रक्षाबंधन पर पिता की परंपरा निभा रहे ‘हमारी राधा’ के अक्षय म्हात्रे, बहनों को बांधते हैं प्यार
रक्षाबंधन पर अक्षय म्हात्रे पिता की खास परंपरा निभाते हैं। जानिए उनकी बहनों से जुड़े इस रिश्ते और ‘हमारी राधा’ के नए मोड़ के बारे में।

तस्वीर में अभिनेता अक्षय म्हात्रे लाल शर्ट और ग्रे वेस्टकोट पहने हुए स्टूडियो में पोज देते हुए नजर आ रहे हैं।
अनमोल टीवी के शो ‘हमारी राधा’ में गिरधर का किरदार निभा रहे अक्षय म्हात्रे के लिए रक्षाबंधन का त्योहार बेहद खास है। अक्षय की कोई सगी बहन नहीं है, लेकिन रक्षाबंधन पर जिन बहनों से वे राखी बंधवाते हैं, उनके साथ उनका रिश्ता उनके पिता से जुड़ी एक खास परंपरा का हिस्सा है।
अक्षय के पिता की भी कोई सगी बहन नहीं थी। बचपन में उनके मोहल्ले की लड़कियां उन्हें राखी बांधती थीं। समय के साथ ये रिश्ते और मजबूत होते गए। अपने पिता को इन रिश्तों को प्यार से निभाते हुए देखकर अक्षय ने भी इस परंपरा को आगे बढ़ाने का फैसला किया। आज वे भी रक्षाबंधन पर अपनी बहनों से राखी बंधवाते हैं और इस रिश्ते को पूरे दिल से निभाते हैं।
अक्षय का मानना है कि रक्षाबंधन की सबसे बड़ी खूबसूरती यही है कि प्यार से बने रिश्तों को हर पीढ़ी आगे बढ़ाती रहे। समय के साथ राखी पर उपहार देने का तरीका जरूर बदल गया है। पहले अक्षय के पिता उन्हें अपनी बहनों के लिए उपहार खरीदने में मदद करते थे, जबकि अब उनकी पत्नी खुशी-खुशी यह जिम्मेदारी निभाती हैं।
रक्षाबंधन की इस खास परंपरा के बारे में अक्षय म्हात्रे ने कहा, "मेरे लिए रक्षाबंधन इसलिए खास है, क्योंकि यह उन रिश्तों को और भी मजबूत करने का दिन है, जिन्हें हम दिल से अपने साथ रखना चाहते हैं। न होते हुए भी आज मेरी बहनें हैं और उनके साथ यह त्योहार मनाकर मैं उस परंपरा को आगे बढ़ा रहा हूँ, जिसकी शुरुआत मेरे पिता ने की थी। पहले मेरे पिता मुझे गिफ्ट लेने में मेरी मदद करते थे और अब यह जिम्मेदारी मेरी पत्नी संभालती है। मुझे आज भी याद है कि कुछ साल पहले मैंने अपनी बहनों को चांदी की ज्वेलरी गिफ्ट की थी और उन्हें वह बहुत पसंद आई थी। मेरे लिए रक्षाबंधन की यही खूबसूरती है, कुछ परंपराएं प्यार और उनसे जुड़ी यादों की वजह से खास बन जाती हैं। मुझे खुशी है कि मैं इस परंपरा को आगे बढ़ा रहा हूँ।"
वहीं, शो ‘हमारी राधा’ की कहानी अब एक भावुक मोड़ लेने वाली है। गिरधर (अक्षय म्हात्रे) को लेकर राधा के मन में बढ़ता शक अब उनके रिश्ते के भरोसे को चुनौती देने लगा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या राधा का यह शक उसे गिरधर और शनाया (वैदेही नायर) के रिश्ते की सच्चाई तक पहुंचाएगा।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
