पिछले कई हफ्तों से दर्शकों के बीच मिहिर की वापसी को लेकर चल रही चर्चाओं और अटकलों पर अब विराम लग गया है। स्टार प्लस ने नया प्रोमो जारी कर पुष्टि कर दी है कि अमर उपाध्याय मिहिर विरानी के रूप में 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में वापसी कर रहे हैं। गणेश चतुर्थी के खास मौके पर होने जा रही यह घर वापसी शो के दर्शकों के लिए खास बन गई है।

मिहिर की वापसी को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे कि क्या वह दोबारा शांतिनिकेतन लौटेंगे। अब प्रोमो के जरिए साफ हो गया है कि तुलसी की प्रार्थना पूरी होने जा रही है और मिहिर एक बार फिर विरानी परिवार के बीच नजर आएंगे। मिहिर को दोबारा शांतिनिकेतन में देखने का इंतजार कर रहे लाखों प्रशंसकों के लिए भी यह वापसी खास है।

अपनी चर्चित वापसी को लेकर अमर उपाध्याय ने कहा, "मिहिर मेरे लिए सिर्फ एक किरदार नहीं है। वह मेरी जिंदगी और मेरे सफर का बेहद अहम् हिस्सा रहा है। इतने वर्षों में दर्शकों ने मिहिर को जो प्यार दिया है, उसे मैंने हमेशा अपने दिल के करीब रखा है। पिछले कुछ समय से मिहिर की वापसी को लेकर काफी चर्चा हो रही थी। मेरे प्रशंसक लगातार मुझसे पूछ रहे थे कि मैं शो में कब लौटूँगा। उनका यह उत्साह देखकर मेरी घर वापसी और भी खास हो गई है। शांतिनिकेतन लौटना और तुलसी व पूरे विरानी परिवार के बीच एक बार फिर मिहिर बनकर खड़ा होना पुरानी यादों को ताजा कर देता है। सच कहूँ तो ऐसा लग रहा है, जैसे मैं अपने घर लौट आया हूँ। हालाँकि, इस दौरान बहुत कुछ बदल चुका है। रिश्तों ने नए मोड़ लिए हैं और मिहिर अब एक ऐसे परिवार में लौट रहा है, जो अपने सफर में कई उतार-चढ़ाव से गुजर चुका है। मैं यह देखने के लिए बेहद उत्साहित हूँ कि जब मिहिर दोबारा उनकी जिंदगी में कदम रखेगा, तो दर्शकों की क्या प्रतिक्रिया होगी।"

स्टार प्लस के 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में अमर उपाध्याय की मिहिर विरानी के रूप में वापसी को लेकर पिछले कुछ समय से दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई थी। अब नए प्रोमो ने इस बहुप्रतीक्षित वापसी की पुष्टि कर दी है। मिहिर के शांतिनिकेतन लौटने के साथ तुलसी और पूरे विरानी परिवार की कहानी में रिश्तों के नए मोड़ सामने आने की भूमिका तैयार हो गई है।

'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' हर दिन रात 10:30 बजे स्टार प्लस पर और कभी भी जियोहॉटस्टार पर देखा जा सकता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story