संजय दत्त की फिल्म आखिरी सवाल का टीजर रिलीज, समीरा रेड्डी की वापसी
फिल्म आखिरी सवाल के जरिए समीरा रेड्डी लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर लौट रही हैं, फिल्म का निर्देशन अभिजीत मोहन वारंग ने किया है।

फिल्म आखिरी सवाल के पोस्टर में अभिनेत्री समीरा रेड्डी (बाएं) और अभिनेता संजय दत्त (दाएं) नजर आ रहे हैं, यह फिल्म 8 मई 2026 को रिलीज होगी।
संजय दत्त की फिल्म ‘आखिरी सवाल’ इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में शुमार हो चुकी है और इसकी रिलीज का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। फिल्म ने अपनी अनाउंसमेंट के साथ ही जबरदस्त सुर्खियां बटोरीं और अब हनुमान जयंती के मौके पर जारी किया गया टीजर इसे और चर्चा में ले आया है। टीजर में दुनिया के सबसे बड़े स्वयंसेवी संगठन, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के इतिहास की एक ऐसी झलक दिखाई गई है, जो पहले कभी सामने नहीं आई।
इस फिल्म के जरिए समीरा रेड्डी बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं और उन्होंने अपने कमबैक को लेकर खुलकर बात की है। समीरा रेड्डी ने कहा, “मैंने फिल्मों में वापसी सिर्फ सुरक्षित रोल करने के लिए नहीं की है, और ‘आखिरी सवाल’ तो बिल्कुल भी कंफर्टेबल फिल्म नहीं है। RSS को लेकर मेरी समझ बहुत कम थी और जो भी थी, वह आधी-अधूरी जानकारी पर टिकी थी। लेकिन स्क्रिप्ट पढ़ने के बाद मुझे एहसास हुआ कि बहुत सी बातें वैसी नहीं थीं जैसी दिखती थीं। यह बात मेरे दिल में बैठ गई।”
उन्होंने आगे कहा, “यह कोई ऐसी फिल्म नहीं है जो आपको दिलासा दे, बल्कि यह आपको बेचैन करती है, आपके विश्वास को चुनौती देती है और आपको उन चीजों पर सवाल उठाने के लिए मजबूर करती है जिन्हें आप हमेशा से सच मानते आए हैं। मैं चाहती थी कि मेरी वापसी निडर हो, जो बहस छेड़े, और यह फिल्म बिल्कुल वही करती है।”
‘आखिरी सवाल’ का निर्देशन नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्ममेकर अभिजीत मोहन वारंग ने किया है। फिल्म को निखिल नंदा प्रस्तुत कर रहे हैं, जबकि इसके प्रोड्यूसर निखिल नंदा और संजय दत्त हैं। पुनीत नंदा, डॉ. दीपक सिंह, गौरव दुबे और उज्जवल आनंद फिल्म के को-प्रोड्यूसर हैं। फिल्म की कहानी, पटकथा और संवाद उत्कर्ष नैथानी ने लिखे हैं।
यह फिल्म 8 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। अपनी विषयवस्तु और प्रस्तुति के कारण ‘आखिरी सवाल’ न केवल एक सिनेमाई अनुभव बनने जा रही है, बल्कि यह दर्शकों के बीच गंभीर बहस को भी जन्म देने की क्षमता रखती है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
