिलहाल दर्शक अंबिका वाणी को ‘दिव्य प्रेम: प्यार और रहस्य की कहानी’ में मीशा के किरदार में देख सकते हैं। यह शो हर सोमवार से शनिवार, शाम 7 बजे, सिर्फ सन नियो पर प्रसारित होता है।

Next Story