आमिर खान प्रोडक्शंस ने 'वंस अपॉन अ माइक' प्लेटफॉर्म किया लॉन्च
आम लोगों को रैप, कविता और कहानी सुनाने का मंच देने के लिए कम्यून के सहयोग से शुरू की गई यह पहल; रैपर सानिया MQ करेंगी पहली प्रस्तुति।

तस्वीर में चश्मा पहने अभिनेता आमिर खान एक कार्यक्रम के दौरान तालियां बजाते हुए नजर आ रहे हैं।
आम लोगों की अनसुनी कहानियों और नई प्रतिभाओं को पहचान दिलाने के लिए आमिर खान प्रोडक्शंस ने ‘वंस अपॉन अ माइक’ की शुरुआत की है। भारतीय सिनेमा में अपनी अलग पहचान रखने वाला यह प्रोडक्शन हाउस अब सिल्वर स्क्रीन से आगे बढ़कर आम लोगों को अपनी आवाज और अनुभव दुनिया के सामने रखने का मंच दे रहा है। ‘कोम्यून’ के सहयोग से ‘आमिर खान टॉकीज़’ के तहत शुरू किया गया यह नया प्लेटफॉर्म एक अलग तरह का ओपन माइक अनुभव पेश करेगा।
दशकों से आमिर खान प्रोडक्शंस कलात्मक प्रतिभाओं, प्रभावशाली कहानी कहने की कला और सिनेमाई रचनात्मकता को मंच देने के लिए जाना जाता है। अब ‘वंस अपॉन अ माइक’ के जरिए प्रोडक्शन हाउस ने आम लोगों की वास्तविक आवाजों को बढ़ावा देने के अपने प्रयासों का विस्तार किया है। इस पहल के माध्यम से देश के कोने-कोने से आने वाले लोग कविता, रैप, स्पोकन वर्ड, कहानी सुनाने की कला और रचनात्मक अभिव्यक्ति के अन्य रूपों को प्रस्तुत कर सकेंगे।
इस प्लेटफॉर्म की पहली प्रस्तुति में मुंबई की रैपर सानिया MQ नजर आएंगी। अपनी ऊर्जा, अनुभवों और अनकहे सच को रैप के जरिए सामने लाने वाली सानिया इस पहल की शुरुआत कर रही हैं। इसका उद्देश्य ऐसी आवाजों को सामने लाना और उन्हें पहचान दिलाना है, जिन्हें अक्सर न तो अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और न ही उन्हें सुना जाता है।
आमिर खान ने सोशल मीडिया पर इस नए प्लेटफॉर्म की घोषणा करते हुए कहा, “ये वो महफिल है, जहां कहानियां उड़ान भरेंगी। अब आमिर खान टॉकीज़ पर आम लोग भी अपनी कहानियां सुनाएंगे! पेश है ‘वंस अपॉन अ माइक’, एक बिल्कुल नया ओपन माइक एक्सपीरियंस, जहां कविता, रैप, स्पोकन वर्ड, स्टोरी टेलिंग और इनके बीच आने वाली हर तरह की कला को जगह मिलेगी। यहां अंदाज अलग है और उस अंदाज की अपनी एक आवाज भी है!
इसकी शुरुआत कर रही हैं सानिया MQ, गोविंद की एक रैपर हैं और अपनी दुनिया, अपने अनुभवों और अपनी आवाज को माइक के जरिए लोगों तक पहुंचा रही हैं। उनकी परफॉर्मेंस एकदम असली, ईमानदार और उनकी अपनी पहचान को दिखाती है। सानिया साबित करती हैं कि कभी-कभी आपको बस एक बीट, कुछ रैप लाइन्स और कहने के लिए अपनी बात चाहिए होती है।”
इस घोषणा के साथ आमिर खान प्रोडक्शंस ने मुख्यधारा के मनोरंजन और जमीनी स्तर से उभरने वाले कलाकारों के बीच की दूरी कम करने की दिशा में एक और पहल की है। ‘वंस अपॉन अ माइक’ के जरिए कविता, रैप, कहानी और अन्य रचनात्मक विधाओं से जुड़े लोगों को अपनी प्रतिभा और अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा। यह मंच भारत में कहानियां सुनाने और विभिन्न आवाजों को पहचान दिलाने के प्रयासों का हिस्सा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
