नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी ओरिजिनल वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' की रिलीज से पहले ही भारत में विवाद शुरू हो गया है। अभिनेता फवाद खान और माहिरा खान अभिनीत इस सीरीज के खिलाफ ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने मोर्चा खोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भारत में इसकी रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है। संगठन ने नेटफ्लिक्स इंडिया सहित सभी ओटीटी मंचों पर पाकिस्तानी सामग्री के प्रसारण को रोकने के लिए स्थायी कानून बनाने की भी अपील की है।

नेटफ्लिक्स ने हाल ही में सीरीज का पहला पोस्टर जारी करने के साथ इसकी रिलीज की तारीख घोषित की थी। इसके महज 48 घंटे बाद AICWA ने देशभर में इस सीरीज पर प्रतिबंध लगाने की मांग उठा दी। हालांकि, नेटफ्लिक्स और सीरीज के निर्माताओं की ओर से अब तक आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि भारतीय दर्शक इस सीरीज को देख सकेंगे या नहीं।

नेटफ्लिक्स MENA के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर 22 नवंबर को सीरीज का पोस्टर साझा किया गया था। इसके साथ लिखा गया, "तीन पीढ़ियां, छह प्रेम कहानियां और एक सवाल: क्या हमारे दिलों में मौजूद प्यार पर्याप्त है? 'जो बचे हैं संग समेट लो' यानी 'ऑल द लव आवर हार्ट्स कैरी' 4 दिसंबर को केवल और केवल नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।"

सीरीज की आधिकारिक कहानी के अनुसार, इसमें तीन पीढ़ियों के जोड़ों की प्रेम कहानियां दिखाई गई हैं। पात्र प्रेम की तलाश करते हैं, वैवाहिक जीवन की परेशानियों का सामना करते हैं और पारिवारिक अपेक्षाओं के बीच अपने रिश्तों को समझने की कोशिश करते हैं। कहानी में अतीत के फैसलों का उनके वर्तमान और भविष्य की खुशियों पर पड़ने वाले प्रभाव को भी दिखाया गया है।

मंगलवार को ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर पाकिस्तानी सीरीज को नेटफ्लिक्स इंडिया पर रिलीज होने से रोकने की मांग की। संगठन ने अपने पत्र में कहा कि उसने इस सीरीज पर प्रतिबंध के साथ-साथ कड़े प्रावधानों और सख्त दंड वाला स्थायी कानून बनाने की मांग भी की है।

AICWA ने अपने बयान में कहा, 'पाकिस्तान एक आतंकवादी देश था, है, और रहेगा। उसकी सीरीज, फिल्में, गाने, पॉडकास्ट और अन्य किसी भी तरह की सामग्री को भारतीय पर्दों पर जगह नहीं मिलनी चाहिए।' संगठन ने नेटफ्लिक्स इंडिया और देश में संचालित सभी ओटीटी मंचों से पाकिस्तानी सामग्री का प्रसारण नहीं करने की अपील की।

अपनी मांग के समर्थन में संगठन ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के मई 2025 के परामर्श का भी उल्लेख किया। AICWA के पत्र के मुताबिक, पुलवामा हमले के बाद संगठन ने पाकिस्तानी कलाकारों के भारतीय फिल्म उद्योग में काम करने पर प्रतिबंध लगाया था। इसके बाद पहलगाम हमले के बाद भारत सरकार ने भी पाकिस्तानी कलाकारों और सामग्री पर प्रतिबंध लगाए थे।

पत्र में 8 मई 2025 को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से जारी परामर्श का हवाला देते हुए कहा गया कि भारत में संचालित सभी ओटीटी मंचों, स्ट्रीमिंग सेवाओं और मध्यस्थों को पाकिस्तान से संबंधित सामग्री का प्रसारण बंद करने के लिए कहा गया था। इसमें वेब सीरीज, फिल्में, गाने, पॉडकास्ट और अन्य स्ट्रीमिंग सामग्री शामिल थी।

AICWA ने कहा कि ऐसी स्थिति में इस सीरीज को रिलीज करना मंत्रालय के परामर्श की भावना और देश की भावनाओं के सीधे विपरीत है। संगठन ने सोशल मीडिया पर भी अपना रुख साझा करते हुए संदेश दिया, 'आतंकवाद को तालियां नहीं, राष्ट्र सबसे पहले।' इसके साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र की जानकारी देते हुए 4 दिसंबर को प्रस्तावित रिलीज रोकने की मांग दोहराई।

फवाद खान और माहिरा खान की मुख्य भूमिकाओं वाली इस सीरीज की कहानी फरहत इश्तियाक के बेस्टसेलिंग उर्दू उपन्यास पर आधारित है। फरहत इश्तियाक 'हमसफर' की लेखिका भी हैं। इसी धारावाहिक ने फवाद खान और माहिरा खान को सीमापार लोकप्रियता दिलाई थी। नई सीरीज में उनका निर्माता मोमिना दुरैद के साथ पुराना रचनात्मक सहयोग भी आगे बढ़ रहा है।

सीरीज में फवाद खान और माहिरा खान के अलावा सनम सईद, अहद रजा मीर, हमजा अली अब्बासी, हानिया आमिर, इक़रा अजीज, माया अली, बिलाल अशरफ और खुशहाल खान भी शामिल हैं। इनके साथ नादिया खान, अहमद अली अकबर, अमीना शेख, नादिया जमील, उमैर राणा और समीना अहमद भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

सीरीज में दर्शकों को कई पुराने कलाकारों की जोड़ियां भी फिर देखने को मिलेंगी। फवाद खान इससे पहले सनम सईद के साथ 'जिंदगी गुलजार है' और 'बरज़ख' में काम कर चुके हैं। वहीं, माहिरा खान के साथ वह पाकिस्तान की अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म 'द लीजेंड ऑफ मौला जट्ट' में भी नजर आए थे।

4 दिसंबर को प्रस्तावित रिलीज से पहले AICWA की प्रतिबंध की मांग ने सीरीज को लेकर भारत में विवाद खड़ा कर दिया है। अब तक नेटफ्लिक्स या निर्माताओं की ओर से भारतीय दर्शकों के लिए इसकी उपलब्धता पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं आया है।

Next Story