भारतीय सिनेमा के परिदृश्य में अपनी एक विशिष्ट और अमिट छाप छोड़ने वाला ‘आमिर खान प्रोडक्शंस’ आज अपनी स्थापना के 25 गौरवशाली वर्ष पूरे कर चुका है। दो दशकों से अधिक की इस यात्रा में, इस बैनर ने सार्थक, मनोरंजक और प्रभावशाली कहानी कहने की परंपरा को न केवल जीवित रखा, बल्कि उसे वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। रचनात्मकता और उत्कृष्टता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के चलते इस प्रोडक्शन हाउस ने भारतीय सिनेमा को मॉडर्न फिल्ममेकिंग की एक नई दिशा दी है और दुनिया भर के दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बनाई है।

वर्ष 2001 में फिल्म ‘लगान’ के साथ एक ऐतिहासिक शुरुआत करने वाले इस प्रोडक्शन हाउस ने अपने पहले ही प्रयास में वैश्विक पटल पर भारत का मान बढ़ाया था। यह फिल्म बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज कैटेगरी में ऑस्कर नामांकन प्राप्त करने वाली तीसरी भारतीय फिल्म बनी, जो किसी भी प्रोडक्शन हाउस के लिए एक अद्वितीय उपलब्धि है। अपनी इस पहली फिल्म से ही आमिर खान प्रोडक्शंस ने यह सिद्ध कर दिया था कि यह बैनर लीक से हटकर कहानियों को मंच देने के लिए समर्पित है। आज भी ‘लगान’ को भारतीय सिनेमा की सबसे प्रतिष्ठित और कल्ट फिल्मों में शुमार किया जाता है।

अपने सफर को आगे बढ़ाते हुए इस बैनर ने ‘तारे ज़मीन पर’, ‘पीपली लाइव’ और ‘दंगल’ जैसी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराही गई फिल्मों का निर्माण किया है। विशेष रूप से ‘दंगल’ ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक सफलता दर्ज की और यह अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों में से एक बनी। महावीर सिंह फोगाट और उनकी बेटियों के जीवन पर आधारित इस फिल्म ने न केवल देश में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया। गौर करने वाली बात यह है कि ‘लगान’ से लेकर हालिया फिल्म ‘लापता लेडीज़’ (2024) तक, इस प्रोडक्शन हाउस की कई फिल्मों को ऑस्कर में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में भेजा गया है, जो इसकी गुणवत्ता और प्रासंगिकता का प्रमाण है।

आमिर खान प्रोडक्शंस ने केवल फिल्मों का निर्माण ही नहीं किया, बल्कि नए और उभरते हुए फिल्ममेकर्स, लेखकों और कलाकारों को एक सशक्त मंच प्रदान करके भारतीय सिनेमा में नए टैलेंट को भी प्रोत्साहित किया है। इनमें से कई कलाकार आज फिल्म उद्योग में स्थापित नाम बन चुके हैं। 25 वर्षों का यह सफर रचनात्मकता, उत्कृष्टता और उन कहानियों के प्रति जुनून का प्रतिबिंब है, जो लंबे समय तक दर्शकों के जेहन में बनी रहती हैं। यह प्रोडक्शन हाउस आज भी अपनी उस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ा रहा है, जिसने भारतीय सिनेमा की कहानी कहने की कला को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story